ब्राजील के अभ्यास मैच में नेमार की फिटनेस पर नजर, जबर्दस्त ड्रिब्लिंग से जीतते हैं फैंस का दिल
ब्राजील रविवार को क्रोएशिया के खिलाफ अभ्यास मैच में उतरेगी तो उसकी निगाह अपने स्टार स्ट्राइकर नेमार की फिटनेस पर रहेगी। पिछले विश्व कप में चार गोल करने वाले ने फरवरी में पांव में चोट लग जाने के बाद एक भी मैच नहीं खेला है।
छब्बीस वर्षीय नेमार बृहस्पतिवार को अभ्यास सत्र के दौरान जरूर मैदान में उतरे थे। रूस में 14 जून से होने वाले विश्व कप से दो हफ्ते पहले ब्राजील के फर्नांडिन्हो ने कहा कि अभ्यास के दौरान नेमार ने जिस तरह ड्रिब्लिंग की, उससे लग रहा है कि वह पूरी तरह फिट हैं।
वह अपनी फिटनेस को लेकर आश्वस्त हैं जो काफी महत्वपूर्ण है। वे बड़े निर्भीक होकर खेल रहे थे जो विश्व कप से पहले सौ प्रतिशत आत्मविश्वास हासिल करने की दिशा में पहला कदम है। वे हमारी टीम के लिए बेशकीमती हैं। चोट से वापसी करना आसान नहीं होता। पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील के खिलाड़ियों ने विश्व कप के पहले अभ्यास मैच से पहले टोटेनहम में एक हफ्ते के शिविर में हिस्सा लिया है।
अभ्यास मैच में लिवरपुल के दर्शकों को फिलिप कोटिन्हो को एक्शन में देखने का मौका फिर मिलेगा। पिछली बार विश्व कप में ब्राजील की टीम सेमीफाइनल में जर्मनी से 1-7 से बुरी तरह हार गई थी। टीम के कप्तान थिएगो सिल्वा का कहना है कि हम इस बार खिताब का दावा तो नहीं करते लेकिन हम बेहतरीन फुटबॉल दिखाने का वादा जरूर करते हैं।
आस्ट्रिया के साथ अभ्यास मैच 10 को
क्रोएशिया के खिलाफ अभ्यास मैच में नेमार स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में उतर सकते हैं क्योंकि विश्व कप में 17 जून को स्विट्जरलैंड के खिलाफ होने वाले अपने पहले मैच से पूर्व ब्राजील के कोच टिटे अनावश्यक जोखिम नहीं लेना चाहेंगे। ब्राजील का एक अभ्यास मैच 10 जून को विएना में आस्ट्रिया के साथ भी है। उसमें भी नेमार को मैच प्रैक्टिस का मौका मिलेगा।