शिमला संसदीय सीट : भाजपा की लगातार चौथी, सुरेश कश्यप की दूसरी जीत
शिमला सीट पर भाजपा के उम्मीदवार और 2019 में भी इस सीट से सांसद चुने गए सुरेश कश्यप ने कांग्रेस के उम्मीदवार विनोद सुल्तानपुरी को 90,548 मतों से हराकर जीत दर्ज की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शिमला संसदीय सीट पर भाजपा ने लगातार चौथी बार जीत दर्ज कर चौका लगा दिया। इस सीट पर भाजपा के उम्मीदवार और 2019 में भी इस सीट से सांसद चुने गए सुरेश कश्यप ने कांग्रेस के उम्मीदवार विनोद सुल्तानपुरी को 90,548 मतों से हराकर जीत दर्ज की है। शुरुआती बढ़त एक-दो क्षेत्रों को छोड़कर अंत तक बरकरार रही, जिसे विनोद तोड़ने में नाकाम रहे। 2019 के लोकसभा चुनावों में सुरेश कश्यप की जीत का अंतर 3,27,515 था, जो 2024 में 91,451 रह गया। 2014 में जीते भाजपा के उम्मीदवार वीरेंद्र कश्यप की जीत का अंतर 84,187 था। इस बार कम हुए जीत के अंतर से साफ है कि अबकी बार बीते चुनावों के मुकाबले कांग्रेस और भाजपा में कड़ी प्रतिस्पर्धा रही। 2009 और 2014 में भाजपा से वीरेंद्र कश्यप इस सीट पर लगातार दो बार विजयी रहे। 2009 में हुए चुनाव में भाजपा के वीरेंद्र कश्यप और कांग्रेस के मोहन लाल ब्राकटा के बीच हुए चुनावों में जीत का अंतर 27,327 मत रहा ।
केडी सुल्तानपुरी ने लगातार छह बार दर्ज की थी जीत
कांग्रेस प्रत्याशी रहे कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी के पिता कृष्ण दत्त सुल्तानपुरी लगातार छह बार इस सीट से जीते थे। वह 1980 से 1998 तक सांसद रहे। सिरमौर जिला के प्रताप सिंह दो बार सांसद चुने गए थे। सोलन जिला के कर्नल धनी राम शांडिल ने भी इस सीट से दो बार लोकसभा का चुनाव जीता। 1977 में शिमला के बालक राम कश्यप भी इस सीट से सांसद चुने गए थे। उनका कार्यकाल ढाई साल रहा। इन चुनावों में कांग्रेस के उम्मीदवार विनोद सुल्तानपुरी अपने ही विधानसभा क्षेत्र से लीड बनाने में नाकामयाब रहे, उनके क्षेत्र से भाजपा ने 3,360 मतों से बढ़त दर्ज की है।
विधानसभा क्षेत्र लीड
अर्की 15484
नालागढ़ 15164
दून 13073
सोलन 5016
कसौली 3360
पच्छाद 476
नाहन 7941
श्री रेणुका जी 4485
पांवटा साहिब 15313
शिलाई 2317
चौपाल 4295
ठियोग 2544
कसुम्पटी 6039
शिमला 3590
शिमला ग्रामीण 6448
प्राथमिकताएं
सुरेश कश्यप ने बताया कि अधूरे विकास कार्य पूरे होंगे। सेब को पीएम फसल बीमा योजना में लाया जाएगा। चौपाल सहित ऊपरी शिमला को फोरलेन से जोड़ा जाना है। सोलन में रेललाइन में विस्तार, नकदी फसलों के लिए प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करना, सिरमौर में जगाधरी से पांवटा तक ट्रेन, खोदरी, यमुना तट चैनेलाइजेशन और सड़कों का निर्माण।