कोपा अमेरिका: मेसी की टीम अर्जेंटीना क्वार्टर फाइनल में, आखिरी ग्रुप मैच में कतर को 2-0 से हराया
- 27 को रियो डि जेनेरियो में वेनेजुएला से होगा सामना
विस्तार
लियोनल मेसी ने अपनी राष्ट्रीय टीम अर्जेंटीना के लिए मेजर खिताब जीतने की उम्मीदें कायम रखी हैं। अर्जेंटीना ने कोपा अमेरिका के अपने आखिरी ग्रुप मैच में कतर को 2-0 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए 28 जून को उसका सामना रियो डि जेनेरियो में वेनेजुएला से होगा। एल मार्टिनेज ने खेल के चौथे मिनट में ही गोल कर अर्जेंटीना को बढ़त दिला दी थी जो हाफ समय तक कायम रही। सर्जियो एगुआरो ने 82वें मिनट में बढ़त को 2-0 कर दिया। अर्जेंटीना ग्रुप बी में एक जीत, एक ड्रॉ और एक हार से चार अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
जीत के बाद अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी ने कहा कि, 'हमने अच्छा खेल खेला और जीत दर्ज की। गोल किसने भी किया हो जीत मायने रखती है। हमें आत्मविश्वास पाने के लिए ऐसी ही जीत की जरूरत थी।'
कोलंबिया रहा शीर्ष पर
ग्रुप बी में सभी तीनों मैच जीतकर नौ अंकों के साथ शीर्ष पर रहा। उसने अपने आखिरी मैच में पराग्वे को 1-0 से मात दी। कोलंबिया की पराग्वे पर जीत भी अर्जेंटीना को नॉकआउट दौर में पहुंचने में अहम रही।