Himachal Weather: हिमाचल में फिर बिगड़ा मौसम, शिमला सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी, दो की गई जान
प्रदेश में फिर से बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। शनिवार को शिमला के रिज मैदान, माल रोड और प्रदेश की चोटियों पर बर्फबारी व निचले क्षेत्रों में बारिश हुई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उधर, रोहतांग दर्रा के साथ अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर, लाहौल घाटी, जलोड़ी दर्रा, ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क की चोटियों के साथ हामटा व चंद्रखणी, हनुमान टिब्बा, सेवन सिस्टर पीक, शिगरी ग्लेशियर के साथ कुंजम दर्रा व शिंकुला दर्रा में दिन भर रुक-रुक कर बर्फबारी का दौर जारी रहा। नेशनल हाईवे मनाली-लेह, आनी-कुल्लू, शिमला-रामपुर और काजा-ग्रांफू पर आवाजाही ठप रही। ऊपरी हिमाचल में बर्फबारी के कारण दुश्वारियां बढ़ गई हैं। मशोबरा में मार्ग बहाल होने के बाद अब रामपुर से वाया बसंतपुर होकर निगम की बसें शिमला पहुंच रही हैं, जबकि जलोड़ी जोत में भारी बर्फबारी के कारण निरमंड और आनी उपमंडल के हजारों लोगों का जिला मुख्यालय कुल्लू से संपर्क कटा हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने रविवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। प्रशासन से सतर्क रहने की अपील की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।

तीन दिनों के लिए बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान, 4 फरवरी को ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के कई भागों में तीन दिन फिर बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। राज्य में ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से 5 फरवरी तक मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों के कई क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। मैदानी भागों में बारिश की संभावना है। 4 फरवरी को कुल्लू, चंबा, शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिले में भारी बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। इस दौरान शिमला शहर और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना है। वहीं, 3 और 4 फरवरी को राज्य के मैदानी/निचले पहाड़ी और मध्य पहाड़ी जिलों में कुछ स्थानों पर अंधड़ और बिजली चमकने की संभावना है। 4 फरवरी को अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि होने की संभावना है। जबकि 6 फरवरी को उच्च पर्वतीय एक-दो स्थानों पर बारिश-बर्फबारी हो सकती है। 7 फरवरी से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं।
शिमला का न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज
शिमला में न्यूनतम तापमान 1.2, संदरनगर 3.0, भुंतर 2.6, कल्पा -5.6, धर्मशाला 3.2 , ऊना 4.8, नाहन 6.3, पालमपुर 3.5 , सोलन 3.2, मनाली -1.8, कांगड़ा 6.0, मंडी 3.4, बिलासपुर 5.9, हमीरपुर 4.8, डलहौजी -3.1, जुब्बड़हट्टी 4.0., कुफरी -1.4 ,कुकुमसेरी -8.1, नारकंडा -3.7, भरमौर -1.2, रिकांगपिओ -2.6, सेऊबाग 1.5, धौलाकुआं6.7, बरठीं 4.3, समदो -6.1, पांवटा साहिब 9.0, सराहन 0.0 और देहरागोपीपुर में 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
संतोष की बर्फ पर फिसलकर गिरने और अशोक की ठंड से मौत
जिला चंबा के होली में भेड़-बकरियों के लिए चारा लेने गए व्यक्ति की बर्फ पर पांव फिसलकर पहाड़ी से नीचे गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान संतोष कुमार (34) पुत्र मुरली राम निवासी गांव भटाड़ा डाकघर भराड़ी के रूप में हुई है। संतोष कुमार शुक्रवार शाम के समय चारा लाने गया था। अंधेरा होने पर जब वह घर नहीं पहुंचा तो उसकी तलाश शुरू की। गांव से एक किलोमीटर दूर वरेही धार में वह पहाड़ी से नीचे गिरा मिला। वहीं, पर्यटन स्थल डलहौजी के डैनकुंड में दोस्तों संग बर्फबारी का आनंद लेने के लिए गए युवक की बीच रास्ते में तबीयत खराब होने पर वह रेन शेल्टर में ही रुक गया।
उसके दोस्त डैनकुंड के लिए रवाना हो गए। जब लौटे तो युवक अचेत पड़ा था। दोस्त उसे उठाकर सिविल अस्पताल डलहौजी ले आए। यहां पर चिकित्सक ने मृत करार दे दिया। युवक की पहचान शिवम (21) पुत्र अशोक कुमार गांव नगाली, डाकघर बगढ़ार, तहसील डलहौजी के रूप में हुई है। शनिवार को युवक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा गया। उधर, पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि हो सकता है कि कड़ाके की ठंड के चलते युवक की मौत हुई हो। हालांकि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
शिमला मंडल की 67 सड़कें अभी भी बंद
लोक निर्माण विभाग के शिमला मंडल की 67 सड़कें अभी भी बंद हैं। इनमें शिमला की 15, धामी 12 चौपाल 18 और ठियोग क्षेत्र की 22 सड़कें शामिल हैं। ऊपरी शिमला में हुई ताजा बर्फबारी और बारिश के कारण राहत कार्यों में दिक्कते आ रही हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अगर मौसम ठीक रहता है तो 67 में से 50 सड़कों को शाम तक बाहाल कर दिया जाएगा।