Shimla News: जेओए आईटी अभ्यर्थियों का सचिवालय के बाहर फूटा गुस्सा, परिणाम जारी नहीं होने से नाराज
जेओए आईटी के दो से तीन लिखित परीक्षाएं पास कर चुके अभ्यार्थी राहुल, पुष्पलता ने कहा कि जेओए आईटी पेपर के लिए पिछले पांच सालों से लाइब्रेरी में बैठकर दिन रात एक कर तैयारियां कीं। नियुक्ति के लिए अब सचिवालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जेओए आईटी अभ्यर्थियों का सचिवालय के बाहर उस समय गुस्सा फूटा, जब उन्हें सचिवालय में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह नजर नहीं आए। इनमें कई अभ्यर्थियों ने जेओए आईटी परीक्षा उत्तीर्ण की है। लेकिन मामला सुप्रीम कोर्ट के विचारधीन होने के कारण रिजल्ट घोषित नहीं हो रहा है। यह अभ्यर्थी सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में पैरवी की मांग कर रहे हैं। नौकरी पाने के लिए यह चार बार सचिवालय पहुंच गए हैं। शुक्रवार को सुबह 10 बजे से यह अभ्यर्थी मुख्यमंत्री के इंतजार में खड़े रहे, मगर उनके नहीं पहुंचने पर यह गुस्से से लाल हो गए। महिला अभ्यर्थी फूट-फूटकर रोने लगीं, युवक गुस्से से लाल सरकार पर बरस पड़े। अभ्यर्थियों ने कहा कि पूर्व जयराम सरकार ने भी तीन साल तक बेवकूफ बनाकर रखा। बेरोजगारों का मजाक बना दिया है। अब तो ऊपर वाला ही हमारी मेहनत को जानता है, वही हमें नौकरी देगा। जेओए आईटी के अभ्यथियों ने यहां तक कह दिया कि सिस्टम ने हमें ये आंसू दिए हैं।
हम क्रिमिनल नहीं, कमीशन पास करना इतना आसान नहीं है। गुस्साएं अभ्यार्थियों ने यहां तक कह दिया कि सरकारी परीक्षा पास करते-करते हालत खराब हो गए हैं। अब हर कमीशन का सिलेबस भी बढ़ता जा रहा है। इतना पढ़कर परीक्षा पास करने के बाद भी नौकरियां नहीं हैं। कई अभ्यर्थियों ने सुसाइड तक की बात कह दी। अभ्यर्थियों का आरोप है कि पिछले तीन सालों से केस हाईकोर्ट और सुप्रीम में ही लटक रहा है। जिससे जेओए आईटी पोस्ट कोड 817 के एक लाख से ज्यादा अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं। पिछली सरकार ने जो आरएंडपी रूल बनाए हैं उसका खामियाजा सभी अभ्यर्थियों को भुगतना पड़ रहा है। जेओए आईटी के दो से तीन लिखित परीक्षाएं पास कर चुके अभ्यार्थी राहुल, पुष्पलता ने कहा कि जेओए आईटी पेपर के लिए पिछले पांच सालों से लाइब्रेरी में बैठकर दिन रात एक कर तैयारियां कीं। नियुक्ति के लिए अब सचिवालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
25 जनवरी को सरकार सुप्रीम कोर्ट में दायर करेगी एप्लीकेशन: सीएम
सचिवालय के बाहर ठंड से ठिठुर रहे इन अभ्यथियों से शाम के वक्त मुख्यमंत्री मिले। मुख्यमंत्री सुक्खविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि 25 जनवरी को सरकार सुप्रीम कोर्ट में एप्लीकेशन दायर करेगी। वहीं जेओए की भर्ती पर जल्द कोई अंतिम फैसला देने की गुहार कोर्ट से लगाएंगी। सीएम के आश्वासन के बाद जेओए के अभ्यार्थी शांत हुए और घर चले गए।