अदालत पहुंचा मिनर्वा पंजाब, श्रीनगर में आईलीग मैच को लेकर ठनी
गत चैम्पियन मिनर्वा पंजाब एफसी ने पुलवामा आतंकवादी हमले के मद्देनजर श्रीनगर से आई लीग फुटबाल मैच अन्यत्र स्थानांतरित नहीं करने के एआईएफएफ के फैसले के खिलाफ दिल्ली उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर दी।
मिनर्वा पंजाब ने कहा कि सुरक्षा आश्वासन नहीं मिलने के कारण वे श्रीनगर खेलने नहीं गए हालांकि मेजबान टीम मैदान पर उतरी थी। एआईएफएफ ने अभी तक मैच को जब्त नहीं बताया है । फीफा के दिशा निर्देशों के अनुसार मैच जब्त होने पर मैदान पर आने वाली टीम को पूरे अंक दिये जाएंगे ।
मिनर्वा पंजाब एफसी के मालिक रंजीत बजाज ने कहा, 'हमने दिल्ली उच्च न्यायालय में रिट याचिका दायर कर दी है ताकि हमें ऐसे समय में श्रीनगर में खेलने को मजबूर नहीं किया जाए।'
उन्होंने कहा, 'आज भी 12 घंटे चली मुठभेड़ में चार सैनिक शहीद हो गए । इसके बाद भी वे कह रहे हैं कि हम वहां जाकर फुटबाल खेले।'
आईलीग के सीईओ सुनंदो धर ने एक बयान में कहा, 'श्रीनगर में स्थानीय सुरक्षा अधिकारियों ने मैच कराने के लिये मंजूरी दे दी है । एआईएफएफ ने आश्वासन दिया है कि खिलाड़ियों और अधिकारियों की सुरक्षा के पूरे इंतजाम किये जाएंगे।'
रीयल कश्मीर के मैचों को लेकर एआईएफएफ के जवाब का इंतजार कर रहा है ईस्ट बंगाल
ईस्ट बंगाल ने सोमवार को कहा कि रीयल कश्मीर फुटबाल क्लब के खिलाफ श्रीनगर में आई लीग के आगामी मुकाबले के लिये उन्हें एआईएफएफ के जवाब का इंतजार है। ईस्ट बंगाल को 10 फरवरी को रीयल कश्मीर एफसी से खेलना था लेकिन भारी बर्फबारी के कारण मुकाबला 28 फरवरी तक स्थगित कर दिया गया।
पुलवामा में 14 फरवरी को हुए आतंकवादी हमले के बाद ईस्ट बंगाल ने स्थान में परिवर्तन के लिये एआईएफएफ को पत्र लिखा है। ईस्ट बंगाल के सीईओ संजीत सेन ने कहा, 'हमने एआईएफएफ को पत्र लिखा है और हमें जवाब का इंतजार है । जवाब मिलने के बाद ही हम कोई फैसला लेंगे।'
गत चैम्पियन मिनर्वा पंजाब ने सोमवार को रीयल कश्मीर के खिलाफ श्रीनगर में मैच नहीं खेला। पंजाब की टीम ने कहा कि अगर एआईएफएफ उस मैच के लिये रीयल कश्मीर को तीन अंक देता है तो वह कानून की शरण ले सकती है।