पेनल्टी शूटआउट से अर्जेंटीना फाइनल में
फुटबॉल वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में अर्जेंटीना ने नीदरलैंड्स को 4-2 के अंतर से हराकर फाइनल में जगह बना ली है।
रविवार को होने वाले फाइनल मुकाबले में अब अर्जेंटीना और जर्मनी की टीमें एक दूसरे के आमने-सामने होंगी। पहले सेमीफाइनल में जर्मनी ने मेजबान ब्राजील को 7-1 के अंतर से हराया था।
साओ पाओलो में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में मैच का फैसला पेनल्टी शूट आउट की मदद से हुआ। अर्जेंटीना की जीत में प्रमुख भूमिका रही गोलकीपर रोमेरो की, जिन्होंने नीदरलैंड्स के व्लार और स्नाइडर के दो शानदार गोल बचाए।
अतिरिक्त समय में भी कोई गोल नहीं
अर्जेंटीना जहां इस मैच में मेसी के जादुई खेल पर निर्भर कर रही थी वहीं नीदरलैंड्स को भी उनके स्टार स्ट्राइकर रोबेन से काफी उम्मीदें थी।
लेकिन ये दोनों ही खिलाडी कोई खास कमाल नहीं दिखा सके। दोनों टीमों को गोल करने के कुछ एक मौके जरूर मिले लेकिन वे उनका फायदा नहीं उठा सकीं।
मैच के निर्धारित 90 मिनट में कोई गोल नहीं हो सका। फिर मैच अतिरिक्त समय में पहुंचा लेकिन उसमें भी निर्धारित 30 मिनट में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं।