Himachal Weather Update: हिमाचल के चार शहरों में पारा 40 के पार, इस दिन से दस्तक दे सकता है प्री मानसून
प्रदेश के चार शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया है। मैदानी व निचले भागों में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में पारा लगातार चढ़ रहा है। प्रदेश के चार शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया है। प्रदेश के मैदानी व निचले भागों में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में 10 जून तक मौसम साफ रहेगा। इस दौरान धूप खिलने से तापमान में और अधिक बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना है। वहीं, प्रदेश में आठ जून से प्री मानसून दस्तक दे सकता है। बुधवार से आठ जिलों में बारिश के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 10 जून तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जताया है। 10 जून को इन क्षेत्रों में बारिश और अंधड़ का येलो अलर्ट भी जारी हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने 20 जून तक प्रदेश में मानसून के प्रवेश करने की संभावना जताई है। ऐसे में आठ जून से प्रदेश में खराब होने वाले मौसम को प्री मानसून की बौछारों से जोड़ा जा रहा है। बीते वर्ष सामान्य से छह दिन पूर्व 13 जून को मानसून हिमाचल पहुंचा था। उधर, सोमवार को प्रदेश के सभी क्षेत्रों में धूप खिली रही। ऊना, हमीरपुर, धौलाकुआं और बरठीं का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रिकॉर्ड हुआ। मैदानी जिलों में गर्म हवाएं चलने से लोगों का दिन के समय घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। बाजारों में भी दिन के समय सन्नाटा हो गया है। मैदानी जिलों के साथ पहाड़ी क्षेत्र भी गर्मी से तप रहे हैं। न्यूनतम तापमान में भी काफी बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश के आठ क्षेत्रों ऊना, शिमला, धर्मशाला, नाहन, कांगड़ा, बिलासपुर, डलहौजी, पालमपुर में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया है।
अधिकतम तापमान
ऊना में अधिकतम तापमान 44.2, हमीरपुर 40.1, बिलासपुर 40.0, धौलाकुआं 40.7, बरठीं 40.4, कांगड़ा 39.7, नाहन 38.7, धर्मशाला 37.5, शिमला 28.4, चंबा 38.6, केलांग 22.1, पालमपुर 34.5, भुंतर 37.0, सुंदरनगर 38.7, कल्पा 25.3 और सोलन में 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 20.1, सुंदरनगर 17.6, भुंतर 17.0, कल्पा 10.2, धर्मशाला 24.2, ऊना 22.7, नाहन 25.9, केलांग 8.8, पालमपुर 21.5, सोलन 17.6, मनाली 14.8, कांगड़ा 22.2, मंडी 18.6, बिलासपुर 23.0, हमीरपुर 19.2, चंबा 19.3, डलहौजी 20.8, कुफरी 18.0, नारकंडा 14.0, कोटखाई 9.6, रिकांगपिओ 14.7, धौलाकुआं 22.2, बरठीं 17.6, जुब्बड़हट्टी 24.2 और पांवटा साहिब में 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।