Rohtang Pass: अब दूर नहीं रोहतांग दर्रा, मढ़ी पहुंचे 300 पर्यटक वाहन
सैलानी जल्द ही 10 से 15 फीट ऊंची बर्फ की दीवारों से गुजरते हुए बर्फ से लकदक रोहतांग दर्रा तक पहुंच सकेंगे। फिलहाल, इस मार्ग पर पर्यटकों को मढ़ी तक जाने की अनुमति दी गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देशी-विदेशी सैलानी जल्द ही 10 से 15 फीट ऊंची बर्फ की दीवारों से गुजरते हुए बर्फ से लकदक रोहतांग दर्रा तक पहुंच सकेंगे। फिलहाल, इस मार्ग पर पर्यटकों को मढ़ी तक जाने की अनुमति दी गई है। शुक्रवार को पर्यटन स्थल मढ़ी पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। पहले ही दिन पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। करीब 300 वाहनों में हजारों सैलानी मढ़ी तक पहुंचे। एनजीटी के आदेशानुसार मढ़ी के लिए ऑन लाइन परमिट की वेबसाइट भी खुल गई है। पर्यटक परमिट लेकर मढ़ी पहुंचे। प्रशासन ने गुलाबा में चल रहे पुलिस बैरियर को स्थानांतरित कर मढ़ी में स्थापित कर दिया है। आने वाले दिनों में यहां पर्यटकों की और अधिक भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।
समुद्रतल से 13050 फीट की ऊंचाई पर स्थित रोहतांग दर्रा की वादियों को निहारने के लिए पर्यटक आतुर हैं। एनजीटी के आदेशानुसार एक दिन में 1200 पर्यटक वाहन ही गुलाबा से आगे जा सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन परमिट लेना जरूरी है। पहले दिन लगभग 300 वाहन परमिट लेकर मढ़ी पहुंचे। एसडीएम मनाली, डीएसपी मनाली और बीआरओ के अधिकारियों ने गुलाबा से मढ़ी तक सड़क का कुछ दिन पहले ही निरीक्षण किया था। निरीक्षण में गुलाबा से मढ़ी तक सड़क यातायात के लिए सही पाई गई। इसके बाद एसडीएम ने उपायुक्त कुल्लू को पत्र भेजकर यह मार्ग मढ़ी तक खोलने की सिफारिश की थी। इसके बाद उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने इसकी अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना जारी होने के पहले ही दिन मढ़ी में पर्यटकों की भीड़ उमड़ी।
एसडीएम मनाली रमण कुमार शर्मा ने बताया कि गुलाबा में चल रहे पुलिस बैरियर को स्थानांतरित कर मढ़ी में स्थापित कर दिया है। गौरतलब है कि एनजीटी के आदेशानुसार हर रोज 1,200 पर्यटक वाहन रोहतांग जा सकते हैं। सुबह 10:00 बजे 200 डीजल और 400 पेट्रोल इंजन वाहन और दूसरे चरण में शाम 4:00 बजे भी 200 डीजल व 400 पेट्रोल इंजन वाहनों को परमिट जारी किए जाएंगे। पर्यटक और वाहन चालक 550 रुपये की फीस देकर ऑनलाइन परमिट लिया जा सकता है। प्रशासन दूसरे चरण में पर्यटकों को रोहतांग के मढ़ी तक भेज रहा है। मढ़ी रोहतांग से 15 किलोमीटर पहले है। रोहतांग में बीआरओ बर्फ हटाने में जुटा हुआ है। रोहतांग दर्रा भी जल्द ही बहाल होने की उम्मीद है। बीआरओ के कमांडर शवरीश वाचली ने बताया कि बर्फ हटाने का कार्य जारी है। रोहतांग बहाली में अभी कुछ और समय लग सकता है।