नाइट कर्फ्यू हटने और लग्जरी बस सेवा चलने से हिमाचल में 25 फीसदी तक बढ़ेगी पर्यटकों की आमद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश सरकार के शिमला, कांगड़ा, मंडी और कुल्लू जिले से रात्रि कर्फ्यू हटाने और बाहरी राज्यों के लिए लग्जरी बसों का संचालन शुरू करने के फैसले से प्रदेश में 25 फीसदी तक पर्यटकों की आमद में बढ़ोतरी की उम्मीद है। सरकार के फैसले के दूसरे दिन ही दक्षिण और पश्चिम भारत से सैलानियों ने हिमाचल के पर्यटन स्थलों में होटलों की बुकिंग के लिए इंक्वायरी शुरू कर दी है। भारी संख्या में बुकिंग कन्फर्म भी हो रही हैं। सैलानी शिमला, मनाली, धर्मशाला और डलहौजी घूमने के लिए अधिक दिलचस्पी दिखा रहे हैं। मुंबई, बंगलूरू, पुणे, पश्चिम बंगाल, हैदराबाद और मध्य प्रदेश के पर्यटक सबसे अधिक पूछताछ कर रहे हैं। कोविड-19 संक्रमण के चलते बीते करीब एक साल से प्रदेश में पर्यटन कारोबार बुरी तरह प्रभावित है। क्रिसमस के बाद पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली से सैलानियों की आमद शुरू हुई है, लेकिन दूरदराज के राज्यों विशेषकर दक्षिण और पश्चिम भारत से सैलानी हिमाचल का रुख नहीं कर रहे हैं। सरकार के रात्रि कर्फ्यू हटाने और वोल्वो संचालन शुरू करने के फैसले के तुरंत बाद दक्षिण और पश्चिम भारत के सैलानियों ने प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर होटलों की बुकिंग शुरू कर दी है।
25 फीसदी बढ़ेगी सैलानियों की आमद : अश्वनी
फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष अश्वनी बांबा ने कहा कि रात्रि कर्फ्यू हटाने और वोल्वो शुरू होने के तुरंत बाद दक्षिण और पश्चिम भारत के सैलानियों ने होटलों की बुकिंग के लिए इंक्वायरी शुरू कर दी है। बड़ी संख्या में बुकिंग कन्फर्म भी हो रही हैं। सरकार के इन फैसलों से हिमाचल में करीब 25 फीसदी तक सैलानियों की आमद बढ़ेगी।
8 से 10 दिन के टूर पर आते हैं दक्षिण और पश्चिम के टूरिस्ट
दक्षिण और पश्चिम भारत से टूरिस्ट औसतन 8 से 10 दिन के टूर पर हिमाचल आते हैं। मनाली, शिमला, धर्मशाला और डलहौजी में हर जगह 2 से 3 दिन की बुकिंग होती है, जिससे पर्यटन कारोबारियों को अच्छा बिजनेस मिलता है।
ट्रायल पर एक हफ्ते सात रूटों पर ही चलेंगी वोल्वो
ट्रायल के तौर पर एक हफ्ते एचआरटीसी की वोल्वो 7 रूटों पर ही चलेंगी। निगम प्रबंधन एक हफ्ते बाद वोल्वो के संचालन से हुई आय और ऑक्यूपेंसी का आकलन कर वोल्वो की संख्याबढ़ाने का फैसला लेगा। पहले दिन शिमला से 4 यात्रियों के साथ सुबह 10 : 05 पर वोल्वो दिल्ली रवाना हुई। चंडीगढ़ से इस बस को दिल्ली के लिए दो और मुरथल और करनाल के लिए एक एक सवारी मिली। शिमला से दिल्ली रूट पर पहले दिन वोल्वो की करीब 7000 रुपये इनकम हुई। वीरवार को एचआरटीसी ने अपने ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल hrtchp.com पर भी वोल्वो बसें अपडेट कर दी। अब यात्री एचआरटीसी बुकिंग पोर्टल के जरिए भी वोल्वो बसों में सीटें बुक कर सकेंगे।
वोल्वो की रवानगी के समय निर्धारित
एचआरटीसी प्रबंधन ने शिमला, धर्मशाला, मनाली, बीड़- बैजनाथ से संचालित होने वाली वोल्वो बसों के रवानगी का समय निर्धारित कर दिया है। शिमला से दिल्ली के लिए शुक्त्रस्वार को वोल्वो सुबह 9 : 45 और रात में 9: 00 बजे रवाना होगी। दिल्ली से शिमला के लिए सुबह 9:25 और रात में 9:02 पर वोल्वो चलेगी। इसके अलावा धर्मशाला से दिल्ली के लिए वोल्वो की रवानगी का समय शाम 8:00 बजे, धर्मशाला से चंडीगढ़ के लिए सुबह 11:00 बजे, बीड़- बैजनाथ से दिल्ली के लिए दोपहर 3:45, मनाली से चंडीगढ़ के लिए सुबह 11:45, मनाली से दिल्ली के लिए शाम 6:30 बजे निर्धारित किया गया है।
एक हफ्ते तक 7 रूटों पर ही होगा ट्रायल : संदीप
एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार ने बताया कि पहले दिन वोल्वो बसों को बहुत अच्छा रिस्पांस नहीं मिल पाया है। एक हफ्ते तक निर्धारित 7 रूटों पर ही ट्रायल किया जाएगा। इसके बाद ऑक्यूपेंसी का आकलन कर वोल्वो की संख्या बढ़ाने का निर्णय होगा।