Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Football ›   Cristiano Ronaldo's 10 Biggest Career Controversies: From Tax Fraud Case to Manchester United Exit

क्रिस्टियानो रोनाल्डो के करियर के 10 बड़े विवाद: टैक्स चोरी से फैंस का फोन गिराने तक, इन घटनाओं से मचा था बवाल

Thu, 05 Nov 2026 04:49 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लिस्बन
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लिस्बन Published by: स्वप्निल शशांक Updated Thu, 05 Nov 2026 04:49 PM IST
सार

क्रिस्टियानो रोनाल्डो का फुटबॉल करियर रिकॉर्ड और उपलब्धियों के साथ कई विवादों के लिए भी चर्चा में रहा है। टैक्स चोरी के मामले से लेकर मैनचेस्टर यूनाइटेड छोड़ने, प्रशंसक का फोन गिराने और राष्ट्रीय टीम से जुड़े विवाद तक उनके करियर में कई घटनाएं हुईं। जानें रोनाल्डो के करियर के 10 बड़े विवाद।

विज्ञापन
Cristiano Ronaldo's 10 Biggest Career Controversies: From Tax Fraud Case to Manchester United Exit
रोनाल्डो ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल को कहा अलविदा - फोटो : ANI

विस्तार

क्रिस्टियानो रोनाल्डो का नाम फुटबॉल इतिहास के महानतम खिलाड़ियों में शामिल है। पुर्तगाल के इस दिग्गज ने अपने करियर में ऐसे कई रिकॉर्ड बनाए हैं, जिन्हें तोड़ना किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होगा। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सर्वाधिक गोल करने का रिकॉर्ड उनके नाम है। वह अपने करियर में कुल 980 गोल कर चुके हैं। मैदान पर उनकी उपलब्धियां जितनी शानदार रही हैं, मैदान के बाहर उनका करियर उतना ही विवादों से घिरा रहा है।

विज्ञापन


रोनाल्डो के अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल को अलविदा कहने के साथ उनके करियर का एक बड़ा अध्याय समाप्त हो गया है। हालांकि, क्लब फुटबॉल में उनका सफर जारी रहेगा। ऐसे में उनके लंबे करियर पर नजर डालें तो कई ऐसे विवाद सामने आते हैं, जिन्होंने दुनिया भर में सुर्खियां बटोरीं। इनमें टैक्स चोरी का मामला, मैनचेस्टर यूनाइटेड के साथ विवाद, एक प्रशंसक का फोन गिराने की घटना और 2006 विश्व कप में वेन रूनी से जुड़ा विवाद शामिल हैं।

विज्ञापन
Trending Videos

Cristiano Ronaldo's 10 Biggest Career Controversies: From Tax Fraud Case to Manchester United Exit
क्रिस्टियानो रोनाल्डो - फोटो : IANS
आइए जानते हैं रोनाल्डो के करियर के 10 बड़े विवाद...

1. पुर्तगाल टीम के साथ विवाद और निलंबन की कार्रवाई (2026)
रोनाल्डो के करियर का ताजा विवाद पुर्तगाल की राष्ट्रीय टीम से जुड़ा है। टीम के मुख्य कोच जॉर्ज जीसस के साथ खेलने के समय को लेकर असहमति के बाद रोनाल्डो ने टीम का शिविर बीच में छोड़ दिया था। बताया गया कि नॉर्वे के खिलाफ मुकाबले में उन्हें शुरुआती एकादश में जगह नहीं मिली थी। इसके बाद उन्होंने कोच पर अपनी भूमिका को लेकर किए गए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया।

इस घटना के बाद पुर्तगाल फुटबॉल महासंघ ने उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की और उन्हें अस्थायी रूप से निलंबित किया। रोनाल्डो ने बाद में अपने साथियों और समर्थकों से माफी मांगी। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें शिविर नहीं छोड़ना चाहिए था। साथ ही कहा कि वह पुर्तगाल के लिए खेलना जारी रखना चाहते हैं। महासंघ की जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम सजा तय होनी थी।
विज्ञापन

Cristiano Ronaldo's 10 Biggest Career Controversies: From Tax Fraud Case to Manchester United Exit
क्रिस्टियानो रोनाल्डो - फोटो : IANS
2. सऊदी प्रशंसकों की ओर इशारा करने पर एक मैच का प्रतिबंध (2024)
फरवरी 2024 में अल नासर और अल शबाब के बीच सऊदी प्रो लीग मुकाबले के बाद रोनाल्डो विवादों में आ गए थे। अल नासर ने यह मैच 3-2 से जीता था। मुकाबले के दौरान स्टेडियम में मौजूद कुछ प्रशंसक लगातार लियोनल मेसी का नाम लेकर नारे लगा रहे थे।

मैच के बाद रोनाल्डो ने अपने कान की तरफ हाथ ले जाकर प्रशंसकों की ओर इशारा किया। उनके इस व्यवहार की काफी आलोचना हुई। इसके बाद सऊदी अरब फुटबॉल महासंघ की अनुशासन समिति ने उन पर एक मैच का प्रतिबंध लगाया और आर्थिक जुर्माना भी लगाया।
विज्ञापन

Cristiano Ronaldo's 10 Biggest Career Controversies: From Tax Fraud Case to Manchester United Exit
क्रिस्टियानो रोनाल्डो - फोटो : IANS
3. अल हिलाल के खिलाफ आपत्तिजनक इशारे का आरोप (2023)
साल 2023 में अल नासर और अल हिलाल के बीच मुकाबले के बाद भी रोनाल्डो विवादों में घिर गए थे। अल हिलाल के खिलाफ हार के बाद जब वह मैदान से बाहर जा रहे थे, तब प्रशंसकों ने मेसी के नाम के नारे लगाए। इसी दौरान रोनाल्डो का एक इशारा कैमरे में कैद हुआ, जिसे लेकर काफी विवाद हुआ।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सऊदी अरब में कई लोगों ने उनके व्यवहार की आलोचना की। कुछ लोगों ने उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग भी की। हालांकि, इस घटना में फरवरी 2024 की तरह कोई चर्चित औपचारिक निलंबन नहीं हुआ।

Cristiano Ronaldo's 10 Biggest Career Controversies: From Tax Fraud Case to Manchester United Exit
क्रिस्टियानो रोनाल्डो - फोटो : IANS
4. पीयर्स मॉर्गन को इंटरव्यू देकर मैनचेस्टर यूनाइटेड छोड़ा (2022)
रोनाल्डो का मैनचेस्टर यूनाइटेड के साथ दूसरा कार्यकाल नवंबर 2022 में बेहद विवादित तरीके से समाप्त हुआ। उन्होंने पत्रकार पीयर्स मॉर्गन को दिए एक इंटरव्यू में क्लब के प्रबंधन, उसकी कार्यप्रणाली और कोच एरिक टेन हैग की खुलकर आलोचना की थी।

रोनाल्डो ने कहा था कि उन्हें क्लब में धोखा महसूस हुआ और वह कोच का सम्मान नहीं करते। उस समय टीम में उनकी भूमिका को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। इंटरव्यू सामने आने के बाद मैनचेस्टर यूनाइटेड ने उनके खिलाफ उचित कदम उठाने की बात कही। इसके बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से उनका अनुबंध तत्काल समाप्त कर दिया। रोनाल्डो ने क्लब छोड़ने के बाद सऊदी अरब के अल नासर का दामन थाम लिया।

Cristiano Ronaldo's 10 Biggest Career Controversies: From Tax Fraud Case to Manchester United Exit
क्रिस्टियानो रोनाल्डो - फोटो : IANS
5. टॉटेनहम के खिलाफ मैच में मैदान पर उतरने से किया इनकार (2022)
अक्तूबर 2022 में मैनचेस्टर यूनाइटेड और टॉटेनहम के बीच मुकाबले के दौरान भी रोनाल्डो चर्चा में आए थे। यूनाइटेड ने यह मैच 2-0 से जीता, लेकिन रोनाल्डो ने स्थानापन्न खिलाड़ी के तौर पर मैदान पर उतरने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, वह मैच समाप्त होने से पहले ही मैदान छोड़कर ड्रेसिंग रूम की तरफ चले गए। इसके बाद कोच एरिक टेन हैग ने उन्हें चेल्सी के खिलाफ अगले मुकाबले के लिए टीम से बाहर कर दिया। इस घटना ने क्लब और खिलाड़ी के बीच बढ़ते तनाव को उजागर कर दिया था।

Cristiano Ronaldo's 10 Biggest Career Controversies: From Tax Fraud Case to Manchester United Exit
क्रिस्टियानो रोनाल्डो - फोटो : IANS
6. एवर्टन के प्रशंसक का फोन गिराने पर दो मैच का प्रतिबंध (2022)
अप्रैल 2022 में मैनचेस्टर यूनाइटेड को एवर्टन के खिलाफ 1-0 से हार का सामना करना पड़ा था। मुकाबले के बाद रोनाल्डो जब मैदान से बाहर जा रहे थे, तब उन्होंने एक युवा प्रशंसक के हाथ से मोबाइल फोन गिरा दिया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और उनकी काफी आलोचना हुई। रोनाल्डो ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और प्रशंसक को ओल्ड ट्रैफर्ड में मैच देखने का निमंत्रण भी दिया। फुटबॉल एसोसिएशन ने मामले की जांच की। नवंबर 2022 में स्वतंत्र अनुशासनात्मक आयोग ने उन्हें अनुचित और हिंसक व्यवहार का दोषी पाया। उन पर 50 हजार पाउंड का जुर्माना लगाया गया और घरेलू फुटबॉल में दो मैच का प्रतिबंध लगा।

Cristiano Ronaldo's 10 Biggest Career Controversies: From Tax Fraud Case to Manchester United Exit
रोनाल्डो - फोटो : PTI
7. स्पेन में टैक्स चोरी का मामला (2017-2019)
रोनाल्डो के करियर के सबसे चर्चित कानूनी विवादों में स्पेन का टैक्स मामला शामिल है। यह मामला रियल मैड्रिड में उनके खेलने के दौरान इमेज राइट्स से होने वाली कमाई से जुड़ा था। स्पेन के अभियोजकों ने आरोप लगाया था कि उन्होंने 2011 से 2014 के बीच अपनी व्यावसायिक कमाई पर करीब 14.7 मिलियन यूरो का टैक्स छिपाया।

आरोपों के मुताबिक, इस कमाई को संभालने के लिए स्पेन से बाहर कंपनियों और कारोबारी ढांचों का इस्तेमाल किया गया था। रोनाल्डो ने जानबूझकर टैक्स चोरी करने से इनकार किया था। हालांकि, जनवरी 2019 में उन्होंने स्पेन के अधिकारियों के साथ समझौता किया। इसके तहत उन्हें करीब 18.8 मिलियन यूरो का जुर्माना और 23 महीने की निलंबित जेल की सजा मिली। स्पेन के कानून के तहत पहली बार अपराध करने वाले और दो साल से कम सजा पाने वाले व्यक्ति को सामान्यतः जेल नहीं जाना पड़ता। इसलिए रोनाल्डो को जेल नहीं हुई।

Cristiano Ronaldo's 10 Biggest Career Controversies: From Tax Fraud Case to Manchester United Exit
रोनाल्डो - फोटो : FIFA.COM
8. 2006 विश्व कप में वेन रूनी के साथ विवाद
रोनाल्डो के करियर का सबसे चर्चित शुरुआती विवाद 2006 फीफा विश्व कप में इंग्लैंड और पुर्तगाल के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबले के दौरान हुआ था। इस मैच में इंग्लैंड के खिलाड़ी वेन रूनी को पुर्तगाल के रिकार्डो कार्वाल्हो से जुड़ी घटना के बाद रेड कार्ड दिखाया गया था।

रूनी को बाहर किए जाने के बाद रोनाल्डो को पुर्तगाल के डगआउट की ओर इशारा करते और फिर आंख मारते हुए देखा गया था। इसके बाद इंग्लैंड के प्रशंसकों और मीडिया के एक वर्ग ने आरोप लगाया कि उन्होंने रूनी को बाहर कराने में भूमिका निभाई थी। उस समय दोनों मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए खेलते थे। इस घटना ने दोनों खिलाड़ियों के रिश्तों को लेकर भी चर्चा छेड़ दी। हालांकि, बाद में रूनी ने कहा कि उन्हें रोनाल्डो से कोई नाराजगी नहीं थी। पुर्तगाल ने पेनाल्टी शूटआउट में मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।

Cristiano Ronaldo's 10 Biggest Career Controversies: From Tax Fraud Case to Manchester United Exit
रोनाल्डो - फोटो : FIFA.com
9. लास वेगास में यौन उत्पीड़न का आरोप (2009)
रोनाल्डो के करियर से जुड़ा एक गंभीर विवाद साल 2009 का है। कैथरीन मायोर्गा ने आरोप लगाया था कि लास वेगास के एक होटल में रोनाल्डो ने उनका यौन उत्पीड़न किया था। मायोर्गा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। साल 2010 में दोनों पक्षों के बीच गोपनीय समझौता हुआ था, जिसके तहत रोनाल्डो ने उन्हें 3.75 लाख डॉलर दिए थे।

यह मामला 2017 में जर्मन पत्रिका 'डेर स्पीगल' की रिपोर्ट के बाद फिर चर्चा में आया। मायोर्गा ने बाद में समझौते को रद्द कराने के लिए दीवानी मुकदमा दायर किया। पुलिस ने जांच दोबारा शुरू की, लेकिन 2019 में अभियोजकों ने पर्याप्त सबूत नहीं होने के कारण आरोप दायर नहीं करने का फैसला किया। 2022 में अमेरिकी संघीय अदालत ने इस मामले को खारिज कर दिया। रोनाल्डो ने हमेशा आरोपों से इनकार किया और कहा कि उनके बीच संबंध सहमति से बने थे।

Cristiano Ronaldo's 10 Biggest Career Controversies: From Tax Fraud Case to Manchester United Exit
रोनाल्डो - फोटो : Fifa.com
10. अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में रूनी विवाद से लेकर अनुशासनात्मक कार्रवाई तक का सफर
रोनाल्डो के करियर को देखें तो विवादों का सिलसिला उनके शुरुआती अंतरराष्ट्रीय करियर से ही शुरू हो गया था। 2006 विश्व कप में वेन रूनी के साथ हुई घटना से लेकर 2026 में पुर्तगाल की राष्ट्रीय टीम से जुड़े विवाद तक उनका नाम कई बार सुर्खियों में रहा। हालांकि, इन विवादों के बावजूद मैदान पर उनके प्रदर्शन और रिकॉर्ड ने उन्हें फुटबॉल इतिहास के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में शामिल रखा है।

अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से विदाई के बाद भी क्लब फुटबॉल में उनका सफर जारी रहने की बात इस कहानी को और दिलचस्प बनाती है। उनके प्रशंसकों के लिए अब सवाल यह है कि क्लब स्तर पर उनका अगला अध्याय कैसा होगा और क्या वह अपने करियर में और नए रिकॉर्ड जोड़ पाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed