प्रशासनिक और न्यायिक सेवा भर्ती के सात हजार आवेदन रद्द
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्य प्रशासनिक और न्यायिक सेवा अधिकारी भर्ती की दौड़ से सात हजार आवेदक बाहर हो गए हैं। अधूरे दस्तावेजों और फीस जमा न करवाने पर राज्य लोकसेवा आयोग ने इनके आवेदन रद्द कर दिए हैं। राज्य न्यायिक सेवा अधिकारी के 11 पदों के लिए प्रारंभिक परीक्षा पहली मार्च और प्रशासनिक सेवा अधिकारी के 24 पदों के लिए 26 अप्रैल को होनी है।
राज्य न्यायिक सेवा अधिकारी के 11 पदों के लिए आए कुल आवेदनों में से 2951 आवेदन फीस जमा न होने और अधूरे दस्तावेजों के चलते रद्द कर दिए गए हैं। प्रशासनिक सेवा अधिकारी के 24 पदों के लिए 40 हजार से ज्यादा आवेदन हुए हैं। इनमें से 4110 आवेदन निर्धारित तारीख तक फीस जमा न करवाने के चलते रद्द किए गए हैं। राज्य लोक सेवा आयोग ने अपनी वेबसाइट पर रद्द हुए आवेदनों की नाम सहित सूची अपलोड कर दी है।
राज्य प्रशासनिक सेवाएं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2020 का आयोजन 26 अप्रैल को होना है। आयोग ने विभिन्न पदों के लिए 10 फरवरी तक आवेदन आमंत्रित किए थे। इस परीक्षा के माध्यम से एचएएस के 11, तहसीलदार के 5, बीडीओ के 6, जिला नियंत्रक का एक, जिला रोजगार अधिकारी के दो पद भरे जाने हैं।
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए सामान्य श्रेणी के आवेदकों के लिए 400 रुपये, अन्य राज्यों के आवेदकों के लिए भी 400 रुपये, अनुसूचित जाति, जनजाति, ओबीसी, बीपीएल और एक्स सर्विसमैन के लिए 100 रुपये की फीस तय की गई थी। इसके लिए शिमला, सोलन, मंडी, सुंदरनगर, पालमपुर, कांगड़ा, धर्मशाला, नाहन, ऊना, हमीरपुर, कुल्लू, चंबा और बिलासपुर में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। प्रारंभिक परीक्षा पास करने वाले आवेदकों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा।
महिला आवेदकों की फीस माफ
इन दोनों परीक्षाओं के लिए आवेदन करने वाली महिला आवेदकों से किसी भी तरह की फीस नहीं वसूली गई है। प्रदेश सरकार ने पहली बार प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होने वाली महिला आवेदकों की फीस को माफ कर दिया है।
दोनों परीक्षाओं में आवेदकों के लिए जाएंगे बायोमीट्रिक प्रिंट
राज्य लोकसेवा आयोग परीक्षाओं में किसी दूसरे की जगह पेपर देने वालों पर शिकंजा कसने के लिए आवेदकों के बायोमीट्रिक प्रिंट भी ले रहा है। प्रारंभिक परीक्षा देने आए सभी आवेदकों को परीक्षा केंद्रों में फिंगर प्रिंट देने के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। इन प्रिंट के आधार पर ही प्रारंभिक परीक्षा पास करने वालों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा।