Kullu News: कुल्लू में ब्यास में पलटी राफ्ट, महाराष्ट्र की महिला पर्यटक की मौत
राफ्ट पलटने से महाराष्ट्र की एक महिला पर्यटक की मौत हो गई है। इसी राफ्ट में बैठे चार अन्य पर्यटकों को रेस्क्यू कर लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पर्यटकों के लिए रोमांच कहे जाने वाली रिवर राफ्टिंग जानलेवा भी साबित हो रही है। बबेली में आईटीबीपी कैंप के समीप ब्यास नदी में पर्यटकों की एक राफ्ट पलट गई। राफ्ट पलटने से महाराष्ट्र की एक महिला पर्यटक की मौत हो गई है। इसी राफ्ट में बैठे चार अन्य पर्यटकों को रेस्क्यू कर लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिछले 22 दिनों में ब्यास नदी में पर्यटकों के साथ यह दूसरा हादसा पेश आया है। इससे पहले 29 अप्रैल को भी छरूडू के समीप एक राफ्ट पलट गई थी। इसमें एक पर्यटक की मौत हुई थी और एक महिला घायल हो गई थी। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब नौ बजे बबेली से एक ही परिवार के पांच पर्यटकों को लेकर एक राफ्ट वैष्णो माता मंदिर तक आ रही थी।
राफ्ट को गाइड चला रहा था। यह राफ्ट आईटीबीपी कैंप के समीप पहुंचते ही पलट गई। राफ्ट पलटने से सभी नदी में जा गिरे, हालांकि पायलट और अन्य लोगों की सहायता से अन्य पर्यटकों को बचा लिया गया लेकिन महिला पर्यटक शालिनी प्रभाकर कोल्हे 65, पत्नी निलेश कोल्हे निवासी पुणे सिटी, महाराष्ट्र की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने राफ्टिंग कर रहे मृतक महिला के पति और बेटे के बयान भी लिए। महाराष्ट्र से 18 मई को महिला पति, बहू, बेटे और पोते के साथ यहां घूमने आई थी। एसपी साक्षी वर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मृतक के परिजनों के बयान कलमबद्ध किए हैं। एसडीएम सदर विकास शुक्ला का कहना है कि मृतक के परिजनों को 25,000 रुपये की फौरी राहत दी गई है।
रायसन में सोलो पैराग्लाइडिंग करते गिरा युवक, अस्पताल में भर्ती
ऊझी घाटी की रायसन साइट से सोलो पैराग्लाइडिंग करते एक युवक घायल हो गया। युवक पैराग्लाइडर उड़ाने का प्रशिक्षण ले रहा था। इस बीच, पैराग्लाइडर अनियंत्रित होकर जमीन पर गिर पड़ा। हादसे में युवक को टांग और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। युवक को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में लाया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार गांव उशलीधार (कुल्लू) निवासी खिलजी राम 26 ने प्रशिक्षण के लिए पैराग्लाइडर से सोलो उड़ान भरी। हालांकि, सोलो उड़ान ज्यादा लंबी और ऊंची नहीं होती है।
कुछ दूरी के लिए भरी गई उड़ान में पैराग्लाइडर अनियंत्रित हो गया और पैराग्लाइडर क्रैश होने के चलते युवक जमीन पर घिर गया। अन्य साथियों ने उसे क्षेत्रीय अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू कर दिया है। युवक की टांग और चेहरे के एक तरफ चोटें आई हैं। एसपी साक्षी वर्मा ने कहा कि सोलो पैराग्लाइडिंग के दौरान प्रशिक्षु पायलट की घायल होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घायल युवक का कुल्लू अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।