Asian Rafting Championship: हिमाचल के कुल्ल में पहली बार होगा एशियन राफ्टिंग चैंपियनशिप का रोमांच
उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने शनिवार को तैयारियों को लेकर कहा कि चैंपियनशिप का शुभारंभ 16 सितंबर को मनाली में होगा, जबकि समापन समारोह कुल्लू के अटल सदन में किया जाएगा।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पहली बार ब्यास की लहरों पर एशियन राफ्टिंग चैंपियनशिप होगी। इसका आयोजन 16 सितंबर से 25 सितंबर तक किया जाएगा। यह चैंपियनशिप विश्व राफ्टिंग और इंडियन राफ्टिंग फेडरेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जाएगी। इसमें एशियाई देशों की 25 टीमें भाग लेंगी। इनमें एक टीम हिमाचल प्रदेश की भी होगी। टीमों में पुरुष और महिला प्रतिभागी शामिल होंगी। राफ्टिंग का रूट निराला कॉटेज रायसन से बबेली नेचर पार्क के बीच रहेगा। उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने शनिवार को तैयारियों को लेकर कहा कि चैंपियनशिप का शुभारंभ 16 सितंबर को मनाली में होगा, जबकि समापन समारोह कुल्लू के अटल सदन में किया जाएगा। इसमें 100 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। चैंपियनशिप की तैयारियों के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया है। इससे पर्यटन को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि यहां का वातावरण राफ्टिंग जैसी साहसिक गतिविधियों के लिए अनुकूल है।
फ्रांस से आएंगे 15 विशेष राफ्ट
भारतीय राफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष शौकत सिकंदर ने कहा चैंपियनशिप के लिए फ्रांस से 15 विशेष राफ्ट आएंगे। चैंपियनशिप के संबंध में मुख्य सचिव और प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा की जाएगी। उन्होंने प्रतिभागियों व चैंपियनशिप से जुड़े समस्त अधिकारियों के आवागमन सहित रहने व खाने-पीने की व्यवस्था पर चर्चा की। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रशांत सरकैक, पर्वतारोहण संस्थान मनाली के निदेशक अविनाश नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र, सहायक आयुक्त शशिपाल नेगी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुनयना शर्मा, आईटीबीपी से तेंजिन समेत अन्य उपस्थित रहे।