हिमाचल: भूस्खलन से चार घंटे बंद रहा मनाली-लेह मार्ग, धर्मशाला में झमाझम बारिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में येलो अलर्ट के बीच मंगलवार को मनाली-लेह मार्ग भूस्खलन होने से चार घंटे बाधित रहा। कांगड़ा जिला के धर्मशाला, पालमपुर और नूरपुर में मंगलवार को बादल झमाझम बरसे। राजधानी शिमला में शाम के समय बूंदाबांदी हुई। बुधवार और वीरवार को भी प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पूरे प्रदेश में 24 अगस्त तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। मंगलवार को दिन के समय मौसम साफ रहने से अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिला की कई सड़कों में भूस्खलन व पत्थर गिरने का सिलसिला लगातार जारी है।
सोमवार रात से लेकर मंगलवार सुबह हुई बारिश से मनाली-लेह मार्ग मूलिंग पुल के समीप बड़े-बड़े पत्थर गिरने से करीब चार घंटे अवरुद्ध रहा। इससे मनाली-लेह मार्ग पर यातायात बंद रहने से दर्जनों वाहन फंस गए। बीआरओ ने दोपहर बाद मार्ग को बहाल किया। जिला कुल्लू में हुई बारिश से आधा दर्जन सड़कें प्रभावित हुई हैं। सैंज घाटी में न्यूली-शैंशर सड़क का डंगा गिरने से घाटी के किसानों-बागवानों की परेशानी बढ़ गई है। उधर, मंगलवार को ऊना में अधिकतम तापमान 33.7, बिलासपुर में 33.5, हमीरपुर में 33.2, भुंतर में 33.0, कांगड़ा में 32.5, चंबा में 32.4, सुंदरनगर में 32.2, सोलन में 31.0, केलांग में 27.9, धर्मशाला में 27.5, शिमला में 26.4, कल्पा में 25.8 और डलहौजी में 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।
सोमवार रात से मंगलवार सुबह आठ बजे तक कहां कितनी बारिश (एमएम में)
धर्मशाला 73
पालमपुर 38
नाहन 32
नयनादेवी 28
जोगिंद्रनगर 15
पांवटा 11
ऊना 09
डलहौजी 08
रेणुका 07
सराहन 06
ठियोग 03