{"_id":"5b37f0e44f1c1b64068b91ae","slug":"ilyas-d-souza-watch-eight-fifa-world-cup-on-his-12-feet-tall-cycle","type":"story","status":"publish","title_hn":"12 फुट ऊंची साइकिल पर सवार होकर देख रहे हैं फुटबॉल का आठवां विश्व कप, जानिए कौन है यह","category":{"title":"Football","title_hn":"फुटबॉल","slug":"football"}}
12 फुट ऊंची साइकिल पर सवार होकर देख रहे हैं फुटबॉल का आठवां विश्व कप, जानिए कौन है यह
मास्को से प्रकाश पुरोहित, अमर उजाला
Updated Sun, 01 Jul 2018 02:36 AM IST
विज्ञापन
इलियास डिसूजा
ये सिलसिला जर्मनी से शुरू हुआ था कि ब्राजील के इलियास डिसूजा ने तय किया कि अब से हर विश्व कप में अपनी बनाई अजूबा साइकिल से हाजिरी देंगे। 1985 में जर्मनी विश्व कप के बाद से हर जगह ये मौजूद रहे हैं।
विज्ञापन
डिसूजा का कहना है कि आम साइकिल से तो अब कई लोग जाने लगे हैं। इसीलिए सोचा कि कुछ नया किया जाए तो इस 12 फुट ऊंची साइकिल का आइडिया आया। मुश्किल यह थी कि डिजाइन कैसे बने तो खुद ही जोड़तोड़ शुरू की और एक दिन साइकिल इस रूप में आ गई।
विज्ञापन
उनकी जेब में एक पैसा नहीं रहते हुए ये आठवां विश्व कप देख रहे हैं। सुबह खाने का इंतजाम हो जाता है तो शाम के खाने का कोई ठिकाना नहीं रहता है। ब्राजील के मैच देखने की कोशिश करता हूं, अगर कोई मेहरबान मुफ्त में टिकट दे जाए। कुछ जगह पर तो टिकट के कालाबाजारियों ने यह भी लालच दिया कि अगर मैं टिकट खरीदने वालों को ग्राहक दिला दूं तो वे मेरा टिकट मुफ्त कर देंगे, मगर मैं गलत काम करने के लिए तो आया नहीं हूं।
विज्ञापन
सही मायने में मैं तो लोगों का मनोरंजन करने विश्व कप में जाता हूं। जब तक जिंदगी है और शरीर में दम है, तब तक आता रहूंगा। जापान नहीं जा पाया था, इसका मुझे दु:ख हमेशा रहेगा कि पैसे ही जमा नहीं हो पाए।
जब विश्व कप नहीं हो रहा होता है तो क्या करते हैं? डिसूजा ने कहा-'बस इसी साइकिल के जरिये रोजी-रोटी चलती है और जो बचता है, उसे फुटबॉल विश्व कप में लगा देता हूं। घर-परिवार बनाया नहीं। आप ही बताइये, ऐसे शौक और एक आंखवाले से कोई लड़की क्यों शादी करेगी। तस्वीरें तो हजारों ने खिंचवाई होंगी, लेकिन मेरी तस्वीर किसी को पसंद नहीं आई।'
उन्होंने बताया कि इसी साइकिल से गिरने की वजह से उनकी एक आंख अमेरिका में चली गई थी। इसका यह फायदा है कि अब दुनिया को एक नजर से देखता हूं और दुनिया मेरी नजर में एक है। 55 साल के हो गए हैं, मगर उनकी चपलता देखने के काबिल है। इतनी ऊंची साइकिल पर कलाबाजी दिखाते हैं, गिरते भी हैं, लेकिन मुस्कराते हुए फिर उठ खड़े होते हैं अगले करतब के लिए।