PM Modi HP Visit: पीएम मोदी को भेंट करेंगे शिव का नाद रणसिंघा, पीएंगे कुल्लू के अनार का जूस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उपहार के रूप में शिव का नाद रणसिंघा दिया जाएगा। पीतल से बने इस वाद्य यंत्र को विशेष रूप से देव समाज की देखरेख में तैयार किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश की छोटी काशी मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में 24 सितंबर को विधानसभा चुनावों का शंखनाद करने आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उपहार के रूप में शिव का नाद रणसिंघा दिया जाएगा। पीतल से बने इस वाद्य यंत्र को विशेष रूप से देव समाज की देखरेख में तैयार किया गया है। हिमाचल में इस यंत्र का विशेष महत्व है। प्राचीन समय में युद्ध का शंखनाद करने और दुश्मन को चेताने के लिए इसे बजाया जाता था। वर्तमान में देव यात्राओं के दौरान देव ध्वनियों में भी इसका प्रयोग किया जाता है। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी कुल्लू के अनार का ताजा जूस भी पीएंगे। दोपहर का खाना पीएम के लिए विशेष रूप से पैक करवाया जा रहा है। इसमें सेपू बड़ी, गुच्छी और सिड्डू व्यंजन विशेष रूप से शामिल किए गए हैं। मंडी के कांगणीधार में वायुसेना ने वीरवार सुबह हेलिकाप्टर उतारा। यह ट्रायल सफल रहा। कांगणी में दो हेलिकाप्टर उतरेंगे।
जबकि एक सुंदरनगर के पॉलिटेक्नीक कॉलेज में उतरेगा। यहां तीन हेलिकाप्टर उतर सकते हैं। इमरजेंसी में यहां एक साथ तीन हेलिकाप्टरों की लैंडिंग भी की जा सकती है। शनिवार करीब 11:00 बजे पीएम मंडी पहुंचेंगे। वहीं, शुक्रवार को अंतिम रिहर्सल की जाएगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरवार सुबह और शाम दो बार पड्डल मैदान पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। कहा कि संभवत: हिमाचल के इतिहास में पहली बार हो रहा है कि देश के प्रधानमंत्री प्रदेश के युवाओं को संबोधित करेंगे। युवाओं के लिए यह गौरव का अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मंडी दौरा ऐतिहासिक होगा। प्रधानमंत्री का हिमाचल से गहरा लगाव है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप और मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल भी उनके साथ रहे। पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू भी इस अवसर पर विशेष तौर पर उपस्थित रहे। संवाद
पड्डल मैदान सजा ट्रैफिक प्लान तैयार
पड्डल मैदान सज चुका है। यहां करीब एक लाख युवाओं के एकत्र होने का दावा किया जा रहा है। यहां एक लाख से अधिक कचौड़ियां परोसी जाएंगी। निगरानी के लिए सीसीटीवी लगाए गए हैं। ट्रैफिक प्लान भी तैयार है। आपातकालीन वाहनों को छोड़ शनिवार को 5:00 से रात 10:00 बजे तक सभी भारी वाहन मंडी टाउन में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। कुल्लू और मनाली जाने वाले सभी वाहनों को द्रंग से कटौला कमांद (बसों के अलावा) के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। सांसदों और विधायकों के वाहन जिमखाना क्लब भवन और हैंडबाल ग्राउंड में पार्क किए जाएंगे।