हिमाचल में निवेश करेंगी अमेरिका की कंपनियां: केनेथ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिकी कंपनियां हिमाचल में निवेश करेंगी। भारत में अमेरिका के राजदूत केनेथ आई जस्टर ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच दशकों से मजबूत सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंध रहे हैं। वह हिमाचल में निवेश के लिए उपलब्ध अपार संभावनाओं को प्रदर्शित करने में मदद करेंगे। अमेरिकी कंपनियां स्की रिजॉर्ट, स्की लिफ्ट और शिमला की चांशल घाटी में स्की ढलानों के विकास, कांगड़ा के पौंग बांध जलाशय में अंतरराष्ट्रीय जल क्रीड़ा गतिविधियों के विकास, मंडी के जंजैहली में थीम पार्क और शिकारी माता तक रज्जूमार्ग के निर्माण में निवेश कर सकती हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को भारत में अमेरिकी राजदूत केनेथ आई जस्टर से इस बारे में बातचीत की। वह शिमला आए हैं।
सीएम ने कहा कि बागवानी और संबंधित क्षेत्रों में भी निवेश की अपार संभावनाएं हैं। कोल्ड स्टोरेज, सीए स्टोर, पैक हाउस और प्रस्संस्करण इकाई आदि क्षेत्रों में भी निवेश की क्षमता है। उन्होंने अमेरिकी राजदूत से अमेरिका की बल्क ड्रग और मेडिकल डिवाइस कंपनियों को राज्य में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। जयराम ने कहा कि विभिन्न अमेरिकी कंपनियां पहले से राज्य में दवाओं के उत्पादन का कार्य कर रही हैं। प्रदेश देश का ‘इंडस्ट्रियल हब’ बनकर उभरा है। अमेरिकी कंपनियां इलेक्ट्रिकल और ऊर्जा उपकरणों में निवेश कर हिमाचल को इस क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।
कोलोरोडो और कैलिफोर्निया से मिलती हैं हिमाचल की भौगोलिक स्थितियां : सीएम
सीएम ने कहा कि हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियां अमेरिका के कोलोराडो और कैलिफोर्निया राज्य से मिलती-जुलती हैं। इससे पर्यटन के क्षेत्र में परस्पर सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने स्वयं इस वर्ष 26 जून को अमेरिका-भारत उद्योग काउंसिल के साथ आयोजित वेबिनार में भाग लिया। औद्योगिक क्षेत्र में निवेश के अवसरों के बारे में प्रतिनिधियों के साथ विस्तार से चर्चा की।
कहा कि सरकार ने गत वर्ष नवंबर में धर्मशाला में अधिक निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट’ का आयोजन किया। इस दौरान पर्यटन क्षेत्र में लगभग 17,541 करोड़ के 256 समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किए गए। मुख्य सचिव अनिल खाची, अतिरिक्त मुख्य सचिव राम सुभाग सिंह, सचिव दिवेश कुमार और अमिताभ अवस्थी, योजना सलाहकार बासु सूद भी उपस्थित थे।