IND vs SA: मैच रद्द होने के बाद एचपीसीए ने टिकटों को लेकर लिया बड़ा फैसला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
धर्मशाला में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वन डे सीरीज का पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया। करीब सवा 4 घंटे भीगने के बाद स्टेडियम में पहुंचे हजारों क्रिकेट प्रेमी निराश होकर बाहर लौटे। लेकिन एचपीसीए ने दर्शकों को बड़ी राहत दी है।
एचपीसीए के सचिव मोहित सूद ने बताया कि दर्शकों को टिकट के पैसे वापस मिल जाएंगे। ऑनलाइन टिकट लेने वाले दर्शकों को पेटीएम की वेबसाइट पर ही पैसे वापस होंगे। काउंटर पर टिकट लेने वाले दर्शकों को काउंटर पर ही पैसे वापस होंगे।
25 फीसदी भरा था स्टेडियम
कोरोना वायरस और बारिश के पूर्वानुमान के चलते टिकटों की बिक्री कम हुई थी। मैच देखने कम ही लोग आए थे। करीब 23 हजार की क्षमता वाले स्टेडियम में 25 फीसदी ही क्रिकेट प्रेमी मौजूद थे।
कोरोना से बचाव के लिए किया जागरूक
कोरोना वायरस से बचाव के लिए स्टेडियम गाइडलाइन भी लगी थीं, दर्शकों को मशीनों से चेक कर भीतर आने दिया जा रहा था। खिलाड़ियों के जरिये भी जागरूक किया गया। उधर लखनऊ में 15 मार्च को होने वाले दूसरे वन डे मैच में दर्शक नहीं होंगे।
थर्मस सेंसर थर्मोमीटर से जांच के बाद दर्शकों को दिया गया प्रवेश
वहीं, कोरोनावायरस को वैश्विक महामारी घोषित करने के बाद भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच के दौरान इसका असर देखने को मिला। एचपीसीए स्टेडियम में प्रवेश होने वाले दर्शकों की स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने थर्मल सेंसर थर्मोमीटर से जांच की गई। जांच के बाद ही दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश करने की अनुमति दी गई। इसके अलावा स्टेडियम के आसपास कोरोना वायरस के बचाव के बड़े-बड़े बैनर और होर्डिंग लगाए गए थे।
एचपीसीए के सचिव की रिकॉर्ड सूचना को जागरूकता की दृष्टि से बार-बार सुनाया जा रहा था। एचपीसीए प्रबंधन ने एक दिवसीय मैच के लिए 10 थर्मल सेंसर थर्मोमीटर की व्यवस्था की गई थी, जिससे दर्शकों की जांच की गई। वहीं, बारिश के चलते एचपीसीए ने दर्शकों को कोरोना वायरस के बचाव के लिए दिए गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को भी स्क्रीन पर दिखाया, जो जन औषधि दिवस पर दिया गया था।
उपायुक्त कांगड़ा राकेश प्रजापति ने बताया कि भारत-दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट मैच को लेकर पहले से स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए थे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी गुरदर्शन ने बताया कि केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों पर कोरोना वायरस को लेकर काम किया जा रहा है। मैच देखने आए दर्शकों की थर्मल सेंसर थर्मोमीटर से जांच की गई।
मास्क में दिखे दर्शक और कई पुलिस जवान
कोरोना वायरस के चलते स्टेडियम में कई दर्शक और पुलिस जवान मास्क लगाकर आए थे। दर्शक और पुलिस जवानों ने अपने-अपने बचाव के लिए मास्क पहनकर स्टेडियम में आए।
सुबह का उत्साह दोपहर होते हो गया ठंडा
भारत-दक्षिण अफ्रीका एकदिवसीय मैच में बारिश का साया पूरा दिन मंडराता रहा। बावजूद क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह जरा भी कम नहीं हुआ। बारिश के बीच भी कई दर्शक स्टेडियम में बैठे रहे। करीब चार बजे तक दर्शकों ने स्टेडियम में बिना खिलाड़ियों के भी हूटिंग से रोमांच बनाए रखा। भारतीय खिलाड़ियों को देखने के लिए क्रिकेट प्रेमियों ने करीब चार घंटे तक स्टेडियम में इंतजार किया। खिलाड़ियों के देखने के लिए दर्शक भारी मात्रा में सुबह ही स्टेडियम के अंदर पहुंच गए थे।
वहीं, मैच दोपहर 2 बजे शुरू होना था। दर्शकों पर क्रिकेट का बुखार इतना था कि कई लोग स्टेडियम के बाहर गेट पर सुबह 10 बजे ही पहुंच गए थे। बारिश से बचने के लिए दर्शक रेनकोट पहनकर आए थे। कारोना वायरस से बचने के लिए मास्क भी पहने थे। मैच देखने आए दर्शकों को आखिर में निराश होना पड़ा। कुछ दर्शकों ने तो यहां तक कह दिया कि धर्मशाला स्टेडियम मैच देखने नहीं बल्कि पर्यटकों के लिए घूमने के लिए ही ठीक है।
विशेष विमान से रवाना होंगी दोनों टीमें
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में एकदिवसीय मैच के लिए पहुंची भारत-दक्षिण अफ्रीका की टीमें शुक्रवार को विशेष विमान से रवाना होंगी। दोनों ही टीमें सुबह 11 बजे गगल एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना होंगी, जहां पर दोनों टीमें 15 मार्च को भारत-साउथ अफ्रीका तीन मैचों की सीरीज का दूसरा मैच खेलेंगी।