फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप से जुड़ी बातें, जो आपके लिए जानना है बेहद जरूरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत की मेजबानी में फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप के शुरु होने में मात्र एक दिन बचा है। यह टूर्नामेंट 6 से 28 अक्बटूर तक 6 शहरों में खेला जाएगा। पूरे देश में इसको लेकर उत्साह है। भारत मेजबान होने के नाते पहली बार किसी फीफा विश्वकप टूर्नामेंट में उतर रहा है। ग्रुप-ए में भारत अपना पहला मुकाबला अमेरिका के खिलाफ नई दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में 6 अक्तूबर को खेलेगा।
इस टूर्नामेंट में कुल 24 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें 6 ग्रुपों में बांटा गया है। ग्रुप दौर के मुकाबले 6 से 14 अक्तूबर तक खेले जाएंगे। उसके बाद नॉकआउट मैच होंगे। टूर्नामेंट में कुल 52 मैच खेले जाएंगे। 28 अक्तूबर को फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला होगा।
पढ़ेंः- फीफा अंडर-17: गोलकीपर के रूप में अपने को चुनौती देने के लिए तैयार हैं धीरज सिंह
विश्वकप का थीम सांग 'कर के दिखला दे गोल'
देश में पहली बार आयोजित होने जा रहे फीफा अंडर-17 फुटबॉल विश्वकप के लिए थीम सांग 'कर के दिखला दे गोल' रखा गया है। इस गाने के बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं, जबकि प्रीतम ने संगीत दिया है। इस गाने में सुनिधि चौहान, नीति मोहन, बाबुल सुप्रियो, शान, पापोन और मीका जैसे मशूहर गायकों ने अपनी सुरीली आवाज दी है। बॉलीवुड स्टार अभिषेक बच्चन ने अदाकारी की है।
इस गाने में भारत में आयोजित हो रहे विश्वकप के विभिन्न रंगों को दिखाया गया है। साथ ही इसके वीडियो में बाइचुंग भूटिया, एन. बाला देवी और सचिन तेंदुलकर जैसे खेल की दुनिया के दिग्गज दिखाई देंगे।
विजेता टीम को चमचमाती ट्रॉफी के साथ मिलेगी इतनी ईनामी राशि
फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप की विजेता टीम को इस बार चमचमाती ट्रॉफी के साथ 2,00,000 अमेरिकी डॉलर ईनामी राशि के रूप में मिलेंगे। उपविजेता टीम को 40,000 अमेरिकी डॉलर की राशि दी जाएगी। बता दें कि फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट की चमचमाती विजेता ट्रॉफी ने देश भर में 16,000 किलोमीटर का सफर तय किया।
फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी 6 सप्ताहों में मेजबान शहरों दिल्ली, गुवाहाटी, कोलकाता, मुंबई, गोवा और कोच्चि में घूमी। इस ट्रॉफी का दीदार 10 लाख से ज्यादा लोगों ने किया। ट्रॉफी 28 अक्टूबर को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में फाइनल के बाद विजेता कप्तान को मिलेगी।
बता दें कि इस टूर्नामेंट का पहला सत्र 1985 में चीन में खेला गया था जिसके बाद हर 2 साल बाद इस टूर्नामेंट का आयोजन किया जाने लगा। उस समय खिलाडियों की आयु सीमा 16 वर्ष हुआ करती थी।
1991 में इसे बढ़ाकर 17 साल कर दिया गया। एशिया में फीफा अंडर-17 विश्वकप का 5वां आयोजन है। फीफा अंडर-17 विश्वकप में सबसे सफल टीम नाइजीरिया है जिसने इस खिताब को 5 बार (1985, 1993, 2007, 2013, 2015) अपने नाम किया है। हालांकि उनकी टीम इस बार क्वालीफाई नहीं कर पाई।