चैंपियंस लीग फाइनल में एटलेटिको की रियल मैड्रिड से टक्कर
ब्राजील के मिडफील्डर फर्नांडो ने 20वें मिनट में आत्मघाती गोल कर दिया। पहले चरण में दोनों टीमों के बीच मुकाबला गोलरहित रहा था। मैनचेस्टर सिटी के फर्नांडिन्हो मध्यांतर से पहले गोल करने के करीब थे लेकिन उनका निशाना गोलपोस्ट से दूर रहा। मुकाबले से पहले ही मेजबान रिएल मैड्रिड का मनोबल बढ़ गया था क्योंकि क्रिस्टियानो रोनाल्डो फिट होकर मैदान में लौट आए थे जो चोट के कारण तीन मैचों में हिस्सा नहीं ले सके थे।
दूसरी ओर मैनचेस्टर सिटी के कप्तान विन्सेंट की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। मैनचेस्टर सिटी की कमजोर पड़ गई रक्षण पंक्ति ने रोनाल्डो और फॉर्म में चल रहे गेराथ बेले को गोल करने से रोके रखा। रोनाल्डो चैंपियंस लीग में एक सीजन में अपने 17 गोल के रिकॉर्ड की बराबरी के पास पहुंचे थे लेकिन डानी कारवजल के क्रास पर उनका हेडर निशाने पर नहीं था। रियल मैड्रिड की टीम अपना 27वां सेमीफाइनल खेल रही थी जबकि एटलेटिको मैड्रिड का यह पहला था।
रियल मैड्रिड की टीम ने इस सीजन में घरेलू मैदान पर एक भी गोल नहीं खाया और इस मैच में यह सिलसिला जारी रहा। उसने घरेलू मैदान में अपने सभी छह मुकाबले जीते हैं।
दो साल पहले भी हुआ था ऑल मैड्रिड फाइनल
दो साल पहले रियल मैड्रिड और एटलेटिको मैड्रिड के बीच खिताबी मुकाबला हुआ था और रिएल मैड्रिड ने 4-1 से जीत दर्ज करते हुए दसवीं बार खिताब जीता था। अब 28 मई को मिलान में होने वाले फाइनल में रियल मैड्रिड पिछली सफलता को दोहराना चाहेगी। एटलेटिको मैड्रिड ने दूसरे सेमीफाइनल में पांच बार की चैंपियन बेयरन म्यूनिख को हराया था।
रियल मैड्रिड के रक्षक खिलाड़ी सर्जियो रामोस ने कहा, हम फाइनल में जी-जान से जुटेंगे और कोशिश करेंगे कि हम एक टीम के रूप में एकजुट प्रयास कर दबाव से निपटने में सफल रहें। हम फाइनल में पहुंचने के हकदार थे।