फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Football ›   Lionel Messi vs Cristiano Ronaldo: Comparing International Stats, Goals, Assists, Penalties and Free Kicks

मेसी और रोनाल्डो के स्टैट की तुलना: पेनल्टी और फ्री किक में कौन आगे? बाएं या दाएं पैर से किसने कितने गोल किए?

Wed, 02 Sep 2026 08:39 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: स्वप्निल शशांक Updated Wed, 02 Sep 2026 08:39 AM IST
सार

लियोनल मेसी ने अर्जेंटीना के साथ 21 साल के अंतरराष्ट्रीय सफर को अलविदा कह दिया है। 207 मैच और 125 गोल के साथ विदा हुए मेसी अब क्रिस्टियानो रोनाल्डो से गोल के मामले में पीछे हैं, लेकिन असिस्ट, गोल योगदान, ड्रिबलिंग और नॉकआउट प्रदर्शन जैसे कई आंकड़ों में पुर्तगाली स्टार से आगे निकलते हैं।

विज्ञापन
Lionel Messi vs Cristiano Ronaldo: Comparing International Stats, Goals, Assists, Penalties and Free Kicks
मेसी बनाम रोनाल्डो स्टैट्स की तुलना - फोटो : ANI

विस्तार

लियोनल मेसी ने अपने 21 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर पर विराम लगा दिया है। 39 वर्षीय मेसी ने 207 मैचों में 125 गोल के साथ अलविदा कहा। उनका आखिरी मुकाबला 2026 विश्वकप फाइनल था, जहां अर्जेंटीना को स्पेन के खिलाफ 0-1 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, यह मेसी के फुटबॉल से संन्यास का एलान नहीं है; वह क्लब स्तर पर खेलना जारी रखेंगे।

विज्ञापन


मेसी के अंतरराष्ट्रीय करियर के खत्म होने के साथ ही फुटबॉल की सबसे पुरानी बहस एक बार फिर तेज हो गई है, मेसी या क्रिस्टियानो रोनाल्डो, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कौन बेहतर रहा? जहां तक बात है मेसी और रोनाल्डो के टक्कर की तो गोल की संख्या में रोनाल्डो आगे हैं, लेकिन असिस्ट, गोल योगदान, ड्रिबलिंग, की-पास और बड़े मुकाबलों में प्रभाव के कई आंकड़े मेसी के पक्ष में जाते हैं। 

विज्ञापन

रोनाल्डो का भी करियर अंतिम पड़ाव पर
रोनाल्डो ने भले ही संन्यास का एलान न किया हो, लेकिन वह बोल चुके हैं यह फुटबॉल में उनका आखिरी सीजन हो सकता है। स्पेन के हाथों क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर होने के वक्त जिस तरह रोनाल्डो ने फैंस का अभिवादन स्वीकारा था, उससे लगता है कि वह अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। हालांकि, यह अभी बस अटकलें हैं।

207 मैच, 125 गोल... लेकिन रोनाल्डो से गोल में पीछे
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुल गोल की बात करें तो रोनाल्डो स्पष्ट रूप से आगे हैं। पुर्तगाल के लिए उन्होंने 233 मैचों में 146 गोल किए हैं, जबकि मेसी ने 207 मैचों में 125 गोल किए। यानी रोनाल्डो के नाम मेसी से 21 गोल ज्यादा हैं, लेकिन असिस्ट के मामले में तस्वीर पूरी तरह बदल जाती है। मेसी ने रोनाल्डो से 28 कम मैच खेले, लेकिन असिस्ट में वह 65-37 से काफी आगे हैं। यानी सिर्फ गोल करने की भूमिका नहीं, बल्कि साथियों को गोल कराने और टीम के आक्रमण को आगे बढ़ाने में भी मेसी का प्रभाव ज्यादा दिखाई देता है।

मेसी vs रोनाल्डो: ओवरऑल अंतरराष्ट्रीय आंकड़े

आंकड़ा लियोनल मेसी क्रिस्टियानो रोनाल्डो
मैच 207 233
गोल 125 146
असिस्ट 65 37
गोल प्रति मैच 0.60 0.63
मिनट प्रति गोल 136.9 127.1
असिस्ट प्रति मिनट 90.1 101.4
हैट्रिक 11 10
विज्ञापन

गोल योगदान में मेसी की बड़ी बढ़त
गोल और असिस्ट को मिलाकर देखें तो मेसी हर 90.1 मिनट में एक गोल दागते हैं या गोल योगदान का हिस्सा रहते हैं, जबकि रोनाल्डो को एक गोल या असिस्ट के लिए 101.4 मिनट लगते हैं। यानी कुल गोलों में रोनाल्डो आगे होने के बावजूद गोल योगदान की क्षमता में मेसी आगे हैं। हालांकि, अगर गोल को अगर अलग कर दें तो रोनाल्डो अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में हर 127.1 मिनट पर गोल दागते हैं, जबकि मेसी हर 136.9 मिनट पर एक गोल दागते हैं।

पेनल्टी में मेसी का रिकॉर्ड बेहतर
पेनल्टी को लेकर भी दोनों सितारों के आंकड़े दिलचस्प हैं। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक मेसी ने 32 पेनल्टी में से 25 को गोल में बदला, जबकि रोनाल्डो ने 33 में से 23 पेनल्टी पर गोल किए।  इस हिसाब से मेसी की पेनल्टी कन्वर्जन दर 78.1 प्रतिशत है, जबकि रोनाल्डो की 69.7 प्रतिशत। यानी पेनल्टी को गोल में बदलने के मामले में मेसी आगे हैं। यहां पेनल्टी शूटआउट को आंकड़ों में शामिल नहीं किया गया है।

फ्री किक में भी मेसी का पलड़ा भारी
फ्री किक को लंबे समय से मेसी की खासियत माना जाता रहा है और आंकड़े भी इसकी पुष्टि करते हैं। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में मेसी ने फ्री किक से 12 गोल किए हैं, जबकि रोनाल्डो के नाम 11 गोल हैं। मेसी ने ज्यादा फ्री किक प्रयास भी किए हैं और उनसे गोल भी ज्यादा किए हैं।

बाएं पैर से मेसी का दबदबा, दाएं पैर और हेडर में रोनाल्डो आगे
दोनों खिलाड़ियों की गोल करने की शैली में सबसे बड़ा अंतर उनके पसंदीदा पैर और हेडिंग में दिखाई देता है। मेसी के 125 अंतरराष्ट्रीय गोलों में 111 गोल बाएं पैर से आए हैं। दूसरी ओर, रोनाल्डो ने दाएं पैर से 85 गोल किए हैं।  यहां मेसी का बायां पैर उनकी सबसे बड़ी ताकत नजर आता है, जबकि रोनाल्डो की बहुमुखी फिनिशिंग खास तौर पर दाएं पैर और हेडर में दिखाई देती है। गोल के प्रकार वाली श्रेणियां अलग-अलग परिस्थितियों को दर्शाती हैं और इनमें कुछ वर्ग ओवरलैप कर सकते हैं, इसलिए इन्हें जोड़कर कुल 125 या 146 गोल निकालना उचित नहीं होगा।

ड्रिबलिंग और क्रिएटिविटी में मेसी बहुत आगे
अगर बात सिर्फ गोल की नहीं, बल्कि खेल बनाने की हो तो मेसी का पलड़ा और भारी हो जाता है। उपलब्ध प्रदर्शन आंकड़ों में मेसी ने 477 शॉट लिए, जिनमें 199 निशाने पर रहे। रोनाल्डो ने 643 शॉट लिए और 248 शॉट टारगेट पर रहे, लेकिन सफल ड्रिबल और की-पास में मेसी की बढ़त काफी बड़ी है।  यानी रोनाल्डो ज्यादा शॉट लेते और ज्यादा हवाई मुकाबले जीतते हैं, जबकि मेसी की ताकत गेंद पर नियंत्रण, ड्रिबलिंग, मौके बनाने और खेल की दिशा बदलने में ज्यादा दिखाई देती है। मेसी के 438 सफल ड्रिबल्स, रोनाल्डो के 142 से तीन गुना से भी ज्यादा हैं। इसी तरह की-पास में भी मेसी 294-154 से आगे हैं।

बड़े मुकाबलों में मेसी का प्रभाव और भी बड़ा
दोनों खिलाड़ियों की तुलना सिर्फ कुल अंतरराष्ट्रीय मैचों से करना पूरी तस्वीर नहीं दिखाता। बड़े टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबलों में मेसी के आंकड़े विशेष रूप से मजबूत हैं। यहां अंतर काफी बड़ा है। मेसी ने प्रमुख टूर्नामेंट के नॉकआउट चरणों में रोनाल्डो से ज्यादा मैच खेले ही हैं, साथ ही गोल और असिस्ट दोनों में भारी बढ़त बनाई है। मिनट प्रति गोल में भी मेसी 264 बनाम 501 से आगे हैं। वहीं गोल योगदान के मामले में मेसी का आंकड़ा 98 मिनट है, जबकि रोनाल्डो को 334 मिनट लगते हैं।

विश्व कप क्वालिफायर में रोनाल्डो की बढ़त
विश्व कप क्वालिफायर की बात करें तो यहां तस्वीर बदल जाती है। रोनाल्डो गोल और प्रति मिनट गोल योगदान में मेसी से आगे हैं। सिर्फ 52 मैचों में रोनाल्डो ने 41 गोल किए हैं। मेसी ने ज्यादा मैच खेलकर 36 गोल किए। यानी विश्व कप क्वालिफायर में रोनाल्डो की गोल स्कोरिंग बेहतर रही।

विश्वकप मेन टूर्नामेंट में मेसी का पलड़ा भारी
विश्व कप फुटबॉल में दोनों की तुलना हमेशा सबसे ज्यादा चर्चा में रहती है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक मेसी ने 34 विश्व कप मैचों में 21 गोल और 12 असिस्ट किए हैं, जबकि रोनाल्डो ने 27 मैचों में 11 गोल और दो असिस्ट किए। इस आंकड़े में मेसी की बढ़त साफ है। उन्होंने रोनाल्डो की तुलना में लगभग दोगुने गोल किए हैं और असिस्ट में भी बड़ा अंतर है। 2026 विश्व कप के बाद मेसी का अंतरराष्ट्रीय करियर खत्म हुआ और वह अर्जेंटीना के रिकॉर्ड गोलस्कोरर और सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी के रूप में विदा हुए।

ऑल टाइम इंटरनेशनल रिकॉर्ड: कौन कहां आगे?
पूरी तस्वीर को एक जगह रखें तो दोनों के बीच मुकाबला बेहद दिलचस्प दिखाई देता है।
 

श्रेणी बढ़त किसकी?
कुल मैच रोनाल्डो
कुल गोल रोनाल्डो
असिस्ट मेसी
गोल प्रति मैच रोनाल्डो
मिनट प्रति गोल रोनाल्डो
गोल योगदान प्रति मिनट मेसी
हैट्रिक मेसी
पेनल्टी गोल मेसी
पेनल्टी कन्वर्जन मेसी
फ्री किक गोल मेसी
बाएं पैर से गोल मेसी
दाएं पैर से गोल रोनाल्डो
हेडर रोनाल्डो
बॉक्स के बाहर गोल मेसी
बॉक्स के अंदर गोल रोनाल्डो
सफल ड्रिबल्स मेसी
की-पास मेसी
शॉट्स रोनाल्डो
शॉट्स ऑन टारगेट रोनाल्डो
शॉट सटीकता मेसी
एरियल ड्यूल्स रोनाल्डो
मैन ऑफ द मैच मेसी
औसत रेटिंग मेसी
विश्व कप गोल मेसी
विश्व कप असिस्ट मेसी
प्रमुख टूर्नामेंट नॉकआउट प्रभाव मेसी
विश्व कप क्वालिफायर गोल रोनाल्डो

अंतरराष्ट्रीय ट्रॉफियों में मेसी-रोनाल्डो की कहानी
क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने पुर्तगाल के साथ दो बड़ी अंतरराष्ट्रीय फाइनल यूरोपीय चैंपियनशिप में खेले। पहला फाइनल 2004 में घरेलू मैदान पर हुआ, जहां पुर्तगाल को अप्रत्याशित रूप से ग्रीस के हाथों 0-1 से हार झेलनी पड़ी। ग्रीस ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।

इसके 12 साल बाद 2016 में रोनाल्डो को एक और यूरो फाइनल खेलने का मौका मिला। इस बार मुकाबला फ्रांस से था। रोनाल्डो सिर्फ आठ मिनट बाद चोटिल हो गए और 25वें मिनट में उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। हालांकि, पुर्तगाल ने हार नहीं मानी। 90 मिनट तक मुकाबला गोलरहित रहने के बाद अतिरिक्त समय में एडर ने 25 गज की दूरी से शानदार गोल दागकर पुर्तगाल को 1-0 से जीत दिलाई। इस तरह रोनाल्डो पहली बार यूरोपीय चैंपियन बने।

अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में रोनाल्डा ने भी दिखाया दम
टूर्नामेंट नतीजा पुरस्कार/उपलब्धि
यूरो 2004 फाइनल में हारे
विश्व कप 2006 सेमीफाइनल से बाहर
यूरो 2008 क्वार्टर फाइनल से बाहर 1 मैन ऑफ द मैच
विश्व कप 2010 अंतिम-16 से बाहर 3 मैन ऑफ द मैच
यूरो 2012 सेमीफाइनल से बाहर 2 मैन ऑफ द मैच
विश्व कप 2014 ग्रुप चरण से बाहर 1 मैन ऑफ द मैच
यूरो 2016 चैंपियन 2 मैन ऑफ द मैच, सिल्वर बूट
विश्व कप 2018 अंतिम-16 से बाहर 2 मैन ऑफ द मैच
यूरो 2021 अंतिम-16 से बाहर 1 मैन ऑफ द मैच, गोल्डन बूट
विश्व कप 2022 क्वार्टर फाइनल से बाहर 1 मैन ऑफ द मैच
यूरो 2024 क्वार्टर फाइनल से बाहर
विश्व कप 2026 अंतिम-16 से बाहर 2 मैन ऑफ द मैच
कुल 15 मैन ऑफ द मैच, 1 गोल्डन बूट,
1 सिल्वर बूट

नेशंस लीग में भी रोनाल्डो का जलवा
2019 में पुर्तगाल ने पहली बार आयोजित यूईएफए नेशंस लीग का खिताब जीता। रोनाल्डो ने ग्रुप चरण के चारों मुकाबले नहीं खेले, लेकिन सेमीफाइनल में स्विट्जरलैंड के खिलाफ उनकी वापसी धमाकेदार रही। उन्होंने हैट्रिक लगाकर पुर्तगाल को 3-1 से जीत दिलाई और फाइनल में पहुंचाया। फाइनल में पुर्तगाल का सामना नीदरलैंड से हुआ। गोंसालो गुएदेस के एकमात्र गोल की बदौलत पुर्तगाल ने मुकाबला जीता और रोनाल्डो ने चार साल में दूसरी बड़ी अंतरराष्ट्रीय ट्रॉफी हासिल की।



2025 में पुर्तगाल फिर नेशंस लीग के फाइनल में पहुंचा। स्पेन के खिलाफ मुकाबला 2-2 से बराबर रहा। रोनाल्डो ने 40 साल की उम्र में अपने करियर का पहला अंतरराष्ट्रीय फाइनल गोल किया। 88 मिनट बाद चोट के कारण वह मैदान से बाहर हो गए, लेकिन पुर्तगाल ने पेनल्टी शूटआउट में 5-3 से जीत दर्ज कर दूसरी बार नेशंस लीग ट्रॉफी अपने नाम की।

मेसी का इंतजार खत्म, अर्जेंटीना के साथ लगातार बड़ी ट्रॉफियां
लियोनल मेसी को सीनियर अर्जेंटीना टीम के साथ अपनी पहली बड़ी अंतरराष्ट्रीय ट्रॉफी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। 2021 कोपा अमेरिका फाइनल में अर्जेंटीना ने ब्राजील को उसके घर में 1-0 से हराकर खिताब जीता। इस जीत ने अर्जेंटीना का 28 साल का बड़ी ट्रॉफी का सूखा खत्म किया। मेसी को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और गोल्डन बूट भी मिला।

2022 में मेसी ने पहले इटली को हराकर फाइनलिसिमा जीती और फिर उसी साल फुटबॉल की सबसे बड़ी ट्रॉफी पर कब्जा किया। विश्व कप फाइनल में अर्जेंटीना और फ्रांस का मुकाबला 3-3 से बराबर रहा, जिसके बाद अर्जेंटीना ने पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से जीत हासिल की। मेसी ने फाइनल में दो गोल किए और गोल्डन बॉल के साथ सिल्वर बूट भी जीता।

अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में छाए रहे हैं मेसी
टूर्नामेंट नतीजा पुरस्कार/उपलब्धि
विश्व कप 2006 क्वार्टर फाइनल से बाहर
कोपा अमेरिका 2007 फाइनल में हारे सर्वश्रेष्ठ युवा खिलाड़ी
विश्व कप 2010 क्वार्टर फाइनल से बाहर 1 बार मैन ऑफ द मैच
कोपा अमेरिका 2011 क्वार्टर फाइनल से बाहर 2 बार मैन ऑफ द मैच
विश्व कप 2014 फाइनल (एक्स्ट्रा टाइम) गोल्डन बॉल, 4 बार मैन ऑफ द मैच
कोपा अमेरिका 2015 फाइनल में हारे सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, 4 बार मैन ऑफ द मैच
कोपा अमेरिका 2016 फाइनल में हारे 3 बार मैन ऑफ द मैच
विश्व कप 2018 अंतिम-16 से बाहर 1 बार मैन ऑफ द मैच
कोपा अमेरिका 2019 सेमीफाइनल से बाहर 1 बार मैन ऑफ द मैच
कोपा अमेरिका 2021 चैंपियन सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, गोल्डन बूट, 4 बार मैन ऑफ द मैच
विश्व कप 2022 चैंपियन गोल्डन बॉल, सिल्वर बूट, 5 बार मैन ऑफ द मैच
कोपा अमेरिका 2024 चैंपियन 1 बार मैन ऑफ द मैच
विश्व कप 2026 फाइनल में हारे सिल्वर बॉल, सिल्वर बूट, 5 बार मैन ऑफ द मैच
कुल 4 सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, 1 सिल्वर बॉल, 1 गोल्डन बूट,
2 सिल्वर बूट, 31 मैन ऑफ द मैच

2024 में लगातार तीसरा बड़ा खिताब
2024 कोपा अमेरिका में अर्जेंटीना ने कोलंबिया को अतिरिक्त समय में 1-0 से हराकर खिताब जीता। इसके साथ अर्जेंटीना तीन लगातार बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं जीतने वाली पुरुष फुटबॉल इतिहास की केवल दूसरी टीम बनी, जिसमें विश्व कप भी शामिल था। इससे पहले स्पेन ने 2008, 2010 और 2012 में यह उपलब्धि हासिल की थी। 2026 विश्व कप में मेसी ने अर्जेंटीना को अपने करियर में तीसरी बार फाइनल तक पहुंचाया, लेकिन स्पेन के खिलाफ अतिरिक्त समय में 0-1 से हार मिली। 39 साल की उम्र में मेसी को टूर्नामेंट का सिल्वर बॉल और सिल्वर बूट मिला।

मेसी की अंडर-23 और अंडर-20 उपलब्धियां भी खास
सीनियर टीम की उपलब्धियों के अलावा मेसी ने 2008 बीजिंग ओलंपिक में अर्जेंटीना की अंडर-23 टीम के साथ गोल्ड मेडल जीता। वहीं, 2005 में उन्होंने अर्जेंटीना को फीफा अंडर-20 विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाई और छह गोल के साथ गोल्डन बूट हासिल किया। फाइनल में भी उन्होंने दो गोल किए।

उपलब्धियों से भरा रहा है मेसी का करियर
श्रेणी उपलब्धियां
चैंपियन 2024 कोपा अमेरिका, 2022 फीफा विश्व कप,
2022 फाइनलिसिमा, 2021 कोपा अमेरिका,
2008 ओलंपिक गोल्ड, 2005 फीफा अंडर-20 विश्व कप
उपविजेता 2026 फीफा विश्व कप, 2016 कोपा अमेरिका,
2015 कोपा अमेरिका, 2014 फीफा विश्व कप,
2007 कोपा अमेरिका
बेस्ट प्लेयर/गोल्डन बॉल 2026 विश्व कप सिल्वर बॉल, 2022 विश्व कप गोल्डन बॉल,
2022 फाइनलिसिमा बेस्ट प्लेयर, 2021 कोपा अमेरिका गोल्डन बॉल,
2015 कोपा अमेरिका गोल्डन बॉल, 2014 विश्व कप गोल्डन बॉल,
2007 कोपा अमेरिका बेस्ट यंग प्लेयर, 2005 अंडर-20 विश्व कप गोल्डन बॉल
गोल्डन/सिल्वर बूट 2026 विश्व कप सिल्वर बूट, 2022 विश्व कप सिल्वर बूट,
2021 कोपा अमेरिका गोल्डन बूट,
2016 कोपा अमेरिका दूसरे सबसे ज्यादा गोल,
2005 अंडर-20 विश्व कप गोल्डन बूट
टॉप असिस्ट 2022 विश्व कप, 2022 फाइनलिसिमा, 2021 कोपा अमेरिका,
2018 विश्व कप, 2016 कोपा अमेरिका, 2015 कोपा अमेरिका,
2011 कोपा अमेरिका

बड़े टूर्नामेंट में गोल और असिस्ट: मेसी का बड़ा प्रभाव
अंतरराष्ट्रीय बड़े टूर्नामेंट में मेसी का प्रभाव केवल गोल तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने 12 प्रमुख टूर्नामेंट खेले हैं और गोल योगदान के मामले में ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया है। खास तौर पर नॉकआउट मुकाबलों में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। उनके 26 असिस्ट में से 18 नॉकआउट चरण में आए हैं। विश्व कप में मेसी के नाम 13 गोल और 8 असिस्ट हैं। कुल 21 गोल योगदान के साथ उन्होंने इस मामले में पेले के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ा है।

मेसी का करियर फाइनल से भरा रहा
टूर्नामेंट नतीजा फाइनल स्कोर प्रतिद्वंद्वी
फीफा अंडर-20 विश्व कप 2005 विजेता 2-1 नाइजीरिया
कोपा अमेरिका 2007 उपविजेता 0-3 ब्राजील
बीजिंग ओलंपिक 2008 (अंडर-23) विजेता 1-0 नाइजीरिया
फीफा विश्व कप 2014 उपविजेता 0-1 जर्मनी
कोपा अमेरिका 2015 उपविजेता 0-0 (पेनल्टी 1-4) चिली
कोपा अमेरिका 2016 उपविजेता 0-0 (पेनल्टी 2-4) चिली
कोपा अमेरिका 2021 विजेता 1-0 ब्राजील
फिनालिसिमा 2022 विजेता 3-0 इटली
फीफा विश्व कप 2022 विजेता 3-3 (पेनल्टी 4-2) फ्रांस
कोपा अमेरिका 2024 विजेता 1-0 कोलंबिया
फीफा विश्व कप 2026 उपविजेता 0-1 स्पेन

गोल मशीन रोनाल्डो, ऑलराउंड प्लेमेकर मेसी
आंकड़ों को देखें तो रोनाल्डो की सबसे बड़ी ताकत उनका गोलस्कोरिंग और फिनिशिंग रिकॉर्ड है। वह ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं, ज्यादा गोल कर चुके हैं, प्रति मैच गोल औसत बेहतर है और प्रति गोल मिनट भी कम है। दाएं पैर, हेडर, बॉक्स के अंदर गोल और एरियल ड्यूल्स में उनकी बढ़त उनके अलग तरह के फॉरवर्ड होने को दिखाती है। वहीं मेसी का प्रभाव ज्यादा बहुआयामी नजर आता है। असिस्ट, गोल योगदान, ड्रिबलिंग, की-पास, फ्री किक, पेनल्टी कन्वर्जन, मैन ऑफ द मैच और बड़े टूर्नामेंट के नॉकआउट में उनका रिकॉर्ड मजबूत है।

और शायद यही वजह है कि मेसी के अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से विदा होने के बाद भी ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम (G.O.A.T) की बहस खत्म होने वाली नहीं है। मेसी अब अर्जेंटीना की जर्सी में नहीं दिखेंगे, लेकिन 207 मैच, 125 गोल और विश्व कप विजेता के रूप में उनका अंतरराष्ट्रीय अध्याय खत्म हुआ है। रोनाल्डो के 146 गोल अभी उनसे आगे हैं, लेकिन आंकड़ों की पूरी कहानी सिर्फ गोलों से तय नहीं होती। रोनाल्डो के पास ज्यादा गोल हैं, मेसी के पास ज्यादा तरीके हैं और यही तुलना को अब भी इतना खास बनाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed