हिमाचल: अस्पतालों की ओपीडी बंद, कार्यालयों में स्टाफ घटाकर 50 फीसदी किया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में कोरोना वायरस के दो पॉजिटिव मामले आने के बाद जयराम सरकार और सख्त हो गई है। सरकार ने अगले आदेश तक आईजीएमसी, टांडा और नेरचौक मेडिकल कॉलेज की ओपीडी बंद करने का फैसला लिया है। इन तीनों अस्पतालों में कोरोना के मरीज रखे जाने हैं और साथ ही यहां पर टेस्ट फैसिलिटी है, ऐसे में स्टाफ पर दबाव कम करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। इसके अलावा सभी सरकारी व निजी कार्यालयों, उद्योगों व फैक्ट्रियों में तृतीय व चतुर्थ श्रेणी स्टाफ घटाकर 50 फीसदी करने के निर्देश दिए हैं।
14 दिन तक निगरानी पर रहेंगे दूसरे राज्यों से आने वाले हिमाचली
कांगड़ा जिले में विदेश से आए जिन दो लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है, उनके संपर्क में दिल्ली से हिमाचल तक 50 लोग आए थे। सरकार ने इसकी मैपिंग कर उन्हें 14 दिन घर में रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उनका स्वास्थ्य विभाग की टीमों से सीधा संपर्क करा दिया गया है। यदि किसी की तबीयत खराब होती है या फिर उसमें कोरोना के लक्षण मिलते हैं तो उसका टेस्ट कराया जाएगा।
अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि सरकार ने फैसला लिया है कि प्रदेश के बाहर से जो भी हिमाचली आ रहे हैं, उन्हें भी 14 दिन तक घरों में रहने को कहा गया है। ऐसे लोग घर में रहें, इसे सुनिश्चित करने के लिए अब ग्राम पंचायतों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मदद ली जाएगी। बताया कि शनिवार को 12 नए केस टेस्ट किए गए और सभी निगेटिव पाए गए थे। आज तक 1030 केस सर्विलांस में रखे गए। उनमें 387 ने 28 दिन का निगरानी का समय पूरा कर लिया। 515 अब भी सर्विलांस में हैं।
जरूरत के अनुसार वितरित कर रहे पूरी बॉडी के कवर
धीमान ने कहा कि सामान्य समय में चीन से डॉक्टरों को पूरी तरह कवर करने वाली किट (पीपीई) आती थी, लेकिन अभी कुछ कमी आई थी। सरकार व केंद्र के मंजूरी देने के बाद उनका उत्पादन प्रदेश में शुरू हो गया है।
एक हजार किट पहुंच गई हैं, जिन्हें जरूरत के अनुसार मुहैया कराया जा रहा है। यह किट सिर्फ लक्षण वाले और पुष्ट मरीजों का इलाज करने वाले डाक्टरों के लिए जरूरी है।
मास्क के लिए परेशान न हों लोग
एसीएस ने कहा कि आम लोगों को मास्क के लिए ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है। अगर किसी को फ्लू या खांसी-जुकाम है तो वह मास्क पहन ले। बाकी स्वस्थ लोगों को मास्क पहनने की जरूरत नहीं है।
कहा कि मास्क दस रुपये और सैनेटाइजर की 200 मिलीलीटर की बोतल सौ रुपये से ज्यादा की न बिकना सुनिश्चित करें। मास्क और सैनेटाइजर की कालाबाजारी न होना सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देकर छापा मारने के लिए कहा गया है।
सांस लेने में परेशानी वाले सभी मरीजों का होगा कोरोना टेस्ट
कोरोना वायरस की प्रदेश में दस्तक के साथ ही सरकार ने टेस्टिंग प्रोटोकॉल में बदलाव कर दिया है। बदलाव के बाद अब अस्पतालों में भर्ती सांस लेने में परेशानी वाले मरीजों के भी कोरोना टेस्ट किए जाएंगे। साथ ही विदेश से आने वालों को 28 दिन की निगरानी टीम में रखा जाएगा। साथ ही कोरोना मरीज के करीबी लोगों के भी टेस्ट किए जाएंगे।
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने बताया कि इसके अलावा जिनमें लक्षण नहीं होंगे उनको भी 14 दिन तक घर में नजरबंद रखा जाएगा। पत्रकार वार्ता के दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव ने माना कि संसाधनों की कमी व चूक की वजह से ही विदेश से आने वाले यात्री या तो एयरपोर्ट में कोरोना पीड़ित होने पर पकड़े नहीं जा सके या फिर उनकी सूचना समय से प्रदेश को नहीं मिल सकी।
प्रदेश सरकार ने यह मुद्दा केंद्र के साथ उठाया है। धीमान ने बताया कि बीएस 4 और बीएस 6 की वजह से एंबुलेंस संचालन में कुछ दिक्कत आई थी लेकिन अब सारी दिक्कतें दूर कर ली गई हैं। 49 नई 104 एंबुलेंस हर रणनीतिक जगह पर तैनात कर दी गई है। साथ ही अगले कुछ दिन में सौ नई एंबुलेंस सेवाएं देने लगेंगी जिसके बाद कंडम व ब्रेकडाउन की वजह से आ रही एंबुलेंस की कमी दूर हो जाएगी।
नहीं हटेगा तबादलों से बैन
एक सवाल के जवाब में धीमान ने बताया कि 31 मार्च को खत्म हो रहे तबादलों पर प्रतिबंध को फिलहाल नहीं हटाया जाएगा। सरकार का इस ओर ध्यान है और कोरोना के चलते फिलहाल सरकार इस बैन को हटाने का कोई विचार नहीं कर रही। वहीं, उन्होंने कहा कि लोगों में कमी की वजह से भी कोरोना के मामलों में चूक देखने को मिल रही है। इसलिए अब फिर से ग्राम पंचायत से लेकर हर स्तर पर लोगों को विभिन्न तरह के प्रचार माध्यम के जरिये जागरूक बनाया जाएगा।
पर्यटन निगम के होटल बंद, हवाई सेवा भी जल्द होगी
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने बताया कि पर्यटन निगम के होटलों को बंद करने के निर्देश दे दिए गए हैं। निजी होटल-रेस्त्रां को बंद करने को लेकर भी सरकार विचार कर रही है। इसके अलावा प्रदेश में आने वाली हवाई सेवा को भी बंद करने के लिए केंद्र सरकार व एलायंस एयर के साथ पत्राचार किया जा रहा है।