फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   JP Nadda rally in dharamshala, BJP workers arrived with musical instruments

Himachal: धर्मशाला में गरजे जेपी नड्डा, बोले- केंद्र ने हिमाचल को दिए 1,782 करोड़, प्रदेश सरकार बैक गियर पर

Sat, 03 Feb 2024 09:52 PM IST
Krishan Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, धर्मशाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, धर्मशाला Published by: Krishan Singh Updated Sat, 03 Feb 2024 09:52 PM IST
सार

नड्डा ने हिमाचल सरकार को घेरते हुए कहा कि पीएम मोदी ने आपदा के दौरान 1,782 करोड़ रुपये दिए, लेकिन सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू बोल रहे हैं कि केंद्र से मदद नहीं मिली। 

विज्ञापन
JP Nadda rally in dharamshala, BJP workers arrived with musical instruments
धर्मशाला पहुंचने पर जेपी नड्डा का जोरदार स्वागत - फोटो : संवाद

विस्तार

 भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को धर्मशाला में चुनावी धार देते हुए विपक्ष पर बड़ा हमला बोला। जोरावर स्टेडियम में अभिनंदन समारोह और जनसभा में उन्होंने विपक्ष के गठजोड़ को परिवार बचाने का गठजोड़ बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के आधे नेता जेल में और आधे बेल पर बाहर हैं। बाकी नेता भी जेल जाने की तैयारी में हैं। नड्डा ने हिमाचल सरकार को घेरते हुए कहा कि पीएम मोदी ने आपदा के दौरान 1,782 करोड़ रुपये दिए, लेकिन सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू बोल रहे हैं कि केंद्र से मदद नहीं मिली। नड्डा ने प्रदेश सरकार को बैक गियर सरकार करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की जयराम सरकार ने जनहित में शिक्षण व स्वास्थ्य संस्थान, तहसील-उपतहसीलें और कार्यालय खोलने का काम किया। सुक्खू सरकार ने सत्ता संभालते ही उन्हें बंद करवा दिया। 19 डिग्री कॉलेजों व 286 स्कूलों समेत सुक्खू सरकार ने खोले गए 620 संस्थानों व कार्यालयों की अधिसूचना को वापस लेने का काम किया है। हिमकेयर योजना कांग्रेस के शासन में हांफ चुकी है। 200 करोड़ की देनदारी खड़ी होने से योजना का लाभ लोगों को नहीं मिल रहा है।

विज्ञापन


विज्ञापन

उन्होंने आपदा राहत के मुद्दे पर कांग्रेस और सुक्खू सरकार को कटघरे में खड़ा किया। कहा कि बार-बार केंद्र से सहयोग न मिलने के आरोप सत्तापक्ष लगा रहा है। सच्चाई कुछ और है। प्रदेश में जब आपदा आई तो सबसे पहले भाजपा और उसकी सरकार के नुमाइंदे हिमाचल पहुंचे। चुनाव में वोट मांगने आए कांग्रेस के न तो भैया आए और न ही उनकी बहन इस दौरान हिमाचल आए। उन्होंने केंद्र सरकार से आपदा राहत के लिए मिले बजट का सिलसिलेवार ब्योरा देते हुए कहा कि मोदी सरकार 1,782 करोड़ का सहयोग विभिन्न मदों में हिमाचल को दे चुकी है। आपदा पीड़ितों के लिए 11 हजार घरों की मंजूरी भी दी। दुख की बात है कि अब कांग्रेस सरकार आपदा राहत व पुनर्वास के संसाधनों का इस्तेमाल ...अंधा बांटे रेवड़ी अपनो-अपनों को ही दे... की तर्ज पर कर रही है। चुनावी गारंटियों पर भी प्रदेश सरकार को घेरते हुए उन्होंने चुटकी ली कि काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती।
विज्ञापन
विज्ञापन


विकास की छलांग मारकर आत्मनिर्भर हो रहा भारत
नड्डा ने कहा कि हर क्षेत्र में विकास की लंबी छलांग मारकर भारत आत्मनिर्भरता की ओर से तेजी से बढ़ रहा है। भ्रष्टाचार, पिछलग्गू और कमजोर छवि को पीछे छोड़ भारत अब गौरवशाली देश बन गया है। उन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सशक्त सरकार बनाने की अपील भी की। नड्डा ने कहा कि 2014 के बाद भारत का डंका पूरी दुनिया में बज रहा है। प्रधानमंत्री ने जाति और वोट बैंक की राजनीति की संस्कृति को बदलकर रख दिया है। दूरियां समाप्त कर समाज के सभी वर्गों का सशक्तीकरण ही अब देश की राजनीतिक संस्कृति है। जब भी चुनाव आते हैं विपक्ष को जातिगत गणना की याद आ जाती है। हम इसके विरोधी नहीं हैं। लेकिन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी, समाज के इन प्रमुख वर्गों को ही सर्वोपरि मानकर काम किया है। केंद्र की सभी योजनाएं इन्हीं को ताकत दे रहीं हैं।

परिवार बचाओ, प्रॉपर्टी बचाओ और भ्रष्टाचारियों का जमावड़ा
नड्डा ने विपक्षी गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह तीन बातों का गठबंधन है। परिवार बचाओ, प्रॉपर्टी बचाओ और भ्रष्टाचारियों का जमावड़ा। इंडी गठबंधन में जुड़े कांग्रेस समेत सभी पार्टियों की राजनीति इन्हीं तीन बातों के इर्द-गिर्द रही है। सांसद डीके सुरेश के बयान का जिक्र करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा कि डीके सुरेश देश तोड़ने, अलग देश बनाने की बात कर रहे हैं लेकिन, कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत उसका कोई भी नेता एक शब्द बोलने को तैयार नहीं है। इसलिए, कांग्रेस नेता राहुल गांधी की न्याय यात्रा को भारत तोड़ो अन्याय यात्रा कहा जा सकता है। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को गौरवशाली बताते हुए कहा कि 500 साल के संघर्ष की जीत को देखने का सौभाग्य हमें मिला है। उन्होंने पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न देने के केंद्र सरकार के फैसले पर खुशी जता उन्हें मंच से ही बधाई दी।


आला नेता रहे मौजूद
समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन, लोकसभा चुनाव प्रभारी श्रीकांत शर्मा, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद किशन कपूर, सुरेश कश्यप, इंदु गोस्वामी व डाॅ सिकंदर, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, कांगड़ा-चंबा प्रभारी विपिन सिंह परमार, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर आदि भाजपा नेता व पार्टी पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।



 

JP Nadda rally in dharamshala, BJP workers arrived with musical instruments
जेपी नड्डा ने गाय को गुड़ भी खिलाया - फोटो : संवाद

जेपी नड्डा ने गांव चलो अभियान का शुभारंभ किया 
जनसभा के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने जिया पोलिंग बूथ संख्या 5/19 भरवाना से गांव चलो अभियान का शुभारंभ किया।  इस कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने गांव की जनता के साथ भेंट की, एक बूथ की बैठक ली और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ बातचीत की। यह जानकारी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने दी। इस कार्यक्रम को राष्ट्र स्तर पर किसान मोर्चा के नेतृत्व में चलाया जा रहा है और हिमाचल के किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संजीव देष्टा इस कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर जेपी नड्डा ने गाय को गुड़ भी खिलाया और गांव के लोगों की स्थानीय वस्तुओं का प्रारूप भी देखा। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद इंदु गोस्वामी, केंद्र मंत्री अनुराग ठाकुर व  प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर विशेष रूप में उपस्थित रहे।

कांग्रेस मोहब्बत की दुकान में बेच रही नफरत का सामान: अनुराग
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर शनिवार को धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में आयोजित रैली में कहा कि कांग्रेस अपने सहयोगी दलों के साथ ही न्याय करने में असमर्थ है। इनकी मोहब्बत की दुकान में सिर्फ नफरत नजर आती है। आज एक-एक करके इनके साथी इनको छोड़ रहे हैं। ममता कह रही हैं कि पश्चिम बंगाल में तो कांग्रेस का खाता भी नहीं खुलेगा। 2014 और 2019 में देश की जनता ने बता दिया है कि उन्हें भ्रष्टाचार करने वाले नहीं चाहिए। 2024 में एक बार फिर देश की जनता नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा को पहले से भी ज्यादा सीटों से जिताएगी।
 

अनुराग ने कहा कि हम दसवीं बड़ी अर्थव्यवस्था से पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बने हैं। जल्द विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेंगे। अनुराग ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की गारंटियां और सरकार दोनों फेल हो चुकी हैं। अनुराग ने कहा कि वह आज जोरावर स्टेडियम से भविष्यवाणी करते हैं कि हिमाचल में चारों सीटों पर भाजपा जीत हासिल करेगी और कांग्रेस का खाता तक नहीं खुलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार धर्मशाला के लोगों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। केेंद्र सरकार ने सीयू के 280 करोड़ के बजट को बढ़ाकर 580 करोड़ किया है। लेकिन सुक्खू सरकार वन विभाग में 30 करोड़ रुपये तक जमा नहीं करवा पा रही। केंद्र ने आपदा के दौरान हिमाचल प्रदेश को 1782 करोड़ की आर्थिक सहायता दी। जबकि प्रदेश सरकार इससे मुकर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed