Himachal: हरोली लूटपाट मामले में अमृतसर से दो आरोपी गिरफ्तार, एक ही दिन में छह वारदातों को दिया था अंजाम
हरोली क्षेत्र में विभिन्न इलाकों और ऊना के समूरकलां में हुई लूट व मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के हरोली क्षेत्र में विभिन्न इलाकों और ऊना के समूरकलां में हुई लूट व मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हरोली और ऊना क्षेत्र में आपराधिक वारदातों को अंजाम देने के बाद पंजाब की ओर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने सड़क किनारों पर लगाए सीसीटीवी, सर्विलांस और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पंजाब में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। शुक्रवार देर रात पुलिस ने सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को अमृतसर से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान भूपिंद्र भूपाल (18) निवासी गांव भारटा गणेशपुर, अर्शदीप सिंह (23) निवासी गांव ठोआणा डाकघर बिन्जो तहसील गढशंकर, जिला होशयारपुर के तौर पर हुई है।
जानकारी के अनुसार 27 अगस्त को पोलियां के एक बुजुर्ग व्यक्ति ने हरोली पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में उन्होंने पुलिस को बताया कि छह लड़कों ने 26 अगस्त को पोलियां के पास उसे घेरा तथा हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए 5000 रुपये छीन लिए। इसी दिन देर शाम के समय समूरकलां स्थित एक पेट्रोल पंप कर्मी के साथ भी बाइक सवार तीन लोगों ने मारपीट की। इस दौरान आरोपियों को कर्मी के पास कुछ न मिला तो करीब 900 रुपये का पेट्रोल भरवाकर फरार हो गए। पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार किए आरोपियों ने उक्त दोनों मामलों में शामिल होने का बात कबूल की है। पुलिस ने तीन दिन की कड़ी मेहनत के बाद वारदात के चौथे दिन बाद ही लूट के मामलों में बड़ी सफलता प्राप्त की है।
वारदात को अंजाम देकर अमृतसर में छिपे
एचएचओ हरोली सुनील सांख्यान ने बताया कि आरोपी ऊना में योजनाबद्ध तरीके से लूट की घटनाओं को अंजाम देने के मकसद से दाखिल हुए। इस दौरान उन्होंने एक ही दिन में पांच से छह घटनाओं को अंजाम दिया और दोबारा पंजाब की ओर निकल गए। कहा कि आरोपियों को जिला में दाखिल होते और वापस लौटते जो भी अकेला मिला, उससे लूट करते हुए आगे बढ़े। कहा कि अभी केवल दो आरोपी पकड़े गए हैं, जबकि इन घटनाओं में छह आरोपी शामिल थे। जल्द चार फरार चल रहे आरोपियों को भी गिरफ्त में लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस को पूरा शक है कि सभी वारदातों में इन छह युवकों का हाथ है। इससे जुड़े सुबूत भी मिले हैं।
नई तकनीक बनी पुलिस का सहारा
हरोली में लगातार हुई लूट की घटनाओं के बीच आरोपियों तक पहुंचने में आधुनिक तकनीक पुलिस का बड़ा सहारा बनी है। हरोली में मुख्य चौक चौराहों व सड़क मार्गों में उच्च गुणवत्ता के कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मदद से वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान करने में काफी मदद मिली। इसके साथ ही सर्विलांस की टीम ने भी पुलिस को कई अहम इनपुट दिए, जिनकी मदद से आरोपियों की पहचान के साथ उनके ठिकानों का भी पता लगाया जा सका।
जल्द ही सभी आरोपी होंगे गिरफ्तार
उपपुलिस अधीक्षक मोहन रावत ने कहा कि आम जनता को बिल्कुल भी भयभीत होने की जरूरत नहीं है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आम जनता किसी भी अप्रिय घटना की जानकारी या कोई भी गोपनीय सूचना तुरंत थाना के नंबर या पुलिस थाना प्रभारी के नंबर 7018995910 पर दे सकती है। उधर, पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने कहा कि हरोली पुलिस की टीम लगातार लूट की घटनाओं को सुलझाने में जुटी थी। आरोपियों से सख्ती के साथ पूछताछ की जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.