भारत-दक्षिण अफ्रीका टेस्ट देखने नहीं पहुंचेंगे गांगुली, फुटबॉल की इस लीग में रहेंगे मौजूद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व दिग्गज और भारतीय क्रिकेट के सफलतम कप्तानों में से एक सौरव गांगुली अब भारतीय क्रिकेट बोर्ड की कमान संभालने वाले हैं। गांगुली 23 अक्तूबर के दिन आधिकारिक तौर पर बीसीसीआई के अध्यक्ष बन जाएंगे। हालांकि क्रिकेट के अलावा गांगुली देश में होने वाले फुटबॉल टूर्नामेंट (इंडियन सुपर लीग) का चेहरा भी हैं। यही कारण है कि गांगुली इस लीग के ओपनिंग सेरेमनी में शामिल होंगे।
आईएसएल फ्रेंचाइजी के हैं सह मालिक
रविवार से कोच्चि में शुरू हो रहे नए सत्र के पहले मुकाबले में केरल ब्लास्टर्स का सामना दो बार के चैंपियन एटीके से होगा। संयोग से गांगुली आईएसएल फ्रेंचाइजी एटीके के सह मालिक भी हैं।
रांची टेस्ट में नहीं हो पाएंगे शामिल
भारत-दक्षिण अफ्रीका के आखिरी टेस्ट में शामिल होने के सवाल पर गांगुली ने बुधवार को ईडन गार्डन स्टेडियम में कहा, ‘‘मैं इस बार आईएसएल का चेहरा हूं और उनके लिये शूट कर रहा हूं। इसलिए मुझे केरल में उद्घाटन समारोह में उपस्थित रहना होगा और इस वजह से मैं रांची टेस्ट मैच में नहीं रहूंगा। ’’
बीसीसीआई के भावी अध्यक्ष को रांची में रहना था लेकिन नए घटनाक्रम का मतलब है कि गांगुली आईएसएल के उदघाटन समारोह में भाग लेने के बाद अगले दिन मुंबई पहुंचकर 23 अक्तूबर को बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में इसके अध्यक्ष का पद भार संभालेंगे।
वहीं गांगुली ने अपनी नयी जिम्मेदारी के कारण इंडियन प्रीमियर लीग की फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स के मेंटर का पद छोड़ दिया है। गांगुली सिर्फ बंगाली टीवी कार्यक्रम दादागीरी और विज्ञापन ही कर पाएंगे, बाकी सब बंद हो जाएगा।