वंदना ने इतिहास रचा: क्वार्टरफाइनल में पहुंची महिला हॉकी टीम, ऑस्ट्रेलिया से होगी भिड़ंत
भारतीय टीम ने अपने आखिरी ग्रुप मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 4-3 से पटखनी दी। इस जीत के बाद भारत की नजर आयरलैंड और ग्रेट ब्रिटेन के मुकाबले पर थी। भारत को क्वार्टरफाइनल में पहुंचने के लिए आयरलैंड का हारना जरूरी था। हालांकि, हुआ भी ऐसा ही। आयरलैंच के हारते ही भारतीय हॉकी टीम क्वार्टरफाइनल में पहुंच गई। अब दो अगस्त को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच कड़ी टक्कर होगी।
विस्तार
भारतीय महिला हॉकी टीम क्वार्टरफाइनल में पहुंच गई है, जहां उसकी भिड़ंत ऑस्ट्रेलिया से होगी। दरअसल, पूल ए के मैच में ब्रिटेन ने आयरलैंड को 2-0 से हरा दिया। इसके साथ ही भारत क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर गया। बता दें कि वंदना के शानदार खेल की बदौलत ही भारतीय टीम ग्रुप ए का अपना आखिरी मुकाबला जीतने में सफल रही और क्वार्टरफाइनल की उम्मीदों को बरकरार रखा। भारतीय टीम ने अपने आखिरी ग्रुप मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 4-3 से पटखनी दी। इसके साथ ही भारतीय टीम ने टोक्यो ओलंपिक की अपनी दूसरी जीत हासिल की और ग्रुप ए में छह अंक लेकर चौथे स्थान पर रही। इस जीत के बाद भारत की नजर आयरलैंड और ग्रेट ब्रिटेन के मुकाबले पर थी। भारत को क्वार्टरफाइनल में पहुंचने के लिए आयरलैंड का हारना जरूरी था। हालांकि, हुआ भी ऐसा ही। अब दो अगस्त को भारतीय हॉकी टीम और ऑस्ट्रेलियाई टीम की भिड़ंत होगी। बता दें कि भारतीय हॉकी टीम ने 41 वर्षों में पहली बार ओलंपिक के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया है। इससे पहले भारतीय महिला टीम का ओलंपिक में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1980 में मास्को ओलंपिक में रहा जहां वह सेमीफाइनल में पहुंची थी लेकिन आखिर में उसे चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा था।
वंदना ने हैट्रिक लगाकर रचा इतिहास
भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया ने टोक्यो ओलंपिक में इतिहास रच दिया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में उन्होंने तीन गोल दागे और टीम की जीत में मुख्य भूमिका निभाई। इसी के साथ वंदना ओलंपिक इतिहास में हॉकी में हैट्रिक लगाने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं। 1984 के बाद किसी भारतीय ने ओलंपिक में हैट्रिक नहीं लगाई थी। बता दें कि इससे पहले आखिरी बार 1984 ओलंपिक में पुरुष हॉकी खिलाड़ी विनीत शर्मा ने गोल की हैट्रिक लगाई थी। मलयेशिया के खिलाफ मैच में उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की थी और भारत ने मुकाबले को 3-1 से जीता था।