हिमाचल: स्कूल खुले, पहले दिन कुल्लू में सबसे अधिक 60 और मंडी में सबसे कम 36 फीसदी विद्यार्थी पहुंचे
सरकारी स्कूलों में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए बनाए गए नियमों का पालन करते हुए कक्षाएं लगाई गईं। सरकार ने सोमवार से बुधवार तक 10वीं और 12वीं तथा वीरवार से शनिवार तक नौवीं और 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए कक्षाएं लगाने का फैसला लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में करीब सवा माह बाद सोमवार से विद्यार्थियों के लिए खुले स्कूलों में पहले दिन दसवीं और 12वीं कक्षा के 47.82 फीसदी विद्यार्थियों ने हाजिरी भरी। कुल्लू जिले में सबसे अधिक 60.99 फीसदी और मंडी जिले में सबसे कम 36.46 फीसदी विद्यार्थी स्कूल पहुंचे। सरकारी स्कूलों में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए बनाए गए नियमों का पालन करते हुए कक्षाएं लगाई गईं। सरकार ने सोमवार से बुधवार तक 10वीं और 12वीं तथा वीरवार से शनिवार तक नौवीं और 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए कक्षाएं लगाने का फैसला लिया है।विद्यार्थियों को स्कूलों में उचित शारीरिक दूरी बनाते हुए अलग-अलग डेस्क पर बैठाया गया। विद्यार्थियों के आने-जाने और लंच का समय भी अलग-अलग रहा। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद प्रवेश दिया गया।
ये भी पढ़ें: World Tourism Day: जानिए हिमाचल के इन 10 खूबसूरत पर्यटन स्थलों को, जहां घूमकर नहीं भरेगा आपका मन
फेस मास्क पहनना अनिवार्य रहा। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने कहा कि पहले दिन कुल 134182 विद्यार्थियों में से 64178 विद्यार्थियों ने उपस्थिति दर्ज करवाई। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में स्कूल आने वाले विद्यार्थियों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। जिन कक्षाओं के विद्यार्थियों को वीरवार से स्कूल में बुलाया गया है, उनकी बुधवार तक ऑनलाइन पढ़ाई जारी रहेगी। लंच के समय भी बच्चों को अध्यापकों की देखरेख में अलग-अलग समय पर लंच करवाया गया। छुट्टी के समय में भी कक्षाओं से बाहर आने के समय में थोड़ा अंतर रखा गया। स्कूल में प्रार्थना सभा व खेलों का आयोजन नहीं करवाने के आदेश दिए गए हैं।
जिला कितने विद्यार्थी आए (फीसदी में)
बिलासपुर 55.56
चंबा 42.35
हमीरपुर 56.70
कांगड़ा 57.06
किन्नौर 41.35
कुल्लू 60.99
लाहौल स्पीति 47.74
मंडी 36.46
शिमला 38.16
सोलन 41
सिरमौर 55.61
ऊना 50
कुल 47.82
34 फीसदी शिक्षकों को लगी वैक्सीन की दूसरी डोज
प्रदेश में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए 34 फीसदी शिक्षकों को वैक्सीन की दूसरी डोज लग चुकी है। पहली डोज लगाने वाले शिक्षकों का आंकड़ा 98.76 फीसदी है। गैर शिक्षकों में पहली डोज 98.45 फीसदी और दूसरी डोज 36.63 फीसदी को लग चुकी है।