Mandi: विक्रमादित्य बोले- विकास के नाम पर छल करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, सराज क्षेत्र की सड़कें बदहाल
विधानसभा चुनाव में मंडी जिले में कांग्रेस की हार के सवाल पर विक्रमादित्य बोले, चुनाव में मंडी का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। इसको लेकर संगठनात्मक चर्चा की जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लोक निर्माण विभाग के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पूर्व सरकार के विकास कार्यों को आगे बढ़ाना सरकार का दायित्व है। सरकार सभी कार्यों की समीक्षा करेगी। विकास के नाम पर छल करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सुंदरनगर में प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि मंडी हमारी कर्मभूमि है। यहां विकास करवाना प्राथमिकता है। जिला मंडी के साथ पूरे प्रदेश में विकास कार्य पूरे किए जाएंगे। सही कार्य न करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
मंडी के शिव धाम का कार्य भी पूरा करवाया जाएगा। विधानसभा चुनाव में मंडी जिले में कांग्रेस की हार के सवाल पर विक्रमादित्य बोले, चुनाव में मंडी का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। इसको लेकर संगठनात्मक चर्चा की जाएगी। चुनाव की हार के बाद मंडी कार्यकारिणी में बदलाव का अधिकार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का है। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चर्चा कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़कों की हालत सही नहीं है।
पूर्व सरकार के समय प्रदेश में 69 राष्ट्रीय उच्च मार्ग बनाने की बात कही गई थी। विभाग का कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने निरीक्षण किया तो देखा कि केवल 9 एनएच बाकी रह गए हैं। अब इन उच्च मार्गों का कार्य समय पर पूरा करने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलेंगे। इनके लिए बजट का प्रावधान करने की मांग करेंगे। जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हरेंद्र सेन, जिला महासचिव नरेश सेन, ओम प्रकाश मोदगिल और ब्लाक अध्यक्ष हेमंत शर्मा भी मौजूद रहे।
पूर्व सीएम जयराम के सराज क्षेत्र की सड़कें बदहाल : विक्रमादित्य
लोक निर्माण विभाग के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपने ड्रीम प्रोजेक्ट के लिए केंद्र से बजट लाने में पूरी तरह से नाकाम रहे। उनके सराज क्षेत्र में सड़कों की हालत बहुत अधिक खराब है। यहां की जनता सड़कें ठीक नहीं होने के चलते दिक्कतें झेल रही है और जयराम ठाकुर इन सड़कों को भी ठीक नहीं करवा पाए। यह बात विक्रमादित्य सिंह ने मंडी के परिधि गृह में अधिकारियों के साथ बैठक में कही। उन्होंने कहा कि सड़कों और अन्य लंबित निर्माण कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के लिए कारगर कदम उठाए जाएंगे। राज्य सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन की ओर अनेक कदम उठाए हैं। सरकारी टेंडर अवार्ड करने की समय सीमा को साठ दिन से कम कर 20 दिन कर दिया गया है। इससे विकास कार्यों में तेजी आएगी और भ्रष्टाचार को खत्म करने में भी मदद मिलेगी।
मंडी जिले में निर्माणाधीन सड़कोें और पुलोें के बारे में विस्तार से फीडबैक लेते हुए कहा कि लंबित कार्यों को रुकने नहीं दिया जाएगा। इसके लिए सरकार उपयुक्त बजट का प्रावधान करेगी। बैठक में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, सेंट्रल रोड फंड और नाबार्ड में निर्मित की जा रही सड़कों की प्रगति रिपोर्ट पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग में रिक्तपदों को भरने के लिए भी कारगर कदम उठाए जाएंगे और विभाग के विभिन्न मंडलों में आवश्यक मशीनरी उपलब्ध करवाने की दिशा में सार्थक पहल की जाएगी। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को रिक्त पदों तथा मशीनरी की डिमांड के बारे में जिवस्तार से सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। इस मौक पर मुख्य अभियंता एनपी सिंह चौहान, डीसी अरिंदम चौधरी, एसपी शालिनी अग्निहोत्री, पूर्व मंत्री प्रकाश चौरी, चंपा ठाकुर मौजूद रहे।
विकास कार्यों का नियमित निरीक्षण करें अधिकारी
लोक निर्माण विभाग मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों का नियमित तौर पर निरीक्षण भी करें। इस मौके पर संयुक्त कार्यालय भवन करसोग तथा नेरचौक के निर्माण कार्यों को लेकर भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही सलापड़-तत्तापानी मार्ग के निर्माण के लिए भी सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के लिए कहा गया है, ताकि लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके। सड़कों की मरम्मत के लिए आवश्यक फंड का प्रावधान किया जाएगा।