Kullu Floods: हिमाचल के कुल्लू में केंद्रीय टीम ने लोगों से लिया नुकसान का फीडबैक
पहले दिन टीम ने भुंतर, भूतनाथ पुल, बाशिंग, पतलीकूहल, सेउबाग पुल, मणिकर्ण, डोहलूनाला, जगतसुख, हाथीथान, मनाली और कसोल का दौरा किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
केंद्रीय टीम ने 9 और 10 जुलाई को ब्यास व पार्वती नदी में बाढ़ से हुए नुकसान का गुरुवार को जायजा लिया। पहले दिन टीम ने भुंतर, भूतनाथ पुल, बाशिंग, पतलीकूहल, सेउबाग पुल, मणिकर्ण, डोहलूनाला, जगतसुख, हाथीथान, मनाली और कसोल का दौरा किया। टीम ने क्षतिग्रस्त मकानों-दुकानों का निरीक्षण करने के साथ-साथ प्रभावित परिवारों से बातचीत कर आपदा के बारे में जानकारी लेकर नुकसान का फीडबैक लिया। सड़क, पुल, पेयजल और विद्युत समेत अन्य परियोजनाओं को पहुंचे नुकसान का भी आकलन किया।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के वित्तीय सलाहकार रविनेश कुमार के नेतृत्व वाली इस टीम में केंद्रीय जल आयोग के निदेशक पीयूष रंजन, केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के निदेशक आरके मीणा और वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग के उप निदेशक महेश कुमार शामिल रहे। विशेष सचिव एवं निदेशक राजस्व तथा आपदा प्रबंधन डीसी राणा और उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग समेत जिले के अन्य आला अधिकारी भी उपस्थित रहे। रविनेश कुमार ने बताया कि इस टीम को चार-चार सदस्यों के साथ दो भागों में बांटा है। ए
क टीम मंडी, कुल्लू के दौरे पर है जबकि दूसरी सोलन, शिमला और किन्नौर जिलों का दौरा कर नुकसान का जायजा ले रही है। उनकी टीम हिमाचल में क्षति का जायजा लेने के बाद केंद्र सरकार को यहां की वस्तुस्थिति से अवगत कराएगी, जिसके बाद सरकार मुआवजे पर फैसला लेगी। उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने सुबह के समय हुई बैठक में बाढ़ से हुए नुकसान की रिपोर्ट प्रस्तुत की। उपायुक्त ने बताया कि सभी विभागों को मिलाकर जिले में अभी तक 728 करोड़ रुपये का नुकसान आंका गया है। इसमें एनएचएआई और निजी संपत्ति के नुकसान को शामिल नहीं किया गया है। इसके अलावा शाम को टीम ने शिमला जिले के रोहड़ू व जुब्बल-कोटखाई व ठियोग में भी नुकसान का आकलन किया।
नुकसान का जायजा लेने आए केंद्रीय दल की सीएम के साथ हो सकती है बैठक
हिमाचल में नुकसान का जायजा लेने आए केंद्रीय दल की शुक्रवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साथ बैठक हो सकती है। हालांकि, मुख्यमंत्री का शुक्रवार को ही रिकांगपिओ जाना तय हुआ है। वह शाम को शिमला लौटेंगे। बताया जा रहा है कि उनका यह दौरा मौसम पर निर्भर रहेगा। उनके लौटने पर यह बैठक हो सकती है। उल्लेखनीय है कि बाढ़ से हिमाचल में अब तक 4984.99 करोड़ रुपये का आकलन किया जा चुका है। जिलों से नुकसान की रिपोर्ट आनी जारी है। सरकार का मानना है कि यह आंकड़ा आठ हजार करोड़ रुपये तक जा सकता है।
मौसम खराब होने से रद्द हुआ सीएम का ताबो का दौरा
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को ताबो जाना था। उन्होंने वहां नुकसान का जायजा लेना था। मौसम खराब होने के कारण उनका दौरा रद्द हो गया।
खनन माफिया को किसका संरक्षण: जयराम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में माफिया राज हावी है। माफिया अब पुलिस को भी नहीं छोड़ रहा है। आख़िर किस तरह के ताकतवर लोगों का इन्हें संरक्षण प्राप्त है। पूर्व सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री को सामने आकर प्रदेश को यह बताना चाहिए कि आखिर गुंडातंत्र कैसे पुलिस को क़ाबू करना चाह रहा है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि नदी-नाले उफान पर हैं, जिस वक्त नदी नालों के पास भी जाने की मनाही हैं, उस वक्त खनन माफिया नदियों में अवैध रूप से खनन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ज्वालामुखी के खुंडिया के साथ लगते नुकेड़ खड्ड में अवैध खनन कर रहे लोगों को जब पुलिस ने रोका तो उन्हीं के ऊपर हमला कर दिया।