फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Asian Games 2026: India Win Both Kabaddi Golds on Day 7, Sawan Barwal and Tajinderpal Toor Claim Silver

कैसा रहा एशियाड का सातवां दिन?: कबड्डी में भारत का डबल गोल्ड, सावन बरवाल और तजिंदरपाल सिंह तूर ने जीते रजत

Sat, 26 Sep 2026 07:34 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, आइची नागोया
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, आइची नागोया Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Sat, 26 Sep 2026 07:34 PM IST
सार

भारत ने एशियन गेम्स 2026 में सातवें दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला और पुरुष कबड्डी में गोल्ड मेडल जीते। सावन बरवाल ने मैराथन और तजिंदरपाल सिंह तूर ने शॉट पुट में सिल्वर, जबकि प्राची चौधरी ने 400 मीटर में ब्रॉन्ज जीता। इसके अलावा अनाहत सिंह और अभय सिंह ने स्क्वाश के फाइनल में जगह बनाई, धीरज बोम्मादेवरा ने तीरंदाजी में एशियन गेम्स रिकॉर्ड बनाया और भारतीय पुरुष हॉकी टीम सेमीफाइनल में पहुंची।

विज्ञापन
Asian Games 2026: India Win Both Kabaddi Golds on Day 7, Sawan Barwal and Tajinderpal Toor Claim Silver
एशियन गेम्स 2026 - फोटो : ANI/PTI/IANS

विस्तार

एशियन गेम्स 2026 के सातवें दिन शनिवार को भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने पुरुष और महिला कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतकर अपना दबदबा कायम रखा। एथलेटिक्स में सावन बरवाल ने पुरुष मैराथन में रजत पदक जीतकर 44 साल बाद भारत को इस स्पर्धा में पदक दिलाया, जबकि तजिंदरपाल सिंह तूर ने पुरुषों के गोला फेंक में सिल्वर अपने नाम किया। महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम स्पर्धा में भी भारत को रजत मिला।
विज्ञापन


स्क्वाश में अनाहत सिंह और अभय सिंह ने अपने-अपने एकल वर्ग के फाइनल में पहुंचकर स्वर्ण पदक की उम्मीद जगा दी है। पुरुष हॉकी टीम भी जापान को हराकर सेमीफाइनल में पहुंच गई। वहीं, तीरंदाजी में धीरज बोम्मादेवरा ने एशियन गेम्स रिकॉर्ड तोड़ते हुए रिकर्व व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में शीर्ष स्थान हासिल किया।
विज्ञापन

Asian Games 2026: India Win Both Kabaddi Golds on Day 7, Sawan Barwal and Tajinderpal Toor Claim Silver
सावन बरवाल - फोटो : Twitter
सावन बरवाल ने रचा इतिहास, मैराथन में जीता रजत
सावन बरवाल ने पुरुष मैराथन में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने 2 घंटे 11 मिनट 36 सेकंड के समय के साथ रेस पूरी की। इसके साथ ही भारत ने एशियन गेम्स की पुरुष मैराथन में 44 साल बाद पदक जीता। यह इस स्पर्धा में भारत का कुल चौथा पदक है।

सावन ने इसी प्रदर्शन के दौरान अपना राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बेहतर किया। अप्रैल में रॉटरडैम मैराथन में उन्होंने दो घंटे 12 मिनट से कम समय निकालने वाले पहले भारतीय बनकर शिवनाथ सिंह के 48 साल पुराने राष्ट्रीय रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा था। एशियाड में जापान के इचिटाका यामाशिता के बाद दूसरे स्थान पर रहते हुए उन्होंने सिल्वर जीता। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सावन को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी।
विज्ञापन

Asian Games 2026: India Win Both Kabaddi Golds on Day 7, Sawan Barwal and Tajinderpal Toor Claim Silver
बाएं से- आशी, तिलोत्तमा और विदर्सा - फोटो : Twitter
महिला 50 मीटर राइफल 3P में भारत को सिल्वर
तिलोत्तमा सेन, विदर्सा विनोद कोचलुमकल और आशी चौकसे ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम स्पर्धा में भारत को रजत पदक दिलाया। भारतीय टीम ने क्वालिफिकेशन में कुल 1763 अंक जुटाए। चीन ने 1773 अंकों के साथ स्वर्ण और कजाकिस्तान ने 1754 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता।

तिलोत्तमा ने व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में 590 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि विदर्सा 588 अंक के साथ छठे स्थान पर रहीं। दोनों ने व्यक्तिगत फाइनल में जगह बनाई। आशी 585 अंक के साथ 15वें स्थान पर रहीं और व्यक्तिगत फाइनल में जगह नहीं बना सकीं।
विज्ञापन

Asian Games 2026: India Win Both Kabaddi Golds on Day 7, Sawan Barwal and Tajinderpal Toor Claim Silver
भारतीय महिला कबड्डी टीम - फोटो : SAI Media
महिला कबड्डी टीम ने लगातार दूसरी बार जीता गोल्ड
भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ईरान को 37-34 से हराकर एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीत लिया। भारत ने इससे पहले हांग्झू एशियाड में भी गोल्ड जीता था। फाइनल में भारत ने पहले हाफ में 22-16 की बढ़त बनाई, लेकिन दूसरे हाफ में ईरान ने जोरदार वापसी की। ईरान ने भारत को ऑलआउट कर दबाव बनाया, लेकिन भारतीय टीम ने अंतिम मिनटों में लगातार अंक हासिल किए और 37-34 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। ग्रुप चरण में भी भारत ने ईरान को 37-23 से हराया था।

Asian Games 2026: India Win Both Kabaddi Golds on Day 7, Sawan Barwal and Tajinderpal Toor Claim Silver
पुरुष कबड्डी टीम - फोटो : SAI Media
पुरुष कबड्डी टीम ने भी जीता स्वर्ण
महिला टीम के बाद भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने भी फाइनल में ईरान को 40-34 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही भारत ने कबड्डी में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में गोल्ड जीतकर स्पर्धा में क्लीन स्वीप किया। पहले हाफ में ईरान ने भारत को कड़ी टक्कर दी और ब्रेक तक 18-17 की बढ़त बना रखी थी। दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने जोरदार वापसी की और ईरान को ऑलआउट कर बढ़त हासिल कर ली। भारत ने इसके बाद दबाव बनाए रखा और 40-34 से जीत दर्ज की। भारत ने हांग्झू एशियाड में भी पुरुष कबड्डी का स्वर्ण जीता था। एशियन गेम्स में पुरुष कबड्डी में यह भारत का कुल नौवां स्वर्ण पदक है।

Asian Games 2026: India Win Both Kabaddi Golds on Day 7, Sawan Barwal and Tajinderpal Toor Claim Silver
तजिंदरपाल सिंह तूर - फोटो : @India_AllSports
तजिंदरपाल सिंह तूर ने गोला फेंक में जीता सिल्वर
तजिंदरपाल सिंह तूर ने पुरुषों के गोला फेंक में 20.64 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत पदक जीता। वह शुरुआत से ही पदक की दौड़ में बने हुए थे, लेकिन एक समय तीसरे स्थान पर खिसक गए थे। पांचवें प्रयास में तजिंदर ने 20.64 मीटर का थ्रो कर शानदार वापसी की और सिल्वर पक्का किया। उनके पास आखिरी प्रयास में स्वर्ण के लिए चुनौती पेश करने का मौका था, लेकिन अंतिम थ्रो फाउल हो गया।

Asian Games 2026: India Win Both Kabaddi Golds on Day 7, Sawan Barwal and Tajinderpal Toor Claim Silver
प्राची चौधरी - फोटो : Twitter
महिलाओं की 400 मीटर में प्राची को कांस्य
भारत की प्राची चौधरी ने महिलाओं की 400 मीटर फाइनल में 53.21 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता। बहरीन की सलवा नासेर ने 49.20 सेकंड के गेम्स रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण और ईरान की जहरा जारेई मनूजन ने 52.38 सेकंड के साथ रजत जीता। भारत की दूसरी धाविका किरण पाहल 53.41 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहीं।

Asian Games 2026: India Win Both Kabaddi Golds on Day 7, Sawan Barwal and Tajinderpal Toor Claim Silver
अनाहत - फोटो : instagram
स्क्वाश में अनाहत और अभय फाइनल में
भारत की 18 वर्षीय अनाहत सिंह ने जापान की विश्व नंबर-6 सातोमी वातानाबे को हराकर महिला एकल के फाइनल में जगह बनाई। अनाहत ने शुरुआती दो गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी की और मुकाबला 3-2 से अपने नाम किया। इसके साथ ही उनका कम से कम रजत पदक पक्का हो गया है। पुरुष एकल में अभय सिंह ने पाकिस्तान के मुहम्मद इरफान को सीधे गेम में 3-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अभय के भी कम से कम सिल्वर मेडल की पुष्टि हो गई है।

हालांकि, जोशना चिनप्पा और वेलवन सेंथिलकुमार की भारतीय जोड़ी को मिश्रित युगल सेमीफाइनल में हॉन्गकॉन्ग के तांग मिंग हांग और ली का यी से 1-2 से हार मिली। भारतीय जोड़ी ने 10-11, 11-2, 10-11 से मुकाबला गंवाया और उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। जोशना का एशियाई खेलों में यह छठा पदक है।

Asian Games 2026: India Win Both Kabaddi Golds on Day 7, Sawan Barwal and Tajinderpal Toor Claim Silver
भारतीय पुरुष हॉकी टीम - फोटो : Hockey India
पुरुष हॉकी टीम सेमीफाइनल में पहुंची
गत चैंपियन भारत ने पूल ए के मुकाबले में मेजबान जापान को 2-0 से हराकर पुरुष हॉकी के सेमीफाइनल में जगह बना ली। भारत की ओर से अभिषेक ने 15वें मिनट में मैदानी गोल किया, जबकि कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 40वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। यह भारत की टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत है। इससे पहले उसने इंडोनेशिया, श्रीलंका और दक्षिण कोरिया को हराया था। भारत अब 28 सितंबर को बांग्लादेश के खिलाफ अपना आखिरी पूल मैच खेलेगा।

Asian Games 2026: India Win Both Kabaddi Golds on Day 7, Sawan Barwal and Tajinderpal Toor Claim Silver
धीरज बोम्मादेवरा - फोटो : Olympics.com
धीरज बोम्मादेवरा ने तोड़ा एशियन गेम्स रिकॉर्ड
भारत के धीरज बोम्मादेवरा ने रिकर्व व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में 720 में से 698 अंक हासिल कर एशियन गेम्स रिकॉर्ड तोड़ दिया और शीर्ष स्थान हासिल किया। उन्होंने कोरिया के ली वू के 690 अंक के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। धीरज को व्यक्तिगत इवेंट में टॉप सीड मिली और उन्हें दूसरे राउंड में बाई भी मिली। नीरज चौहान 676 अंक के साथ 20वें और संजय यशदीप भोगे 665 अंक के साथ 25वें स्थान पर रहे।

इन तीनों के प्रदर्शन से भारत ने टीम क्वालिफिकेशन में 2039 अंक हासिल कर दूसरा स्थान पाया और पुरुष टीम को प्री-क्वार्टर फाइनल में बाई मिली। महिला कंपाउंड व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में चिकिथा तनिपार्थी ने 705 अंक के साथ शानदार प्रदर्शन किया। ज्योति सुरेखा 699 अंक के साथ 13वें और पृथिका प्रदीप 695 अंक के साथ 20वें स्थान पर रहीं। भारतीय महिला टीम ने भी क्वालिफिकेशन में दूसरा स्थान हासिल किया।

Asian Games 2026: India Win Both Kabaddi Golds on Day 7, Sawan Barwal and Tajinderpal Toor Claim Silver
ज्योति याराजी - फोटो : ANI
ज्योति याराजी ने 100 मीटर बाधा दौड़ से नाम वापस लिया
भारत की स्टार हर्डलर ज्योति याराजी ने महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ की हीट से नाम वापस ले लिया। एएफआई के एक शीर्ष अधिकारी के मुताबिक, वार्म-अप के दौरान दर्द महसूस होने के बाद उन्होंने रेस में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया। याराजी को अंतिम समय में फिटनेस क्लीयरेंस मिलने के बाद भारतीय टीम में शामिल किया गया था। वह घुटने में मामूली स्ट्रेस से जूझ रही थीं। जुलाई 2025 में उनके दाएं घुटने में एसीएल चोट लगी थी, जिसके बाद उनकी सर्जरी हुई थी।

Asian Games 2026: India Win Both Kabaddi Golds on Day 7, Sawan Barwal and Tajinderpal Toor Claim Silver
कपिल - फोटो : BAI Media
मुक्केबाजी में प्रिया और कपिल क्वार्टर फाइनल में
प्रिया घंघास और कपिल पोखरिया ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। प्रिया ने महिलाओं के 60 किग्रा वर्ग में 2018 एशियाई खेलों की चैंपियन ओह यिओंजी को 5-0 से हराया। पुरुषों के 90 किग्रा वर्ग में कपिल ने ईरान के सैम एस्ताकी को 5-0 से मात दी। हालांकि, 55 किग्रा वर्ग में जादूमणि सिंह का अभियान समाप्त हो गया। उन्हें फिलीपींस के कार्लो पालाम के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed