{"_id":"5c117441bdec22416a475c5a","slug":"indian-hockey-team-captain-abused-and-thrown-out-of-vip-lounge-by-hockey-india-top-official","type":"story","status":"publish","title_hn":"भारतीय हॉकी खिलाड़ियों की सरेआम बेइज्जती, स्टेडियम में महिला अधिकारी ने कहा- 'गेट आउट'","category":{"title":"Hockey","title_hn":"हॉकी","slug":"hockey"}}
भारतीय हॉकी खिलाड़ियों की सरेआम बेइज्जती, स्टेडियम में महिला अधिकारी ने कहा- 'गेट आउट'
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
Updated Thu, 13 Dec 2018 02:19 AM IST
विज्ञापन
नीदरलैंड के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मैच की तैयारी में जुटे भारतीय हाकी खिलाड़ियों को उस समय शर्मिंदगी उठानी पड़ी जब हॉकी इंडिया की एक आला अधिकारी कलिंगा स्टेडियम के वीआईपी लाउंज में पूर्व खिलाड़ियों और अतिथियों के सामने कप्तान मनप्रीत सिंह समेत कई खिलाड़ियों पर बुरी तरह बरस पड़ी।
विज्ञापन
दरअसल, भारतीय कोच हरेंद्र सिंह, कप्तान मनप्रीत और कुछ खिलाड़ी मंगलवार को कनाडा और नीदरलैंड के बीच क्रॉसओवर मैच देखने आए थे चूंकि भारत को क्वॉर्टर फाइनल में नीदरलैंड से खेलना है।
विज्ञापन
इस बीच मनप्रीत और कुछ खिलाड़ी वीआईपी लाउंज में चले गए जहां खिलाड़ियों का जाना निषिद्ध है। उन्होंने वहां तस्वीरें खिंचवाई और ऑटोग्राफ भी दिए ।
वहीं इस अधिकारी ने उन्हें फटकार लगाते हुए कहा, 'गेट आउट आफ हियर। वाट आर यू डूइंग हियर।'
वहां भारत और दूसरे देशों के कई पूर्व खिलाड़ी मौजूद थे जिनमें से कुछ ने पूरी घटना का ब्यौरा सोशल मीडिया पर डाला और खिलाड़ियों के साथ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करने के लिए अधिकारी को लताड़ा ।
विज्ञापन
इस बारे में पूछने पर कप्तान मनप्रीत सिंह ने घटना स्वीकार की लेकिन कहा कि इसे तिल का ताड़ बनाकर पेश किया गया ।
उन्होंने कहा, 'गलती हमारी थी और हमें वहां नहीं जाना चाहिए था। वहां खिलाड़ियों का जाना मना था लेकिन यह छोटा सा मसला था। इसे तिल का ताड़ बनाकर पेश किया गया। रात में बात हुई थी और यह कोई मसला ही नहीं था। हमारे उस अधिकारी के साथ काफी अच्छे संबंध है।'
उन्होंने इस बात से भी इनकार किया कि हॉकी इंडिया की ओर से उन पर घटना का खंडन करने का कोई दबाव है। उन्होंने कहा, 'मुझ पर कोई दबाव नहीं है और मैं मीडिया से अपील करना चाहता हूं कि तथ्यों को ही छापे।'