हॉकी: मैच खत्म होने के 2 मिनट पलटी बाजी..., इस खिलाड़ी के गोल से वाराणसी को मिली जीत; जानें खास
हॉकी प्रतियोगिता में जूनियर खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। टाइगर क्लब और वाराणसी हॉकी क्लब के खिलाड़ियों ने अटैक और काउंटर अटैक किया। दर्शक भी उनका उत्साह बढ़ाते दिखे।
विस्तार
Hockey: जिला सब जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता में कांटे का मुकाबला देखने को मिला। मैच समाप्त होने से दो मिनट पहले वाराणसी हॉकी क्लब के राहुल पटेल ने गोल कर टीम को जीत दिला दी। हॉकी वाराणसी की ओर से जिलास्तरीय हॉकी प्रतियोगिता खेली जा रही है।
परमानंदपुर के विकास इंटर काॅलेज के मैदान पर खेले गए मैच में दोनों टीमों ने अटैक और काउंटर अटैक किया। खेल के 11वें मिनट में हरीश सोनकर के सटीक क्रॉस पास पर धीर प्रजापति ने शानदार गोल कर वाराणसी हॉकी क्लब को 1-0 की बढ़त दिला दी।
छह मिनट बाद ही टाइगर क्लब के अंकित यादव ने एकल प्रयास से गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। हाफ टाइम तक यही स्कोर कायम रहा। दूसरे हाफ में वाराणसी हॉकी क्लब ने अपनी रणनीति में बदलाव कर आक्रामक हमला किया जिसे टाइगर क्लब ने विफल कर दिया।
दूसरे हाफ के दूसरे मिनट पर मृत्युंजय रावत ने स्कूप द्वारा गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया। काउंटर अटैक करते हुए खेल के 31वें मिनट में टाइगर क्लब के सिद्धार्थ पटेल ने गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। मैच समाप्त होने से दो मिनट पहले वाराणसी हॉकी क्लब के फाॅर्वर्ड खिलाड़ी राहुल पटेल ने तेज शॉर्ट लगाकर गोल किया और टीम का स्कोर 3-2 कर दिया।
इसके साथ ही वाराणसी हॉकी टीम ने एक गोल के अंतर से मैच जीत लिया। अगर मैच बराबर रहता तो अंकों के आधार पर वाराणसी हॉकी क्लब लीग से बाहर हो जाता। इस जीत के साथ टीम ने अगले चक्र में प्रवेश कर लिया। निर्णायक की भूमिका जावेद खान और आयुष ने निभाई।