Kangra News: जीएस बाली के नाम पर होगा टांडा का मदर चाइल्ड अस्पताल, अधिसूचना जारी
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. भानु अवस्थी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मदर चाइल्ड हॉस्पिटल का नाम जीएस बाली मदर एंड चाइल्ड केयर अस्पताल होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में 40 करोड़ रुपये से नवनिर्मित 200 बिस्तरों के मदर एंड चाइल्ड केयर हॉस्पिटल का नाम नगरोटा के पूर्व विधायक एवं मंत्री दिवंगत जीएस बाली के नाम पर रखा गया है। सरकार ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. भानु अवस्थी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मदर चाइल्ड हॉस्पिटल का नाम जीएस बाली मदर एंड चाइल्ड केयर अस्पताल होगा। 200 बिस्तरों के इस अस्पताल में 8 डिलीवरी टेबल और 147 बेड महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। दो ऑपरेशन थियेटर, चार बेड का आईसीयू भी स्थापित किया गया है।
उन्होंने बताया कि केंद्र की योजना के तहत 2016 से अस्पताल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। तीन महीने में अस्पताल के संचालन की उम्मीद है। मशीनें स्थापित कर दी गई हैं। मौजूदा अस्पताल के गायनी वार्ड में 30 बेड रहेंगे। रोगियों, तीमारदारों और स्टाफ के लिए बीओटी के आधार पर 500 वाहनों के लिए बहुमंजिला पार्किंग बनाने का प्रस्ताव कॉलेज प्रशासन ने सरकार को मंजूरी के लिए भेजा है। इस बहुमंजिला कार पार्किंग में शॉपिंग कांप्लेक्स का भी प्रावधान किया गया है। अस्पताल के प्रवेश द्वार पर नवनिर्मित सराय भवन का संचालन जिला रेड क्रॉस सोसायटी करेगी। शीघ्र अस्पताल प्रशासन जिला रेडक्रॉस सोसायटी के साथ एमओयू साइन कर सराय भवन सौंप देगा। ट्राॅमा सेंटर का कार्य अंतिम चरण में है। सरकार से अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की मांग की गई है।