हिमाचल में 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित, कांगड़ा की तनु टॉपर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड की 10वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा में जिला कांगड़ा के इशान पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल समलोटी की छात्रा तनु ने 98.71 (691/700) फीसदी अंक पाकर पूरे प्रदेश में टॉप किया है। प्रदेश का परीक्षा परिणाम 68.11 फीसदी रहा है, जो कि पिछले वर्ष के मुकाबले 8 प्रतिशत अधिक है। मेरिट लिस्ट में पहले तीन स्थानों पर पांच विद्यार्थियों में तीन लड़कियां और दो लड़के हैं। लड़कियों ने इस बार फिर बाजी मारी। 37 विद्यार्थियों ने टॉप-10 में जगह बनाई, जिनमें 23 छात्राएं, 14 छात्र शामिल हैं।
टॉप-10 स्कूलों में इस बार चार सरकारी स्कूल भी शामिल हैं। बोर्ड ने 104323 विद्यार्थियों के रोल नंबर जारी किए थे, जिनमें 703 अनुपस्थित रहे। परीक्षा में कुल 70571 विद्यार्थी पास हुए, जिनमें 34760 छात्र, जबकि 35811 छात्राएं शामिल हैं। 27197 परीक्षार्थी फेल हुए हैं। 5617 की कंपार्टमेंट आई है, जो पिछले चार सालों में सबसे कम है। साल 2015-16 में 16616, 2016-17 में 16564, 2017-18 में 15214, 2018-19 में 6395 को कंपार्टमेंट थी।
मेरिट में दूसरे नंबर पर हमीरपुर जिले के न्यू गुरुकुल पब्लिक स्कूल गोपालनगर के क्षितिज शर्मा 98.57 (690/700) ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। गलोरी पब्लिक स्कूल बिलासपुर का वंश शर्मा, कांगड़ा के इशान पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल समलोटी की शगुन राणा और बिलासपुर के राजकीय उच्च विद्यालय पंतेहड़ की अनिशा शर्मा ने 98.43 फीसदी (689/700) अंक लेकर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया है। स्कूल शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन व पुनर्निरीक्षण करवाने के इच्छुक परीक्षार्थी ऑनलाइन पुनर्मूल्यांकन के लिए 500 रुपये प्रति विषय व पुनर्निरीक्षण के लिए 400 रुपये प्रति विषय 15 दिन में आवेदन कर सकते हैं।
पिछले चार सालों में सबसे ज्यादा रही प्रतिशतता
परीक्षा परिणाम पिछले चार साल के मुकाबले सबसे अधिक रहा है। साल 2015-16 में 66.88 फीसदी, 2016-17 में 87.57 और 2017-18 में 63.39 फीसदी, 2018-19 में 60.79 फीसदी रहा है। इस बार सबसे अधिक 68.11 प्रतिशत रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला की ओर से मार्च 2020 में आयोजित 10वीं कक्षा की परीक्षा में उत्तीर्ण हुए विद्यार्थियों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने इस परीक्षा में शानदार प्रदर्शन के लिए छात्राओं को भी बधाई दी है और कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि पहले 10 स्थान प्राप्त करने वाले 37 विद्यार्थियों में 23 छात्राएं शामिल हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि जो विद्यार्थी इस परीक्षा को उत्तीर्ण नहीं कर पाए हैं। उन्हें हतोत्साहित होने की आवश्यकता नहीं है और वे भविष्य में और कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ मेहनत करें, जिससे अगली बार उनका प्रदर्शन शानदार रहे। बता दें इस बार लॉकडाउन के कारण परीक्षा परिणाम निकालने में थोड़ी देरी हुई, लेकिन फिर भी बोर्ड कर्मचारियों ने दिन-रात मेहनत कर परीक्षा परिणाम तैयार किया। अध्यापकों ने अपने घरों पर ही पेपरों का मूल्यांकन किया। वहीं, आठ जून को 12वीं कक्षा के भूगोल विषय का पेपर हो गया। अब जून के अंतिम सप्ताह में 12वीं का भी परीक्षा परिणाम घोषित किया जा सकता है।
ऑनलाइन नतीजे नहीं देख पाए विद्यार्थी, अभिभावक
स्कूल शिक्षा बोर्ड का दसवीं कक्षा का परिणाम घोषित होते ही हजारों की संख्या में परिणाम देखने वालों के कारण देर शाम तक परीक्षार्थी, स्कूल प्रधानाचार्य और अभिभावक परिणाम नहीं पता कर सके।
बार बार साइट विजिट करने के प्रयास करने पर नतीजे नहीं देख पा रहे थे। इस कारण छात्र और अभिभावक परेशान हुए। वहीं कोई भी स्कूल प्रधानाचार्य और स्टाफ के सदस्य शिक्षक भी लगातार नतीजे देखने के प्रयास करते रहे । एक साथ वेबसाइट विजिटर की संख्या बढ़ जाने को ही इसकी वजह माना जा रहा है।
शिक्षा मंत्री ने भी दी बधाई
उधर, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में उत्तीर्ण होने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी उत्तीर्ण नहीं हो सके, वे और अधिक मेहनत करें।
अभ्यर्थी अपना पूरा रिजल्ट बेहद आसानी से माईरिजल्टप्लस के जरिए देख सकते हैं। विद्यार्थी यहां अपना रोल नंबर डालकर रिजल्ट प्राप्त कर सकते हैं। 90 फीसदी विद्यार्थियों ने अमर उजाला के माइरिजल्टप्लस के जरिए अपना रिजल्ट देखा है।
कैसे देखें माईरिजल्टप्लस पर अपना रिजल्ट
-विद्यार्थी सबसे पहले माईरिजल्टप्लस की वेबसाइट पर जाएं।
-विद्यार्थी इस लिंक पर क्लिक करते ही माईरिजल्टप्लस की वेबसाइट पर पहुंच जाएंगे।
-इसके अलावा विद्यार्थी https://results.amarujala.com/ पर क्लिक करके भी यहां पहुंच जाएंगे।
-इसके बाद विद्यार्थियों को होम पेज पर हिमाचल प्रदेश के दसवीं कक्षा के रिजल्ट का लिंक मिलेगा।
-इस लिंक पर क्लिक करते ही विद्यार्थियों के सामने एक नई विंडो खुल जाएगी।
-यहां विद्यार्थी बेहद आसानी से अपना रोल नंबर डालते ही रिजल्ट देख सकते हैं।