Himachal: प्रियंका गांधी बोलीं- इंदिरा ने मजबूत की थी सेना, मोदी ने शहीदों को दो श्रेणियों में बांटा
सैनिकों और शहीदों का दुख दर्द जानती हूं लेकिन मोदी ने शहीदों को अपने राजनीतिक लाभ के लिए दो श्रेणियों में बांटकर रख दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि वे शहीद परिवार की बेटी और पोती हैं। सैनिकों और शहीदों का दुख दर्द जानती हूं लेकिन मोदी ने शहीदों को अपने राजनीतिक लाभ के लिए दो श्रेणियों में बांटकर रख दिया। ऊना के नारी चलौरा और आर्मी ग्राउंड गगरेट में रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी ने अग्निवीर योजना लाकर देश के नौजवानों के भविष्य के साथ छल किया। इंदिरा गांधी देश के लिए शहीद हो गईं और भाजपा के नेता कहते हैं कि वह देशद्रोही हैं। सेना की मजबूती के लिए उन्होंने काम किया। पाक को तोड़कर बांग्लादेश बनाया, हरित क्रांति लाई। उन्होंने कभी अहंकार नहीं किया। धर्म जाति और क्षेत्रवाद के नाम पर वोट नहीं मांगा। शहीदों का मोदी की तरह ऐसी योजनाएं लाकर अपमान नहीं किया।
अगर कोई अग्निवीर सरहद पर शहीद हो जाता है तो परिवार को कुछ भी नहीं मिलेगा, पेंशन भी नहीं मिलेगी। पिछले 10 वर्षों में धर्म, क्षेत्र और संप्रदाय के नाम पर मोदी ने देश की जनता को बांटने का काम किया। सत्ता के लिए धनबल का इस्तेमाल हो रहा है। भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा ने चंदे के नाम पर हजारों करोड़ बना डाले हैं। भ्रष्टाचार को लेकर बार-बार बात करने वाली भाजपा पिछले 10 वर्षों में ही विश्व की सबसे अमीर पार्टी कैसे बन गई। कांग्रेस पार्टी ने भी देश में 55 साल राज किया, लेकिन उनकी पार्टी कभी इतनी अमीर नहीं बन पाई। यह आंकड़े बोल रहे हैं। भाजपा का धनबल के जरिये देश में सत्ता हासिल करना ही एकमात्र मकसद रह गया है। प्रियंका गांधी ने कहा कि यही फर्क भाजपा और कांग्रेस की विचारधारा में है। यह चुनाव देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। भाजपा ने जिस तरह देश के संविधान और लोकतंत्र का गला घोंटा है, वह देश के लिए ठीक नहीं है।
आपदा के समय एक बार भी हिमाचल नहीं आए मोदी
कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपदा के समय एक बार भी हिमाचल नहीं आए। आपदा के राहत कार्यों के लिए केंद्र की तरफ से प्रदेश के लिए एक रुपया नहीं आया। मोदी ने अपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित नहीं किया। सारी राहत प्रदेश सरकार की ओर से दी गई। प्रियंका ने कहा कि मोदी व अमित शाह ने प्रदेश की चुनी हुई सरकार को गिराने की कोशिश की। धनबल के साथ चोरों की तरह विधायकों को कभी यहां, कभी वहां छिपाया। यह लोकतंत्र के खिलाफ सबसे बड़ा अपराध जनता की आंखों के सामने करने की कोशिश हुई। यह हमारे नेताओं की दृढ़ता थी कि सरकार एकजुट रही।
बड़सर में प्रियंका गांधी ने किया रोड शो
हमीरपुर के बड़सर विधानसभा क्षेत्र में प्रचार के दाैरान कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने रोड शो किया। इस दाैरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा, विधानसभा क्षेत्र बड़सर से सुभाष चंद ढटवालिया भी माजूद रहे।
डबल सेवा करेगी इंडिया गठबंधन की सरकार
प्रियंका गांधी ने कांग्रेस के घोषणा पत्र का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अगर देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनती है, तो कांग्रेस डबल सेवा के साथ काम करेगी। जो योजनाएं प्रदेश सरकारों ने चलाई हैं, उनमें केंद्र सरकार अपना अलग से सहयोग करेगी। आम लोगों को 25 लाख का स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा। हर महिला को हर महीने साढ़े आठ हजार केंद्र सरकार की तरफ से दिए जाएंगे, जो सालाना एक लाख की राशि होगी।
पैसों के दम पर सत्ता हाथियाने वालों को सबक सिखाना होगा: सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जनसभा में बागियों पर निशाना साधा। कहा कि पैसों के दम पर सत्ता हाथियाने वालों को सबक सिखाना होगा। जनबल जीतेगा, धनबल हारेगा। कांग्रेस पार्टी से जीतकर इन विधायकों ने अपनी विधायकी भाजपा को बेच दी।
#WATCH | Himachal Pradesh: Congress general secretary Priyanka Gandhi Vadra conducts a roadshow in Hamirpur. CM Sukhvinder Singh Sukhu also with her.#LokSabhaElections2024 pic.twitter.com/zVSONAG24v
— ANI (@ANI) May 28, 2024
जिस सरकार को प्रियंका गांधी ने बनाया, उसे परिंदा भी पर नहीं मार सकता
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बागी पूर्व विधायकों पर हमला बोला है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल की मजबूत सरकार को गिराने के सपने देखने वालों को प्रदेश की जनता दिन में तारे दिखाएंगी। उन्होंने कहा कि यह आपकी सरकार मजबूत है, सरकार के पास 34 विधायक है और विपक्ष के पास 25 है, कांग्रेस सरकार बढ़ जाएगी और भाजपा 25 पर ही रह जाएगी। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार को बनाने में प्रियंका गांधी की अहम भूमिका रही, जिस सरकार को प्रियंका गांधी ने बनाया उसे सरकार को परिंदा भी पर नहीं मार सकता। उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार के नेता हिमाचल आकर आपदा में गबन की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार आरोप लगाने के स्थान पर यह बताए कि आपदा में क्या मदद की। बागियों पर निशाना साधते हुए कहा कि किसी भी कीमत पर बिकने वालों को विधानसभा की दहलीज लांघने नहीं देंगे। भाजपा ने राज्य की कांग्रेस सरकार को गिराने की कोशिश की। लेकिन प्रदेश में सरकार पूरी तरह स्थिर और टिकाऊ हैं और पांच साल चलेगी।