HP Board 10th Result: परीक्षा परिणाम घोषित, मेरिट लिस्ट के लिए अभी इंतजार
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। प्रदेश का परिणाम 99.7 प्रतिशत रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने सोमवार को 10वीं कक्षा के नतीजे घोषित कर दिए हैं। कोविडकाल में विद्यार्थियों को प्रमोट करने के बाद घोषित किया गया रिजल्ट 99.7 फीसदी रहा है। पहली बार किसी भी विद्यार्थी को कंपार्टमेंट नहीं आई है। 8014 विद्यार्थियों ने 90 से 100 फीसदी के बीच अंक लिए हैं। इनमें सरकारी स्कूलों के 1310 और प्राइवेट स्कूलों के 6704 विद्यार्थी शामिल हैं। पिछले वर्ष इस कैटेगिरी में 3098 विद्यार्थी शामिल थे, जिनमें से सरकारी स्कूलों के 858 और प्राइवेट स्कूलों के 2240 छात्र-छात्राएं शामिल थे।सोमवार सुबह से दोपहर तक नतीजे घोषित करने को लेकर कभी हां तो कभी ना का सिलसिला चलता रहा लेकिन शाम होते-होते नतीजे घोषित कर दिए।
हालांकि, अभी मेरिट लिस्ट के लिए विद्यार्थियों को इंतजार करना पड़ेगा। इसके पीछे कोर्ट केस और अंक सुधारने के लिए मौका देने की दलील दी जा रही है। 10वीं कक्षा में 1,16,784 थे, जिनमें से 1,16,286 को उत्तीर्ण घोषित किया गया है। 149 विद्यार्थी अनुपस्थित पाए गए हैं। बोर्ड ने इस रिजल्ट को अपनी वेबसाइट पर भी अपलोड कर दिया है, जहां परिणाम देखा जा सकता है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले बोर्ड की ओर से निकाले गए 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम वर्ष 2020 में 68.11 और वर्ष 2019 में 60.79 फीसदी रहा था, जो वर्ष 2021 के मुकाबले बहुत कम था। नौवीं कक्षा, प्रैक्टिकल, इंटरनल असेसमेंट, फर्स्ट और सेकेंड टर्म इग्जाम, प्री-बोर्ड और बोर्ड की ओर से लिए गए हिंदी विषय के पेपर का मूल्यांकन करवाकर परिणाम तैयार किया गया है।
12 जुलाई को 10वीं कक्षा का हिंदी, 12वीं का अंग्रेजी का पेपर होगा
बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि अगर कोई विद्यार्थी रिजल्ट से संतुष्ट नहीं होगा तो उसे अगस्त और सितंबर में अंक सुधारने का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोविड के चलते जो विद्यार्थी परीक्षा नहीं दे पाए हैं, उन्हें भी बोर्ड मौका देगा। 12 जुलाई को 10वीं कक्षा का हिंदी और 12वीं कक्षा का अंग्रेजी का पेपर लिया जाएगा। जो विद्यार्थी कोविड के चलते परीक्षा में हिस्सा नहीं ले सके थे, वे उस दिन परीक्षा दे सकेंगे। हालांकि, इसके लिए विद्यार्थियों को कोरोना पीड़ित होने का वैध प्रमाण पत्र देना होगा।
छात्र ने हाईकोर्ट में दायर की है रिट पिटीशन
बोर्ड ने 10वीं कक्षा के नतीजे सोमवार सुबह 11:30 बजे घोषित करने थे। एक दिन पहले इसकी सूचना भी दी गई थी। बोर्ड ने कोरोनाकाल में सिर्फ हिंदी विषय की परीक्षा ली थी, जिसके बाद परीक्षाओं को रद्द कर सभी विद्यार्थियों को प्रमोट करना पड़ा था। परीक्षा के दौरान एक छात्र संक्रमित था, जिसके चलते वह पेपर नहीं दे पाया था। छात्र ने बोर्ड की ओर से दिए जाने वाले 33 फीसदी अंकों पर असंतुष्टता जताई थी, जिसके चलते उसने उच्च न्यायालय में रिट पिटीशन दायर की थी। बोर्ड को सोमवार शाम के समय रिजल्ट निकालने के लिए जैसे ही कोर्ट से हरी झंडी मिली, नतीजे घोषित कर दिए गए।
एसओएस का अलग से घोषित होगा परीक्षा परिणाम
राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) के विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम बोर्ड अलग से घोषित करेगा। बोर्ड ने रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसओएस के तहत 14,929 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं।