हिमाचल में भारी बारिश से दो घर ढहे, अंधड़ से उड़ीं 52 मकानों की छतें, 250 ट्रांसफार्मर ठप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में जारी भारी बारिश-बर्फबारी से दो घर ढह गए जबकि अंधड से 52 घरों की छतें उड़ गई। कुल्लू जिला में बिजली के 250 ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं। रोहतांग में मार्च के दौरान एक दिन में रिकॉर्ड 90 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। चंबा में नौ घरों सहित ऐतिहासिक बन्नी माता मंदिर को खतरा हो गया है। बड़सर में बिजली गिरने से मंदिर क्षतिग्रस्त हुआ है। अंधड़ और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। प्लम की फ्लावरिंग झड़ गई, सेब की सेटिंग पर असर पड़ा। सीजेएम सोलन के आवास की दीवार गिरने से भवन को खतरा हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 19 मार्च तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। राजधानी शिमला में बारिश और ओलावृष्टि हुई। लाहौल में हिमखंड गिरने का खतरा बढ़ गया है।
नेरवा में पुराने बस अड्डे के समीप दयांडली नाले में बाढ़ आने से एक कार बह गई। मलबे में तीन अन्य वाहन फंस गए हैं। कुल्लू जिले के लारजी-सैंज मार्ग स्थित पागलनाला 24 घंटे के भीतर तीन बार बंद हुआ। तूफान से कई इलाकों में रातभर बिजली गुल रही। पेड़ गिरने से बिजली के तारों को नुकसान हुआ। जिले में करीब 250 ट्रांसफार्मर ठप हैं, 40 से अधिक घरों, स्कूलों व दुकानों की छतों को नुकसान हुआ है। सैंज घाटी के रैला पंचायत के खडगंचा प्राइमरी स्कूल के किचन शेड की छत उड़ गई। सैंज-आनी-औट एनएच 305 यातायात के लिए अवरुद्ध है। रामपुर उपमंडल की सरपारा और गानवीं पंचायत में तूफान से एक दर्जन से अधिक मकानों, स्कूल भवन और गोशालाओं को क्षति पहुंची है।
रोहडू-रामपुर मार्ग भी अवरुद्ध हो गया है। किन्नौर की ऊंची चोटियों में 10 से 20 सेंटीमीटर ताजा हिमपात हुआ है। चंबा में बर्फबारी के कारण जिले के दो दर्जन के करीब मार्गों पर भूस्खलन से वाहनों की आवाजाही थम गई। गरोला में दो मंजिला स्लेटपोश मकान गिर गया। चंबा के कोहलड़ी में पांच मकानों सहित ऐतिहासिक बन्नी माता मंदिर को खतरा पैदा हो गया है। चंबा-जोत व खज्जियार-लक्कड़मंडी मार्ग ठप है। उपमंडल भोरंज के कडोहता में दो मंजिला मकान जमींदोज हो गया।
बड़सर के चंबेह गांव में बिजली गिरने से छह कमरों का मकान क्षतिग्रस्त हो गया। जिला सोलन मे बारिश-ओलों से मटर सहित अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा है। ऊना में 1450 हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की फसल और आलू की फसल का 10 फीसदी हिस्सा बरबाद हो गया। मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ ही अधिकतम तापमान में पांच डिग्री की कमी दर्ज हुई। वीरवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 3.0, कल्पा में माइनस 0.8, डलहौजी में माइनस 0.7, कुफरी में माइनस 0.3 और शिमला में 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
क्षेत्र बर्फबारी (सेंटीमीटर में)
रोहतांग 90
कोकसर-मढ़ी 60
सिस्सू 30
सोलंगनाला 20
जलोड़ी दर्रा 20