Himachal Weather: नारकंडा, हाटू पीक में अक्तूबर में पहली बार बर्फबारी, शिकारी देवी में 40 साल का रिकॉर्ड टूटा
हिमाचल प्रदेश में चोटियों पर मंगलवार को भी बर्फबारी का दौर जारी रहा। रोहतांग दर्रा, बारालाचा, शिंकुला दर्रे समेत किन्नौर, लाहौल और कुल्लू-चंबा में चोटियों पर बर्फबारी हुई। धर्मशाला में धौलाधार की पहाड़ियों पर भी बर्फबारी हुई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
येलो अलर्ट के बीच हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में एक फीट तक बर्फबारी रिकॉर्ड हुई है। राजधानी शिमला के नारकंडा, अटल टनल रोहतांग, मढ़ी, पर्यटन नगरी डलहौजी के लक्कड़ मंडी, जोत और कुल्लू के जलोड़ी दर्रे में सीजन का पहला हिमपात हुआ है। अक्तूबर में शिमला के नारकंडा, हाटू पीक में पहली बार बर्फ गिरी है। मंडी के शिकारी देवी में अक्तूबर में 10 सेंटीमीटर बर्फबारी का पिछले 40 वर्षों का रिकॉर्ड टूटा है। पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश और ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी से तापमान में 9 से 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। जलोड़ी जोत में 12 सेंटीमीटर तक हिमपात हुआ है। औट-बंजार-सैंज हाईवे-305 भी यातायात के लिए अवरूद्ध हो गया है। इससे आनी और निरमंड ब्लॉक की पंचायतों का जिला मुख्यालय कुल्लू से संपर्क कट गया है
राजधानी शिमला और ऊपरी इलाकों में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड का अहसास होने लगा है। बर्फबारी के कारण तीसरे दिन चार घंटे बाद बहाल हुआ मनाली-लेह मार्ग सोमवार दोपहर 2:00 बजे फिर बंद हो गया। हिमाचल प्रदेश में चोटियों पर मंगलवार को भी बर्फबारी का दौर जारी रहा। रोहतांग दर्रा, बारालाचा, शिंकुला दर्रे समेत किन्नौर, लाहौल और कुल्लू-चंबा में चोटियों पर बर्फबारी हुई। धर्मशाला में धौलाधार की पहाड़ियों पर भी बर्फबारी हुई है। शिमला सहित प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रहने के साथ धूप खिली। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बुधवार को कुछ क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। गुरुवार से मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। प्रदेश में बदले मौसम से सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। केलांग में न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
मनाली-लेह सहित शिंकुला दर्रे से जांस्कर को जोड़ने वाला मार्ग और कुल्लू का औट-बंजार-सैंज एनएच-305 अभी ठप है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के लिंडूर गांव में भूस्खलन होने से एक घर की दीवार गिर गई और कई में दरारें आईं हैं। मंडी-कुल्लू एनएच पर सफर जोखिमपूर्ण हो गया है। कई जगह चट्टानें लटक गई हैं। छह मील और नौ मील में ज्यादा खतरा बना हुआ है। ऊना में आलू की फसल खराब होने का अंदेशा बन गया है। उधर, बर्फ के फाहे गिरने के दौरान दारचा से आगे मनाली-लेह मार्ग को मंगलवार सुबह आधे घंटे के लिए बहाल किया गया। इस दौरान मनाली से गए 80 वाहनों को मनाली ओर सरचू से मनाली के लिए 12 गाडियां आईं। बीआरओ ने मार्ग को सुबह 11:00 से 11:30 बजे तक खोला था, जिसके बाद दारचा पुलिस चौकी से वाहनों को लेह के लिए रवाना किया गया। इन वाहनों को यहां मौसम की स्थिति को देखते हुए रोका गया।
बारिश मिलीमीटर में
डलहौजी 79.0
चुवाड़ी 74.1
कसौली 42.0
रोहड़ू 30.0
पांवटा 28.8
शिमला 26.6
चंबा 25.0
सोलन 21.1
धर्मशाला 20
कुफरी 19.0
मनाली 12
सोमवार को दर्ज अधिकतम तापमान डिग्री सेल्सियस में...
ऊना 27.0
बिलासपुर 23.4
नाहन 22.7
कांगड़ा 21.4
धर्मशाला 19.0
मंडी 18.8
सोलन 15.6
शिमला 13.2
मनाली 12.4
केलांग 9.1