कोरोना वायरस: हिमाचल में अभी कोई मामला नहीं, सरकार बरत रही एहतियात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस का अभी कोई मामला सामने नहीं आया है। प्रदेश में कुल 428 लोग कोरोना वायरस से प्रभावित देशों से आए हैं। इनमें से 268 की सूचना केंद्र ने दी है, जबकि 160 लोगों ने खुद प्रभावित देशों से आने की सूचना दी है। संदिग्ध लोगों को अस्पतालों में बने आइसोलशेन वार्ड में रखा जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें घर भेज दे रहा है। प्रदेश सरकार भी पूरी तरह एहतियात बरत रही है। स्कूलों-कॉलेजों में छात्र-छात्राओं को कोरोना वायरस पर जागरूक किया जा रहा है।
आईजीएमसी शिमला में कोरोना वायरस का दूसरा संदिग्ध मरीज सामने आया है। यह मरीज दस दिन पहले ही हांगकांग से शिमला लौटा है। बीते दिन खांसी, जुकाम की शिकायत के बाद उपचार के लिए आईजीएमसी आया था। चिकित्सकों ने उपचार के बाद मरीज का सैंपल लिए है। मरीज को आइसोलेशन वार्ड में दाखिल कर लिया है। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जनक राज ने इसकी पुष्टि की है।
राजधानी शिमला के खलीनी स्थित शिमला पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले 20 विदेशी छात्र स्कूल लौट आए हैं। स्कूल के मुताबिक सभी छात्र अपने चेकअप का मेडिकल सर्टिफिकेट साथ लाए हैं। इनमें किसी में भी कोरोना के लक्षण नहीं पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि 28 दिन तक बच्चों को छात्रावास में ही रखने के प्रयास होंगे। स्वास्थ्य महकमे ने भी पहले ही दिन चिकित्सक को स्कूल भेजकर स्वास्थ्य जांच करवा दी है।
कोरोना वायरस की इलाज और रोकथाम में बाधा बनने वाले जेल जाएंगे। इस संबंध में कार्रवाई के लिए हिमाचल सरकार ने डीसी, एडीएम और एसडीएम को अधिकृत किया है। सरकार ने इस महामारी को रोकने के लिए नए नियम अधिसूचित किए हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सदन में इन नियमों की अधिसूचना जारी करने की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से कोरोना के चलते सामूहिक सभाएं स्थगित करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि इससे संक्रमण की आशंकाओं को रोका जा सकेगा। ऐसी सभाएं जरूरी हों तो स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों के अनुसार आयोजित कर बचाव किया जा सकेगा। उन्होंने कोरोना से जुड़ी जानकारी निगरानी यूनिट को भी देने को कहा। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि प्रदेश में कोरोना कोई बड़ी समस्या नहीं है, सरकार ने इसके लिए एहतियात बरतना शुरू कर दिया है।