फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   FIFA Peace Prize Scrapping Question US President Donald Trump Award Council Meeting Gianni Infantino

एक्सप्लेनर: अपना शांति पुरस्कार खत्म करने की तैयारी में फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा; क्या ट्रंप होंगे वजह?

Mon, 19 Oct 2026 05:28 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: कीर्तिवर्धन मिश्र Updated Mon, 19 Oct 2026 05:28 PM IST
विज्ञापन
सार
फीफा शांति पुरस्कार क्या हैं और इनकी स्थापना कब-कैसे हुई थी? अमेरिकी राष्ट्रपति को यह पुरस्कार क्यों दिया गया था? फीफा अब इन पुरस्कारों की समीक्षा क्यों कर रहा है? इन्हें लेकर फीफा अध्यक्ष इन्फैंटिनो की भूमिका क्यों सवालों के घेरे में है? आइये जानते हैं...
loader
FIFA Peace Prize Scrapping Question US President Donald Trump Award Council Meeting Gianni Infantino
फीफा शांति पुरस्कार अब जांच के घेरे में। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अपने लिए नोबेल शांति पुरस्कार पाने की कोशिश अब तक असफल ही रही है। नॉर्वे स्थित नोबेल समिति ने उनकी आठ युद्ध रुकवाने तक की दलीलों के बाद भी उन्हें इस शांति पुरस्कार के लिए नहीं चुना है। इसे लेकर ट्रंप ने सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर नोबेल शांति पुरस्कार पर गुस्सा उतारा है। इतना ही नहीं इस बीच ट्रंप कई मौकों पर फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था- फेडरेशन इंटरनेशनल डी फुटबॉल एसोसिएशन (फीफा) की ओर से पिछले साल दिए गए शांति पुरस्कार का जिक्र कर खुद के शांतिदूत होने का दावा किया। हालांकि, अब उन्हें मिले इस पुरस्कार को पूरी तरह खत्म किए जाने की तैयारी चल रही है। अगर यह फैसला होता है तो डोनाल्ड ट्रंप फीफा शांति पुरस्कार पाने वाले पहले और आखिरी व्यक्ति हो सकते हैं।

 

ऐसे में यह जानना अहम है कि आखिर यह फीफा शांति पुरस्कार क्या हैं और इनकी स्थापना कब-कैसे हुई थी? अमेरिकी राष्ट्रपति को यह पुरस्कार क्यों दिया गया था? फीफा अब इन पुरस्कारों की समीक्षा क्यों कर रहा है? इन्हें लेकर फीफा अध्यक्ष इन्फैंटिनो की भूमिका क्यों सवालों के घेरे में है? आइये जानते हैं...
 

फीफा शांति पुरस्कार क्या हैं और इनकी स्थापना कब-कैसे हुई थी?

फीफा का शांति पुरस्कार।
फीफा का शांति पुरस्कार। - फोटो : अमर उजाला

फीफा ने ट्रंप को क्यों दिया यह पुरस्कार?

फीफा ने एक महीने बाद, दिसंबर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को यह पुरस्कार दिया। बीते साल नोबेल शांति पुरस्कार न मिलने के बाद फीफा शांति पुरस्कार के लिए ट्रंप का नाम सबसे आगे भी चल रहा था। ट्रंप ने इस पुरस्कार को पाने के बाद फीफा का धन्यवाद दिया और कहा कि यह उनके जीवन के सबसे बड़े सम्मानों में से है। वॉशिंगटन डीसी के कैनेडी सेंटर में फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैंटिनो ने ट्रंप को यह पुरस्कार सौंपते हुए कहा था कि यह आपका शांति पुरस्कार है। 


ट्रंप को दिए जाने के बाद इस पुरस्कार पर विवाद क्यों हुए?

मजेदार बात यह है कि ट्रंप और फीफा प्रमुख जियानी इन्फैंटिनो काफी करीबी माने जाते हैं। फीफा प्रमुख पहले भी यह कह चुके थे कि उन्हें लगा कि गाजा में इस्राइल-हमास संघर्ष को रुकवाने के लिए ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए था। इन्फैंटिनो की ट्रंप से इसी करीबी और बयानों की वजह से अमेरिकी राष्ट्रपति को पुरस्कार दिए जाने के फीफा के फैसले पर विवाद खड़ा हो गया था।

आलोचकों का कहना था कि डोनाल्ड ट्रंप को यह पुरस्कार गलत तरह से दिया गया। जिस दिन ट्रंप को फीफा का शांति पुरस्कार मिला, उससे एक दिन पहले ही ट्रंप प्रशासन ने कैरिबियाई सागर में एक नाव पर एयरस्ट्राइक को अंजाम दिया था। वह भी उस नाव के कथित तौर पर ड्रग्स ले जाने के शक के आधार पर। ट्रंप प्रशासन इससे पहले भी कैरिबियाई क्षेत्र, वेनेजुएला और आसपास के इलाकों में कई नावों को इसलिए निशाना बनाने का आदेश दे चुका था, क्योंकि उसे इन नावों में नशीले पदार्थों को ले जाने का शक था। 

ये भी पढ़ें: 'इन्फेंटिनो को हटाना FIFA की भूल होगी': ट्रंप ने किया समर्थन, बोले- उनके बिना फुटबॉल पहले जैसा सफल नहीं रहेगा

इससे पहले ट्रंप प्रशासन ने जून 2025 को इस्राइल के साथ मिलकर ईरान पर बड़ी एयरस्ट्राइक को अंजाम दिया था और उसके परमाणु कार्यक्रम से जुडे़ इन्फ्रास्ट्रक्चर को तबाह कर दिया था। अमेरिका ने यह कदम भी इस शक के आधार पर उठाया था कि ईरान अपने यूरेनियम भंडार को संवर्धित कर रहा है और उससे हथियार बनाने की तैयारी कर रहा है। 

एक और चौंकाने वाला घटनाक्रम ट्रंप को फीफा शांति पुरस्कार मिलने के दो महीने बाद हुआ, जब अमेरिकी सेना ने एक बार फिर इस्राइल के साथ मिलकर ईरान पर हमला कर दिया और उसके सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामनेई की हत्या कर दी। अमेरिका की एक एयरस्ट्राइक में ईरान में लड़कियों का स्कूल तबाह हो गया था और इसमें सैकड़ों बच्चियों की मौत हुई थी। तब से शुरू हुआ यह युद्ध आज तक जारी है, जिसकी वजह से ट्रंप के दुनिया में शांति लाने के दावों की लगातार आलोचना होती है। 


अब फीफा इस पुरस्कार को खत्म करने की तैयारी क्यों कर रहा?

ब्रिटिश मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक, बीते हफ्ते स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में हुई फीफा परिषद की बैठक में फीफा सदस्य देशों ने इस शांति पुरस्कार को खत्म करने की मांग कर दी। कुछ और सदस्यों ने कहा कि फीफा शांति पुरस्कार नेताओं को नहीं दिया जा सकता। 

शांति पुरस्कार को लेकर बैठक में खड़े हुए इस विवाद के बाद फीफा की 22 सदस्यीय फुटबॉल सामाजिक उत्तरदायित्व समिति (सोशल रिस्पॉन्सिबिलटी कमेटी) को इस अवॉर्ड के महत्व को जांचने का जिम्मा सौंपा गया है। माना जा रहा है कि कतर के दोहा में 16 दिसंबर को होने वाली फीफा परिषद की बैठक के दौरान यह समिति अपना प्रस्ताव सामने रखेगी। 

फीफा की सह-अध्यक्ष और इंग्लिश फुटबॉल एसोसिएशन की प्रमुख डेबी ह्युविट
फीफा की सह-अध्यक्ष और इंग्लिश फुटबॉल एसोसिएशन की प्रमुख डेबी ह्युविट - फोटो : अमर उजाला
फीफा के अध्यक्ष जियानी इन्फैंटिनो ने भी इसकी पुष्टि की कि फीफा समिति इस अवॉर्ड की जांच करेगी और इसके बाद फीफा परिषद इस पर फैसला करेगा। माना जा रहा है कि अवॉर्ड की समीक्षा के बाद इसे खत्म किया जा सकता है या इसे देने के तरीके में बदलाव होगा। 


अवॉर्ड को लेकर फीफा को किस-किस ने घेरा?

अक्तूबर में नॉर्वे के फुटबॉल एसोसिएशन (एनएफएफ) ने फीफा समिति के सामने तीन मुद्दों को उठाया। इसमें एक मुद्दा फीफा शांति पुरस्कार का भी था। एनएफएफ ने कहा था कि जिन मुद्दों के बारे में फीफा को पत्र लिखा गया, उनकी जांच, जवाबदेही तय की जानी चाहिए। एनएफएफ ने इससे पहले भी लगातार फीफा शांति पुरस्कार की वैधता पर सवाल उठाए और कहा कि फीफा को इस पुरस्कार को खत्म कर देना चाहिए, ताकि खेल को सियासत से दूर रखा जा सके। 

गौरतलब है कि नॉर्वे की तरफ से ही नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा भी होती है, जो कि अब तक डोनाल्ड ट्रंप को यह सम्मान देने से बचता आया है। 

फीफा शांति पुरस्कार पर नॉर्वे का फुटबॉल एसोसिएशन।
फीफा शांति पुरस्कार पर नॉर्वे का फुटबॉल एसोसिएशन। - फोटो : अमर उजाला
इससे पहले अप्रैल में ऑस्ट्रेलिया के मिडफील्डर जैक्सन इरविन ने कहा था कि फीफा की तरफ से फुटबॉल की विश्वसनीयता पर संकट पैदा किया जा रहा है। उन्होंने ट्रंप को इस सम्मान देने और इसके बाद अमेरिका की तरफ से अलग-अलग देशों में युद्ध और संकट पैदा करने के कदमों की ओर इशारा करते हुए कहा था कि फीफा अपनी ही मानवाधिकार नीति का उल्लंघन कर रहा है। 

संयुक्त राष्ट्र के एक पूर्व अफसर क्रेग मोखिबर ने भी डोनाल्ड ट्रंप को फीफा शांति पुरस्कार दिए जाने के कदम को शर्मनाक बताया था और कहा था कि फुटबॉल भू-राजनीतिक समस्याओं का हल नहीं कर सकता। उन्होंने कहा था कि यह अवॉर्ड ट्रंप के खराब रिकॉर्ड को बेहतर दिखाने और उनसे फायदा पाने का जरिया है। 

अवॉर्ड में फीफा प्रमुख इन्फैंटिनो की भूमिका क्यों सवाल में?

जियानी इन्फैंटिनो 2016 से ही फीफा के अध्यक्ष बने हुए हैं। यानी ठीक उस समय से जब डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति बने थे। अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में फुटबॉल विश्व कप के आयोजन की तैयारियों के दौरान ही इन्फैंटिनो और ट्रंप की करीबी होने की बातें सामने आती रहीं। ऐसे में जब फीफा की तरफ से अमेरिकी राष्ट्रपति को शांति पुरस्कार दिया गया तो आलोचकों ने इस पर चिंता जताई और फैसले के तरीकों पर सवाल उठाए।

ये भी पढ़ें: फीफा में घमासान: इन्फेंटिनो ने विश्वकप विवाद पर मांगी माफी, फिर भी नहीं माने आलोचक; क्या है पूरा मामला?

ट्रंप पर इन्फैंटिनो के प्रभाव का एक नजारा इस साल हुए फुटबॉल विश्व कप में भी देखने को मिला। दरअसल, टूर्नामेंट के दौरान अमेरिका के एक खिलाड़ी का जब रेड कार्ड मिलने की वजह से अगला मैच खेलना मुश्किल हो गया तो ट्रंप ने सीधे तौर पर फीफा से संपर्क की बात कही। आरोप हैं कि इन्फैंटिनो के सीधे दखल के बाद अमेरिकी खिलाड़ी को अगला मैच खेलने का मौका मिल गया। उनके इस फैसले पर काफी विवाद भी हुआ था। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed