उपचुनाव: प्रचार के अंतिम दिन जुब्बल-कोटखाई में मोर्चा संभालेंगे केंद्रीय मंत्री अनुराग
अनुराग ठाकुर जुब्बल-कोटखाई के अंटी में जनसभा करेंगे। भाजपा उपचुनाव प्रबंधन समिति ने बताया कि चुनावी रणनीति के तहत अनुराग का यह कार्यक्रम बनाया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रदेश की हॉट सीट बन चुकी जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में प्रचार के अंतिम दौर में भाजपा ने ताकत झोंक दी है। हिमाचल के स्टार प्रचारकों में शामिल केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर चुनाव प्रचार के अंतिम दिन 27 अक्तूबर को जुब्बल-कोटखाई में मोर्चा संभालेंगे। अनुराग ठाकुर अंतिम दिन जुब्बल-कोटखाई के अंटी में जनसभा करेंगे। भाजपा उपचुनाव प्रबंधन समिति ने बताया कि चुनावी रणनीति के तहत अनुराग का यह कार्यक्रम बनाया गया है। इससे पहले सोमवार से प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे।
वह 25 और 26 अक्तूबर को जुब्बल-कोटखाई के खड़ापत्थर, झालड़ी और टिक्कर खशैण में कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप भी 25 अक्तूबर को जुब्बल-कोटखाई के प्रवास पर रहेंगे। उल्लेखनीय है कि भाजपा से बगावत कर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव में ताल ठोक चुके चेतन बरागटा का गुट प्रचार के शुरुआती दौर में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और संगठन महामंत्री पवन राणा समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं का परोक्ष रूप से समर्थन हासिल करने का दावा कर रहा था।
लेकिन प्रचार के आगे बढ़ने के साथ ही सह प्रभारी संजय टंडन के क्षेत्र में दौरे के बाद हालात बदलना शुरू हो गए। संगठन महामंत्री पवन राणा क्षेत्र में पिछले पांच दिन से डेरा जमाए हुए हैं और संगठन को नए सिरे से खड़ा करने में जुटे हैं। आधा दर्जन लोगों की एक आईटी टीम को भी सोशल मीडिया पर भाजपा के प्रचार-प्रसार के लिए तैनात किया गया है। अब अंतिम दिनों में बड़े नेताओं के दौरे कराकर यह स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि पार्टी का हर नेता अपने प्रत्याशी के ही साथ खड़ा है।