विराट कोहली को एक नहीं दो मुकाबलों में मिली हार
रविवार का दिन टीम इंडिया के लिए अनलकी रहा। लेकिन विराट कोहली के लिए यह दिन दो झटके लेकर आया। उनकी फुटबॉल टीम गोवा एफसी मैच हार गई। गोवा का मुकाबला चेन्न्ाईयन के साथ था।
चेन्नईयन के स्टीवन मेंडोजा ने इंडियन सुपर लीग सीजन-2 की पहली हैट्रिक जड़ते हुए एफसी गोवा को 4-0 से हरा दिया। यह तीसरे मैच में चेन्नईयन की पहली जीत है, इससे पहले दोनों मैचों में चेन्नईयन को हार का सामना करना पड़ा था।
चेन्नईयन की टीम ने रविवार को आक्रामक खेल दिखाया। मेंडोजा ने 10वें, 63वें और 75वें मिनट में गोल किए। अन्य गोल टीम के कप्तान और मर्की प्लेयर एलेनो ब्लूमर ने 43वें मिनट में किया। कोलंबिया के मेंडोजा ने अपनी तेज गति से कोच जिको की गोवा टीम को दबाव में रखा।
गोवा का न मिडफिल्डर चला न रक्षण
नेहरू स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मेजबान टीम के खिलाड़ी दबाव में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके। मेंडोजा ने दसवें मिनट में चेन्नईयन का खाता खोला और मध्यांतर से पहले एलेनो के गोल से टीम 2-0 से आगे हो गई।
दूसरे हाफ में मेंडोजा ने दो और गोल कर टीम को शानदार जीत दिला दी। गोवा की टीम के मिडफील्डर नहीं चल पाए और दबाव में रक्षण बिखर गया। दूसरे हाफ में उसे गोल का एक मौका मिला था लेकिन स्थानापन्न खिलाड़ी सी एस सबीत का शॉट गोलपोस्ट से टकराकर रह गया।
जब गोवा के कोच जिको ने तीनों स्थानापन्न खिलाड़ियों का बदलाव कर लिया तब डिफेंडर लूसियो के चोटिल होने से उन्हें अंतिम दस मिनट में दस खिलाड़ियों से भी खेलना पड़ा। गोवा की टीम ने वही टीम उतारी थी जिसने पहले दो मैचों में हिस्सा लिया था लेकिन चेन्नईयन के कोच मार्को मैटराजी ने अपनी टीम में चार बदलाव किए थे।