यूरोप के हाथों में आएगा इस बार विश्व कप, इन चार टीमों के बीच होगा सेमीफाइनल का घमासान
फीफा विश्व कप के 88 वर्षों के इतिहास में हर बार खिताब की जंग लैटिन अमेरिकी और यूरोपीय टीमों के बीच रही है। मगर पिछले कुछ वर्षों में यूरोपीय देशों ने विश्व फुटबॉल पर अपने वर्चस्व की छाप छोड़ते हुए लैटिन अमेरिकी देशों की कलात्मक और आक्रामक फुटबॉल को नेपथ्य मे डाल दिया है। विश्व कप के इतिहास में यह पांचवां मौका है जब चारों यूरोपीय टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई है।
हर बार लैटिन अमेरिकी टीमों के साथ यह दुर्भाग्य यूरोपीय देशों में दोहराया गया है। लैटिन अमेरिकी देशों की कमान ब्राजील, अर्जेंटीना और उरुग्वे के हाथों में रही है। यही तीनों टीमों विश्व कप में विजेता, उप-विजेता और सेमीफाइनलिस्ट रही हैं।
हालांकि, इस बार लियोनेल मेसी, नेमार और लुइस सुआरेज के चलते यह माना जा रहा था कि ये तीनों देश विश्व कप में अपनी छाप छोड़ेंगे, लेकिन न ही ये तीनों चले और न ही उनके देश। साल 2002 से कोई भी लैटिन अमेरिकी देश विश्व कप नहीं जीत सका है। अंतिम बार यह खिताब ब्राजील ने जीता था।
बहरहाल, आपको बता दें कि सेमीफाइनल के लिए चारों टीमें तैयार हो चुकी हैं।
10 जुलाई को पहला सेमीफाइनल फ्रांस और बेल्जियम के बीच भारतीय समयानुसार रात साढ़े 11 बजे से खेला जाएगा।
11 जुलाई को दूसरा सेमीफाइनल इंग्लैंड और क्रोएशिया के बीच भारतीय समयानुसार रात साढ़े 11 बजे से खेला जाएगा।
रूस का विश्व कप यूरोपीय देशों के लिए क्यों बन गया बेहद खास
लैटिन अमेरिका का दबदबा 1986 से 2002 तब रहा। ब्राजील और अर्जेंटीना इस दौरान छाए रहे। 16 वर्ष तक यह दोनों देश विश्व कप के फाइनल में जगह बनाते रहे। यहां पांच विश्व कप में ब्राजील, अर्जेटीना ने तीन खिताब जीते।
वहीं यूरोपीय देशों के पास पहली बार मौका होगा जब विश्व कप के इतिहास में वह लगातार चौथी बार खिताब पर कब्जा करेंगे। 2006, 2010 और 2014 में यूरोपीय देश ने विश्व कप का खिताब जीता और इस बार भी उसके हाथों में ही यह ट्रॉफी आएगी।
खास-खास आंकड़ें, जिसे जानने के लिए आप जरूर होंगे बेकरार
- बता दें कि 60 वर्षों से लैटिन अमेरिकी देश ने यूरोप में नहीं जीता है विश्व कप।
- 1934, 1966, 1982, 2006 और 2018 ऐसे मौके रहे जब सभी यूरोपीय देश विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचे। ये सभी विश्व कप भी यूरोपीय देशों में ही हुए।
- 2002 में ब्राजील ने विश्व कप का खिताब जीता था। वह विश्व कप का खिताब जीतने वाली लैटिन अमेरिका की अंतिम टीम रही।
- 1958 में स्वीडन में हुए विश्व कप को आखिरी बार महान पेले ने ब्राजील को जिताया था। यह ब्राजील का पहला विश्व खिताब था। इसके बाद ब्राजील ने अपने चारों विश्व खिताब 1962 चिली, 1970 मैक्सिको, 1994 अमेरिका और 2002 कोरिया-जापान में जीते।
- 1978 में अर्जेंटीना ने स्वदेश में और 1986 में मैक्सिको में विश्व कप जीता।
- 1930 में उरुग्वे ने अपने देश और 1950 में ब्राजील में विश्व कप जीता।
- 9 कुल खिताब लैटिन अमेरिकी टीमों ने जीते हैं।
- सभी 21 विश्व कप में खेलना वाला ब्राजील ही एकमात्र देश है। खास बात यह है कि ब्राजील कभी विश्व कप के पहले दौर में बाहर नहीं हुआ।