Lahul: बर्फ के दीदार को कोकसर में उमड़े सैलानी, ट्यूब स्लाइडिंग-स्कीइंग सहित अन्य गतिविधियों का उठाया आनंद
बर्फ देखने की चाह में अटल टनल रोहतांग से होकर दो दिनों में हजारों की संख्या में पर्यटक वाहन नाॅर्थ पोर्टल, कोकसर पहुंचे। सोमवार को भी पर्यटकों का आना जारी रहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अटल टनल रोहतांग खुलने के बाद यह पहला मौका है कि कोकसर में जनवरी के अंतिम सप्ताह में भी पर्यटकों की चहलकदमी हो रही है। इसका मुख्य कारण घाटी में बर्फबारी का न होना है। वीकेंड पर काफी अधिक संख्या में सैलानी अटल टनल रोहतांग होकर कोकसर पहुंचे। सैलानियों ने यहां पर ट्यूब स्लाइडिंग, स्कीइंग सहित अन्य गतिविधियों का लुत्फ उठाया। वर्ष 2023 में 29 दिसंबर को बर्फबारी होने के बाद कोकसर में पर्यटकों की आवाजाही बंद हो गई थी। अमूमन बर्फबारी होने के कारण कोकसर पहुंचना आसान नहीं होता। इस साल बर्फबारी न होने के कारण कोकसर की तरफ वाहनों की आवाजाही जारी है। ऐसे में सैलानी बर्फीली वादियों को निहारने और बर्फ के बीच मस्ती करने के लिए कोकसर पहुंच रहे हैं।
जनवरी के अंतिम सप्ताह में शनिवार और रविवार को सैलानियों ने कोकसर में दस्तक दी। बर्फ देखने की चाह में अटल टनल रोहतांग से होकर दो दिनों में हजारों की संख्या में पर्यटक वाहन नाॅर्थ पोर्टल, कोकसर पहुंचे। सोमवार को भी पर्यटकों का आना जारी रहा। कुछ सैलानी कोकसर में ट्यूब पर स्लाइडिंग करते नजर आए, जबकि पर्यटकों ने स्कीइंग का भी लुत्फ उठाया। सुहावने मौसम के बीच सैलानियों ने बर्फ के बीच जमकर मस्ती की। सैलानियों ने यादगार लम्हों को अपने कैमरों और मोबाइल में भी कैद किया। स्थानीय निवासी शेर सिंह, ज्ञानचंद, सोनम और अमर ने कहा कि मौसम परिवर्तन होने से इस साल जनवरी के अंतिम सप्ताह में भी सैलानी कोकसर पहुंच रहे हैं।
अटल टनल के आरपार हुए 19,000 वाहन
वीकेंड पर मनाली में पर्यटकों का सैलाब उमड़ गया है। पिछले तीन दिन में 5,000 से अधिक पर्यटक वाहन मनाली पहुंचे। अटल टनल से होकर सिस्सू में बर्फ के बीच अठखेलियां करने के लिए हजारों पर्यटकों की भीड़ उमड़ी। शनिवार को 19,000 पर्यटक वाहन अटल टनल रोहतांग के आरपार हुए। अटल टनल रोहतांग और सोलंगनाला में हुई हल्की बर्फबारी के बाद मनाली में पर्यटन कारोबार में बढ़ोतरी हुई है। वीकेंड और बर्फबारी से पर्यटक मनाली की ओर खींचे चले आए। पर्यटन नगरी मनाली में लगे ग्रीन टैक्स बैरियर के आंकड़ों के अनुसार दिसंबर के बाद पहली बार इतनी अधिक भीड़ देखने को मिली। उधर, रविवार को भी मौसम मेहरबान रहा। अटल टनल में तेज हवाओं के साथ बर्फबारी के आसार बने रहे हालांकि बर्फबारी नहीं हुई। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने कहा कि पर्यटकों की आवाजाही के बावजूद यातायात सामान्य रूप से चल रहा है। बरहाल मनाली के पर्यटन कारोबारी पर्यटन नगरी में बर्फबारी का इंतजार कर रहे हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.