{"_id":"5e738d378ebc3e768812d6ee","slug":"the-newborn-was-declared-dead-by-the-doctors-the-girl-wept-when-the-family-came","type":"story","status":"publish","title_hn":"जीवित नवजात को डॉक्टरों ने कर दिया मृत घोषित, परिजन आए तो रो पड़ी बच्ची","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जीवित नवजात को डॉक्टरों ने कर दिया मृत घोषित, परिजन आए तो रो पड़ी बच्ची
Thu, 19 Mar 2020 09:08 PM IST
Krishan Singh
अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
Published by: Krishan Singh
Updated Thu, 19 Mar 2020 09:08 PM IST
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
चिकित्सकाें की लापरवाही के मामले अक्सर सामने आते रहे हैं। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने प्रसव के बाद नवजात को मृत घोषित कर दिया। दुखी परिजन जब शव लेने पहुंचे तो नवजात बच्ची अचानक रोने लग पड़ी। गंभीर लापरवाही का यह मामला हिमाचल में महिलाओं के सबसे बड़े स्वास्थ्य केंद्र कमला नेहरू अस्पताल में सामने आया है।
विज्ञापन
नवजात के पिता विजय कुमार ने अस्पताल के दौरे पर आए शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज और अस्पताल की वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक को इस बारे में शिकायती पत्र सौंप कर उचित कार्रवाई की मांग की है। अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जांच कराने की बात कही है। जानकारी के अनुसार कुल्लू जिले के गांव मौहल की रहने वाली महिला राजकुमारी को नेरचौक मेडिकल कॉलेज मंडी से केएनएच रेफर किया था। महिला मंगलवार रात साढ़े दस बजे अस्पताल पहुंची। डॉक्टरों की निगरानी में वीरवार तड़के तीन बजे महिला ने बच्ची को जन्म दिया।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि गर्भवती का यह मामला प्री-मैच्योर डिलीवरी का था। डॉक्टरों ने रिस्क का हवाला देते हुए किसी एक को बचाने की बात कही थी। ऐसे में महिला का जीवन बचाने पर अधिक ध्यान दिया गया। नवजात को जन्म के बाद कपड़े से लपेटकर अलग रख दिया गया। डॉक्टरों ने परिजनों को नवजात के मृत होने की जानकारी दी। नवजात के पिता ने बताया कि जब उनकी सास मृत नवजात को लेने गई तो बच्ची चीखने लगी। इसके बाद डॉक्टरों को एहसास हुआ कि नवजात जीवित है और तत्काल उसे वेंटिलेटर पर ले जाया गया।
विज्ञापन
नवजात को बिना जांच किए मृत घोषित करने के मामले में शिकायत मिली है। ड्यूटी पर कौन डॉक्टर था, इसकी जानकारी ली जा रही है। मामले की जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी।- डॉ. अंबिका चौहान, वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक, केएनएच