Hockey 2018: वर्ल्ड चैंपियन बनने की होड़ में फिर आमने-सामने होंगे भारत-पाक
क्रिकेट के मैदान पर भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले 10 सालों से कोई द्वीपक्षीय सीरीज नहीं हुई है। भारत ने मुंबई में हुए 26/11 आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के साथ खेलने से इनकार कर दिया था। वहीं दूसरी ओर हॉकी के मैदान पर दोनों देश एक बार फिर आमने-सामने होंगे।
दरअसल भारत इस साल होने वाले हॉकी वर्ल्ड कप की मेजबानी कर रहा है। इसमें विश्व के कई टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें पाकिस्तान भी शामिल है। हॉकी के इस मेगा टूर्नामेंट में फैंस की नजरें खासतौर पर भारत-पाकिस्तान के मैच पर होगी। वर्ल्ड कप में दोनों देशों की टीमों के बीच यह मुकाबला उड़ीसा में खेला जाएगा।
हॉकी के दिग्गज आगामी वर्ल्ड कप में भारत को सबसे मजबूत दावेदार मान रहे हैं। इस साल होने वाले हॉकी वर्ल्ड कप की मेजबानी के लिए भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, मलेशिया और न्यूजीलैंड ने दावा पेश किया था, लेकिन मेजबानी करने का अवसर भारत को मिला।
2018 के हॉकी वर्ल्ड कप में अंतरराष्ट्रीय स्तर की कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी। इससे पहले 2014 के हॉकी वर्ल्ड कप में 12 टीमों ने हिस्सा लिया था। वहीं क्रिकेट के मैदान पर भारत-पाकिस्तान ने पिछले 10 सालों से कोई द्वीपक्षीय सीरीज नहीं खेली है। दोनों देशों की टीमें अब सिर्फ आईसीसी के ईवेंट में ही हिस्सा लेती हैं।