ऊना: अनुराग ठाकुर बोले- उत्तर प्रदेश में इतिहास रचेगी भाजपा, अखिलेश समझ चुके जनता उन्हें गंभीरता से नहीं ले रही
ईवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने वाले बयानों पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव पर पलटवार किया। कहा कि चुनाव के दौरान ही अखिलेश यादव समझ चुके थे कि उत्तर प्रदेश में जनता उन्हें गंभीरता से नहीं ले रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा इतिहास रचने जा रही है। वर्ष 1990 के बाद से उत्तर प्रदेश में कोई भी सरकार रिपीट नहीं हुई है। इस बार पीएम नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और सीएम योगी आदित्यनाथ के कानून पसंद शासन को उत्तर प्रदेश की जनता ने विजय का आशीर्वाद दे दिया है। यूपी में एमवाई फैक्टर ने काम किया है। यह मोदी और योगी के साथ उनकी दूरदर्शी सोच से जुड़ी योजनाओं का फैक्टर है। केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ऊना में मीडिया कर्मियों से बातचीत कर रहे थे। ईवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने वाले बयानों पर उन्होंने यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव पर पलटवार किया। कहा कि चुनाव के दौरान ही अखिलेश यादव समझ चुके थे कि उत्तर प्रदेश में जनता उन्हें गंभीरता से नहीं ले रही।
उन्होंने कहा कि सपा के प्रत्याशियों की पहली सूची में जेल और बेल वाले अधिकतर प्रत्याशी शामिल किए गए थे। इस बार के चुनाव में भी सपा का पहले वाली ही चाल, चरित्र और चेहरा नजर आया है। नई सपा की बात करने वाले अखिलेश दस मार्च का इंतजार करें। हालांकि उन्होंने अभी से कहना शुरू कर दिया है कि ईवीएम बेवफा है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की बयानबाजी पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि दीदी पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ पहले भी विपक्ष को एकजुट करने का प्रयास कर चुकी हैं। जिसमें उन्हें मुंह की खानी पड़ी थी। एग्जिट पोल में पंजाब में आप को बढ़त के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि नतीजों का इंतजार कर लें। नतीजों के बाद चर्चा की जा सकती है।
यूक्रेन से लौटे विद्यार्थियों से बोले अनुराग, कमी रही होगी तो क्षमा करें
केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने मंगलवार देर शाम ऊना में यूक्रेन से लौटे विद्यार्थियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भारत सरकार के गंगा अभियान में किसी भी तरह की कमी के लिए क्षमा मांगी। कहा कि सरकार ने अपनी स्तर से यूक्रेन में फंसे भारतीय को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किया है। अनुराग ने कहा कि पहले की सरकारों ने काम किया होता तो देश के युवाओं को मेडिकल की पढ़ाई के लिए यूक्रेन नहीं जाना पड़ता। वह मंगलवार शाम को ऊना जिले के संक्षिप्त दौरे पर थे। ऊना के विश्राम गृह में करीब तीस मिनट तक यूक्रेन से लौटे युवाओं से उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर बातचीत की और उनसे ऊना तक पहुंचने की पूरी यात्रा की जानकारी ली।
उन्होंने पूछा कि युद्धग्रस्त क्षेत्रों से वे कैसे व किसकी मदद लेकर अपने घर तक पहुंचे। उन्होंने भारतीय दूतावास से मिली मदद को लेकर भी फीडबैक लिया। कहा कि विद्यार्थियों के बताए अनुभव को वह पीएम नरेंद्र मोदी के साथ साझा करेंगे। उन्होंने पूछा कि क्या विद्यार्थी भारतीय झंडा साथ लेकर चल रहे थे। किसी ने उन्हें रोका तो नहीं। इस पर विद्यार्थियों ने बताया कि तिरंगा साथ होने पर वे बेझिझक पहुंचे, लेकिन बॉर्डर पर काफी इंतजार करना पड़ा।
इस मुलाकात में यूक्रेन से लौट विद्यार्थियों ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष अपनी आगामी पढ़ाई को लेकर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि वह वापस लौट तो आए हैं, लेकिन पढ़ाई कैसे होगी। एक विद्यार्थी ने यूक्रेन के हालात से कुछ विद्यार्थियों के सदमे में होने की जानकारी देते हुए भारत में ही उनकी आगामी पढ़ाई जारी रखने का आग्रह किया। अनुुराग ने यह मामला केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष बात रखने का आश्वासन दिया। इस मौके पर छठे राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, एचपीएसआईडीसी के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार, डीसी राघव शर्मा, एसपी अर्जित सेन ठाकुर व विद्यार्थियों के अभिभावक मौजूद रहे।
हालात इतने खराब हो जाएंगे, सोचा न था
अनुराग से बातचीत के दौरान विद्यार्थियों ने कहा कि किसी ने नहीं सोचा था कि अचानक हालात इतने खराब हो जाएंगे। 23 फरवरी तक कक्षाएं चल रही थीं और 24 को अचानक कक्षाएं स्थगित होने की सूचना मिली। इस बीच गोलाबारी शुरू हो गई। विद्यार्थियों की मानें तो एडवाइजरी को उनकी यूनिवर्सिटी ने हल्के में लिया और हालात बिगड़ने के बाद मुश्किलें बढ़ र्गइं।