हिमाचल के लाखों किसानों के बैंक खातों में पहुंचे दो-दो हजार रुपये
हिमाचल के 7.63 लाख किसानों के बैंक खातों में दो-दो हजार रुपये की राशि पहुंच गई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत अप्रैल की पहली किस्त के तौर पर 152 करोड़ रुपये किसानों को बांट दिए गए हैं। प्रदेश के कुल 8.69 लाख किसानों को इस योजना के तहत पैसा दिया जाना है। केंद्र साल में छह हजार रुपये इस योजना में तीन किस्तों में पात्र किसानों को देने का फैसला लिया है। राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के संयोजक जेएन कश्यपने बताया कि प्रदेश में पंजाब नेशनल बैंक के माध्यम से इस राशि का आवंटन किया जा रहा है। शेष किसानों को भी पैसा जल्द जारी कर दिया जाएगा।
कोरोना वायरस से बचाव को देश भर में हुए लॉकडाउन के चलते इस वित्तीय वर्ष की पहली किस्त अप्रैल में जारी करने का केंद्र सरकार ने फैसला लिया है। इसी कड़ी में प्रदेश में सोमवार तक 7.63 लाख किसानों के खातों में राशि डाल दी गई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना केंद्र सरकार की है। इसका एलान फरवरी 2019 को आए बजट में किया गया था। किसान को दो-दो हजार रुपये की तीन किस्तों में यह पैसा डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर में दिया जाता है।
78,233 हजार असंगठित कामगारों के खाते में डाले 2-2 हजार
हिमाचल के 78,233 असंगठित कामगारों के खाते में सरकार ने मार्च माह की दो-दो हजार रुपये की राशि उनके खाते में डाल दी है। मार्च के बाद अब मंगलवार से बोर्ड कामगारों को अप्रैल का भुगतान आरंभ कर देगा। हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से असंगठित कामगारों को मार्च के लिए 78,233 को दो-दो हजार रुपये की राशि दी गई है। कामगारों को मार्च के लिए यह राशि ऑनलाइन दी गई है।
अब सरकार इन कामगारों को अप्रैल के लिए दो-दो हजार की राशि की भुगतान शुरू करेगी। लॉकडाउन के कारण बोर्ड सभी कामगारों को भुगतान नहीं कर पाया था। श्रमिक कल्याण बोर्ड से सचिव मनोज तोमर ने बताया कि जो कामगार बोर्ड से पंजीकृत हैं और 18 से 60 साल के बीच हैं। उन्होंने साल में 90 दिन का काम किया है तो उन कामगारों के खाते में यह राशि दी जमा की गई है। राज्य के 78,233 कामगारों को मार्च का भुगतान कर दिया है। अप्रैल का भुगतान बोर्ड का दफ्तर मंगलवार से शुरू कर दिया जाएगा।