शिक्षा: 10वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए दो अगस्त से खुलेंगे स्कूल, प्रशिक्षण संस्थानों के लिए नई शर्त
शुक्रवार को राज्य आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ ने इस संबंध में विस्तृत आदेश जारी कर दिए हैं। इस आदेशों के अनुसार एसओपी का पालन करते हुए पांचवीं और आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों को भी दो अगस्त से स्कूलों में शिक्षकों से परामर्श लेने के लिए आने की अनुमति होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में करीब चार महीने बाद 26 जुलाई से कोचिंग, ट्यूशन, प्रशिक्षण संस्थान और दो अगस्त से विद्यार्थियों के लिए 10वीं से 12वीं कक्षा के स्कूल खुलेंगे। कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया था। इसके बाद शुक्रवार को राज्य आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ ने इस संबंध में विस्तृत आदेश जारी कर दिए हैं।
इस आदेशों के अनुसार एसओपी का पालन करते हुए पांचवीं और आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों को भी दो अगस्त से स्कूलों में शिक्षकों से परामर्श लेने के लिए आने की अनुमति होगी। वहीं कोविड प्रोटोकॉल व एसओपी का पालन करते हुए संबंधित विश्वविद्यालयों की ओर से निर्धारित तिथि के अनुसार रिसर्च स्कॉलर आ सकेंगे।
कॉलेजों में 16 अगस्त से नया सत्र शुरू करने और 26 जुलाई से कॉलेजों में ऑनलाइन और ऑफलाइन दाखिले करने की स्वीकृति दी गई है। सभी संस्थानों में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए बनाए गए मानक संचालन प्रक्रिया का सख्ती से पालन करने के सरकार ने निर्देश दिए हैं।
आवासीय और आंशिक आवासीय स्कूलों को खोलने की भी मंजूरी दी। यह फैसला सरकारी के साथ निजी स्कूल-कॉलेज और कोचिंग संस्थानों पर भी लागू होगा। प्रदेश के किसी भी प्रशिक्षण संस्थान पर सिर्फ उसी व्यक्ति को प्रवेश मिलेगा, जिसने कोविड का टीका लगवाया होगा।
अगर वैक्सीन नहीं लगवाई है तो संबंधित उम्मीदवार को 72 घंटों के अंदर की कोविड निगेटिव वाली आरटीपीसीआर रिपोर्ट लानी होगी। आदेश में स्पष्ट किया है कि अगर इन दोनों में से एक शर्त पूरी नहीं की जाएगी तो उम्मीदवार को प्रवेश नहीं मिलेगा। नए आदेश तुरंत प्रभाव से लागू रहेंगे। इसके अतिरिक्त 26 जून और सात जुलाई को जारी बंदिशों व छूट के आदेश भी लागू रहेंगे।
स्कूलों में अगले हफ्ते से शुरू होगा सैनिटाइजेशन अभियान
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अगले सप्ताह से सैनिटाइजेशन अभियान शुरू होगा। दो अगस्त से दसवीं से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों की स्कूलों में नियमित कक्षाएं लगने जा रही हैं। ऐसे में शिक्षा निदेशालय ने सभी स्कूल प्रिंसिपलों को मानसून की छुट्टियां समाप्त होते ही स्कूलों की सफाई को लेकर आदेश जारी कर दिए हैं। ग्रीष्मकालीन स्कूलों में 26 जुलाई से शिक्षकों को अनिवार्य तौर पर आना होगा। शीतकालीन स्कूलों में 27 जुलाई तक बरसात की छुट्टियां रहेंगी। इन स्कूलों में 28 जुलाई से शिक्षक आएंगे।
स्कूली विद्यार्थियों को स्मार्ट वर्दी देने की मंजूरी
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सत्र 2021-22 के लिए स्मार्ट वर्दी खरीद को मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी है। पहली से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को स्मार्ट वर्दी दी जाएगी। दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को वर्दी की सिलाई की राशि बैंक खातों के माध्यम से दी जाएगी। ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को सिलाई की राशि नहीं दी जाएगी।